The Lallantop

श्रीकांत त्यागी फ़रार है, लेकिन रात को उसके गुंडे सोसायटी में लाठी-डंडा लेकर घुस गए!

लाठी-डंडे लेकर घुसे और जिस औरत के साथ श्रीकांत ने बदतमीज़ी की थी, उसका पता पूछने लगे

Advertisement
post-main-image
ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में दर्जनभर से ज्यादा उपद्रवी घुस आए और पीड़ित महिला का पता पूछने लगे | फोटो: आजतक

नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी (Grand Omaxe Society Noida) में महिला से अभद्रता करने के मामले में आरोपी श्रीकांत त्यागी (Shrikant Tyagi) को यूपी पुलिस अभी भी पकड़ नहीं पाई है. इस बीच रविवार, 7 अगस्त को देर शाम सोसायटी के अंदर कुछ लड़के घुस आए और हंगामा करने लगे. जिसकी सूचना सोसायटी वालों ने पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने हंगामा करने वाले 6-7 लड़कों को हिरासत में लिया है. ये लड़के श्रीकांत त्यागी की पत्नी के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
नोएडा की ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में देर रात क्या-क्या हुआ?

आजतक के अरविंद ओझा के मुताबिक ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में रहने वाले कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि सोसायटी में घुसे सभी लड़के अपने साथ लाठी-डंडे लेकर आए थे. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक कुछ लोगों ने बताया कि ये लड़के गेट पर गलत पता देकर सोसायटी के अंदर घुस आए.

सोसायटी के आरडब्ल्यूए बोर्ड के सदस्य मनीष गुप्ता ने कहा,

Advertisement

“लगभग शाम को 8 बजे, मेन गेट पर सुरक्षा गार्डों को गलत पता देकर कई गुंडे अंदर घुस आए. इसके बाद वे लोगों से उस महिला का पता पूछने लगे, जिसे त्यागी ने गाली दी थी. इसके बाद सोसायटी में रह रहे लोगों ने आरडब्ल्यूए और सुरक्षा गार्डों को सूचना दी. तुरंत पुलिस को बुलाया. इस दौरान सोसायटी के लोगों ने गुंडों को घेर लिया और उनसे पूछताछ करने लगे. उन्होंने बताया कि वे यहां श्रीकांत त्यागी का समर्थन करने के लिए आए हैं.”

आजतक के मुताबिक कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि सोसायटी में घुसे इन लड़कों ने वहां पथराव भी किया. हालांकि, पुलिस ने किसी भी तरह के पथराव से इनकार किया है. वहीं पकड़े गए युवकों का कहना है कि वीडियो की जांच करवाई जाए, उन्होंने कहीं किसी से बदतमीजी या झगड़ा नहीं किया है.

नोएडा पुलिस ने ग्रैंड ओमैक्स सोसायटी में हंगामे को लेकर क्या बताया?

इस घटना के तुरंत बाद नोएडा पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह शहर विधायक पंकज सिंह के साथ मौके पर पहुंचे. कमिश्नर ने मीडिया को बताया,

Advertisement

“मैंने ज्वाइंट सीपी से सोसायटी को सुरक्षा मुहैया कराने वाली कंपनी को डीलिस्ट करने को कहा है. सुरक्षा प्रदान करने में खामियां थीं. सोसायटी के बाहर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं. हम इलाके में तैनात पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ा रहे हैं. हमने महिला और उसके परिवार को भी सुरक्षा मुहैया कराई है. पीड़ित परिवार को पर्सनल सिक्योरिटी (एक गनर) दिया जाएगा. श्रीकांत त्यागी की पुरानी क्रिमिनल हिस्ट्री को देखते हुए उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया जा रहा है. सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

नोएडा पुलिस के मुताबिक उन्होंने पूछताछ के लिए सोसायटी में घुसे सभी लड़कों को हिरासत में ले लिया है. इनके खिलाफ FIR दर्ज की जा रही है. बता दें कि श्रीकांत त्यागी के भाजपा से जुड़े होने के दावे और फ़ोटो वग़ैरह भी सामने आ रहे हैं, लेकिन भाजपा के नेताओं ने इससे इनकार किया है.

वीडियो देखें : 9 साल बाद अपने परिवार से मिली पूजा गौड़, जानिए पूरी कहानी

Advertisement