The Lallantop

किन कंपनियों की बाइक या कार चोरी होने का खतरा सबसे ज्यादा?

कार चोरी के आंकड़े आए हैं. इनके मुताबिक भारत में गाड़ियों की चोरी के मामले एक साल में दोगुना से ज्यादा हो गए हैं. दिल्ली में सबसे ज्यादा बाइक-कार चोरी होती हैं. जानिए किस कंपनी की कारों पर चोरों की सबसे ज्यादा नज़र होती है.

Advertisement
post-main-image
गाड़ी चोरी हो जाए, तो सबसे पहले पुलिस और अपनी इंश्योरेंस कंपनी को इन्फॉर्म करें. (सांकेतिक तस्वीर: आजतक)

गाड़ी चोरी होने का डर किसे नहीं? जिसके भी पास होती है उसे ये डर अक्सर सताता ही है. जमाना ही ऐसा हो गया है. बाइक-कार चोरों के हौसले इतने बुलंद जो हैं. इधर कार चोरी से जुड़ा एक डेटा सामने आया है. एको (ACKO) डिजिटल इंश्योरेंस की 'थेफ्ट एंड द सिटी 2024' रिपोर्ट जारी की गई है. इस रिपोर्ट के मुताबिक भारत में साल 2022 की तुलना में 2023 में वाहन चोरी (vehicle thefts) के मामलों में 2.5 गुना बढ़ोतरी हुई है. डेटा से ये भी पता चला है कि किस कंपनी की कार और बाइक चोरों को सबसे ज्यादा पसंद है. 

Advertisement
दिल्ली में गाड़ियों की सबसे ज्यादा चोरी

रिपोर्ट के मुताबिक वाहन चोरी के सबसे ज्यादा मामले देश की राजधानी दिल्ली से सामने आए हैं. इसके बाद चेन्नई और बेंगलुरु का नंबर है. हालांकि, दिल्ली में 2022 के मुकाबले 2023 में वाहन चोरी की घटनाओं में गिरावट देखी गई है. दिल्ली में वाहन चोरी की घटनाएं 2022 में 56 प्रतिशत से घटकर 2023 में 37 प्रतिशत दर्ज की गईं. पिछले साल राजधानी में हर दिन वाहन चोरी के 105 मामले दर्ज किए गए. रिपोर्ट में कहा गया है,

“राजधानी में हर 14 मिनट में एक वाहन चोरी हो जाता है."  

Advertisement

वहीं चेन्नई में वाहन चोरी 2022 में 5 प्रतिशत से दोगुनी होकर 10.5 प्रतिशत हो गई. बेंगलुरु में वाहन चोरी में कुछ वृद्धि देखी गई और ये 9 प्रतिशत से बढ़कर 10.2 प्रतिशत हो गई. रिपोर्ट में वाहनों के लिए कोलकाता, हैदराबाद और मुंबई को सबसे सेफ शहर बताया गया हैं. इन शहरों में वाहन चोरी की सबसे कम घटनाएं देखी गई हैं.

ये भी पढ़ें- BJP कार्यकर्ता की कार चोरी हुई, दूसरी में हाईटेक सिक्योरिटी लगाई, एक हफ्ते में वो भी चोरी

कौन सी कारें सबसे ज्यादा चोरी होती हैं?

रिपोर्ट में कहा गया है कि चोरी हुई सभी कारों में से 47 फीसदी कारें मारुति सुजुकी की रही हैं. बताया गया है कि जिन कारों की सबसे अधिक डिमांड होती है, वहीं कारें चोरों की पसंदीदा होती हैं. सबसे ज्यादा चोरी होने वाली कारों में Maruti Suzuki के बाद Hyundai कंपनी की कारें पाई गई हैं.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक साल 2023 में मारुति वैगन R और मारुति स्विफ्ट सबसे ज्यादा चोरी होने वाली कारें हैं. इसके बाद हुंडई क्रेटा, हुंडई ग्रैंड i10 और मारुति स्विफ्ट डिजायर हैं.

कारों से ज्यादा बाइक की चोरी

ACKO की रिपोर्ट में बताया गया है कि कारों से 9.25 गुना ज्यादा बाइकों की चोरी होती है. भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली Hero Splendor ही सबसे ज्यादा चोरी होने वाली बाइक है. इसके बाद होंडा एक्टिवा, Honda Dio, Hero Passion, रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350, भारत में सबसे ज्यादा चोरी होने वाले दोपहिया वाहन रहे हैं.

गाड़ी चोरी हो जाए तो क्या करें?

- सबसे पहले पुलिस और अपनी इंश्योरेंस कंपनी को इन्फॉर्म करें.

- अपने इंश्योरर को FIR की कॉपी के साथ गाड़ी का डॉक्यूमेंट जैसे रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस की कॉपी भी सबमिट करें. आपको अपनी गाड़ी की चाबी भी देनी पड़ सकती है.

- अगर पुलिस आपकी गाड़ी एक तय समय में ट्रेस नहीं कर पाएगी, तो वो आपको एक नॉन-ट्रेसेबल सर्टिफिकेट जारी करेगी.

- फिर इंश्योरेंस कंपनी आपकी इंश्योरेंस पॉलिसी के हिसाब से आपका क्लेम सेटल करेगी.

वीडियो: कार चोरी कैसे होती है? 2 मिनट में नोएडा में पकड़े गए गैंग के चोर ने पुलिस के सामने डेमो दे दिया

Advertisement