The Lallantop

"जिस घर में तिरंगा नहीं होगा, उस पर देश विश्वास नहीं कर सकता" - बीजेपी नेता महेंद्र भट्ट

बयान आया तो कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने संघ का नाम लेते हुए घेर लिया.

Advertisement
post-main-image
'हर घर तिरंगा' अभियान पर उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बयान (फोटो: फेसबुक और आजतक)

‘हर घर तिरंगा’ (Har Ghar Tiranga) अभियान को लेकर उत्तराखंड बीजेपी (BJP) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट (Mahendra Bhatt) का हालिया बयान चर्चा में है. आजतक के अंकित शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तराखंड के बीजेपी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कह दिया है कि जिस घर में तिरंगा लहराता हुआ नहीं दिखाई देगा, उस घर की तरफ विश्वास की नज़र से नहीं देखा जा सकता. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

एक ओर देश की आज़ादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर केंद्र सरकार लोगों को अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, तो वहीं उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष के बयान से ऐसा संदेश जा रहा है कि जिन लोगों के घर तिरंगा नहीं होगा, उनकी देशभक्ति सवालों के घेरे में आ जाएगी. उन्होंने कहा,

“जिस घर में तिरंगा नहीं होगा, उस पर देश विश्वास नहीं कर सकता है. तिरंगा लगाने में किसको परेशानी हो सकती है?”

Advertisement
आम आदमी पार्टी बोली- किसी के साथ जबरदस्ती नहीं कर सकते

उनके इस बयान पर विवाद शुरू हो गया है. इस पर आम आदमी पार्टी (AAP) उत्तराखंड की प्रदेश उपाध्यक्ष उमा सिसोदिया ने कहा कि हमारे प्रदेश के दूर-दराज के गांव में जहां लोग राष्ट्र ध्वज फहराना चाहते हैं, वहां तक तिरंगा पहुंचता नहीं और आरएसएस मुख्यालय पर झंडा नहीं फहराया जाता, उस पर क्या कहेंगे. 

उमा सिसोदिया ने कहा कि महेंद्र भट्ट को इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए. उन्होंने कहा,

“आप किसी के साथ जबरदस्ती नहीं कर सकते क्योंकि हर हिंदुस्तानी देशभक्त है और हर हिंदुस्तानी के दिल में तिरंगा है.”

Advertisement
कांग्रेस ने भी संघ पर साधा निशाना

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने भी संघ का नाम लेते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा,

“संघ परिवार ने 51 साल तक अपने कार्यालय पर झंडा नहीं फहराया, तो संघ परिवार पर भरोसा नहीं करना चाहिए.”

माहरा ने कहा कि इनको ये समझ में आ गया है कि भारत के झंडे के नीचे और गांधी के पीछे चल कर ही ये सुरक्षित हैं.

देश की आज़ादी के 75 साल पूरे होने जा रहे हैं. इस मौके पर केंद्र सरकार द्वारा पूरे देश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है. इसके तहत सरकार ने लोगों से 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घर पर तिरंगा फहराने की अपील की है. हालांकि, इस अभियान की आड़ में सरकारी मनमानी की खबरें भी आ रही हैं. देश के अलग-अलग हिस्सों से ये शिकायतें आ रही हैं कि टारगेट पूरा करने के नाम पर तिरंगा लोगों पर थोपा जा रहा है. कहीं तिरंगे को राशन के लिए शर्त बनाया जा रहा है, तो कहीं सरकारी स्कूलों के शिक्षक अपनी तनख्वाह से झंडा खरीदने पर मजबूर हैं. और कुछ विभागों में तो झंडे देने के नाम पर तनख्वाह में से ही पैसे काट लिए जा रहे हैं.

वीडियो- दी लल्लनटॉप शो: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से पहले ‘फ्लैग कोड ऑफ इंडिया’ में हुए बदलाव जान लें

Advertisement