The Lallantop

पूर्व क्रिकेटर विनोद कांबली पर पत्नी से मारपीट का आरोप, मुंबई में केस दर्ज हुआ

पत्नी ने आरोप लगाया कि कांबली ने उनपर कुकिंग पैन का हैंडल फेंक दिया.

Advertisement
post-main-image
विनोद कांबली और उनकी पत्नी एंड्रिया हेविट (फाइल फोटो- PTI)

90 के दशक के मशहूर क्रिकेटर विनोद कांबली (Vinod Kambli). बेहतरीन बल्लेबाज माने जाते थे. लेकिन अब एक गंभीर विवाद में फंसे हैं. पत्नी से मारपीट के आरोप में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ है. कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट ने उन पर नशे में मारपीट करने और गाली देने का आरोप लगाया है. मुंबई के बांद्रा थाने में कांबली के खिलाफ FIR दर्ज हुई है. एंड्रिया का आरोप है कि विनोद कांबली ने उनपर कुकिंग पैन का हैंडल फेंक दिया, जिसके कारण उनके सिर में चोट लगी थी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े दीपेश त्रिपाठी की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना 3 फरवरी की है. शिकायत में बताया गया है कि दोपहर के वक्त कांबली शराब के नशे में बांद्रा स्थित फ्लैट पहुंचे थे. किसी बात पर विवाद हुआ तो पहले पत्नी को गालियां दीं. इसके बाद वो दौड़कर किचन में गए और कुकिंग पैन का हैंडल लेकर एंड्रिया पर फेंक दिया. इससे उन्हें सिर पर चोट आई. ये सब एंड्रिया के आरोप हैं. इन आरोपों पर विनोद कांबली का अब तक जवाब नहीं आया है.

बांद्रा पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस में शिकायत करने से पहले एंड्रिया ने भाभा अस्पताल में अपना इलाज कराया था. शिकायत के बाद कांबली के खिलाफ IPC की धारा-324 (खतरनाक हथियारों से जानबूझकर चोट पहुंचाना) और धारा-504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमानित करना) के तहत FIR दर्ज हुई है.

Advertisement
पहले भी विवादों में रहे कांबली

कांबली और उनकी पत्नी के खिलाफ 2015 में भी एक केस दर्ज हुआ था. नौकरानी के साथ ज्यादती का. FIR में लिखा गया था कि 2 साल सैलरी नहीं दी थी और तीन दिन घर में कैद कर रखा था.

विनोद कांबली ने टीम इंडिया के लिए 17 टेस्ट और 104 वनडे मुकाबले खेले हैं. शुरुआती दिनों में उन्हें बहुत बेहतरीन बल्लेबाज माना जाता था. लेकिन बाद में उनका करियर असमय खत्म हो गया. पिछले साल कांबली ने एक अखबार को इंटरव्यू में बताया था कि वे आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और काम की तलाश में हैं. कांबली ने ये भी बताया था कि उनको BCCI की तरफ से 30 हजार रुपये की पेंशन मिलती है. जिसके लिए वो आभारी है. लेकिन वो अपने परिवार को चलाने के लिए क्रिकेट से सबंधित काम ढूंढ़ रहे हैं. 

वीडियो: क्या सच में विनोद कांबली की वाइफ ने सिंगर अंकित तिवारी के पिता को सैंडल से पीटा?

Advertisement

Advertisement