The Lallantop

UP: पिंक बूथ के सामने तड़पता रहा युवक, इलाज के दौरान मौत, पुलिस पर लापरवाही के आरोप

Ghaziabad में DCP सिटी धवल जायसवाल ने कहा कि Pink Police Booth की घटना में जो कुछ हुआ, उसकी सिलसिलेवार जांच के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई है. इसमें पुलिस का रिस्पॉन्स, मेडिकल मदद देने में लगा समय और सोशल मीडिया पर चल रहे वायरल वीडियो शामिल हैं.

Advertisement
post-main-image
सेक्टर-23, संजय नगर में पिंक पुलिस बूथ के सामने तड़पता रहा युवक. (ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • गाजियाबाद के पिंक पुलिस बूथ के सामने नशे की हालत में युवक राजकुमार के हाथ में कांच लगने से घायल होने के बाद अस्पताल में मृत्यु हो गई।
  • राजकुमार और ऑटो चालक के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद नशे में दोनों ही पिंक बूथ पहुंचे और विवाद के दौरान दुर्घटना हुई।
  • पुलिस ने घटना की जांच के लिए टीम बनाई है और आरोपों की जांच करते हुए सभी वैधानिक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
author-image
अरविंद ओझा

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए पिंक पुलिस बूथ के सामने एक युवक की मौत हो गई. युवक गंभीर रूप से घायल था और उसके शरीर से काफी खून बह रहा था. परिजनों का आरोप है कि वह लंबे समय तक घायल हालत में मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन समय पर मदद नहीं मिलने की वजह से उसकी जान चली गई. गाजियाबाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए एक टीम बना दी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पुलिस ने इस मामले में स्पष्टीकरण जारी किया है. पुलिस का कहना है कि युवक नशे की हालत में था. एक विवाद के दौरान उसने पिंक बूथ के गेट पर हाथ मारा, जिससे कांच का टुकड़ा उसके हाथ में धंस गया. बाद में उसे अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

घटना 12 जुलाई को दोपहर 3:30 बजे गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम थाना क्षेत्र के सेक्टर-23, संजयनगर के पिंक पुलिस बूथ के सामने की है. मृतक की पहचान बिहार के सीवान जिले के राजकुमार के तौर पर हुई.

Advertisement
मृतक की मां ने उठाए पुलिस पर सवाल

इंडिया टुडे से जुड़े मयंक गौड़ और अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, राजकुमार की मां ने पुलिस के काम करने के तरीके पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की मौत पुलिस की लापरवाही का नतीजा है. उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

एक साल पहले हुई थी शादी

परिजनों के अनुसार, राजकुमार की शादी लगभग एक साल पहले हुई थी. उनकी पत्नी गर्भवती है. परिवार का कहना है कि घटना की सूचना भी उन्हें काफी देर से दी गई. पहले बताया गया कि उनका बेटा अस्पताल में भर्ती है, लेकिन जब वे अस्पताल पहुंचे तो वह वहां नहीं मिला. बाद में उन्हें जानकारी मिली कि उसकी मौत हो चुकी है. परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय दिलाने की मांग की है.

पुलिस ने दी सफाई

अब पुलिस की सफाई सुन लीजिए. कविनगर की कार्यप्रणाली सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) उपासना पाण्डेय ने बताया,

Advertisement

"12 जुलाई 2026 को समय दोपहर में 3:30 बजे, थाना मधुबन बापूधाम अंतर्गत एक ऑटो चालक द्वारा एक ऑटो सवारी को बिठाया गया. दोनों ही नशे की हालत में थे. पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों में आपस में वाद-विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों ही पिंक बूथ पर पहुंचे और शराब के नशे की हालत में ऑटो सवारी ने तेजी से पिंक बूथ के गेट पर हाथ मारा, जिससे उसके हाथ में कांच गड़ गया. उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई. सभी तथ्यों की जानकारी पुलिस द्वारा की जा रही है, आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी."

यह भी पढ़ें: परिवार ने बेटे का अंतिम संस्कार भी कर दिया, 13 दिन बाद वो घर के दरवाजे पर था

DCP सिटी धवल जायसवाल ने कहा कि घटना में जो कुछ हुआ, उसकी क्रमवार जांच के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई है. इसमें पुलिस का रिस्पॉन्स, मेडिकल मदद देने में लगा समय और सोशल मीडिया पर चल रहे वायरल वीडियो शामिल हैं.

वीडियो: गाजियाबाद में 17 साल के नाबालिग छात्र की हत्या

Advertisement