The Lallantop

गाजियाबाद हत्याकांड के आरोपी की पुलिस एनकाउंटर में मौत, 50 हजार का इनाम था

Ghaziabad Murder Case: गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया. पुलिस का दावा है कि उसे रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वो रुका नहीं और पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी फायरिंग में असद को गोली लग गई.

Advertisement
post-main-image
गाजियाबाद पुलिस के एनकाउंटर में असद की मौत. (ITG)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 30-31 मई की रात पुलिस ने नाबालिग हत्या के मुख्य आरोपी असद को एनकाउंटर में मौत के घाट उतारा, जो पुलिस को फायरिंग करने पर गोली लगी थी।
  • 28 मई को खोड़ा थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग पर चाकू से हमला हुआ था, जिसके बाद उसकी 29 मई को अस्पताल में मौत हो गई; पुलिस ने मुख्य आरोपी असद पर 50 हजार रुपये इनाम भी घोषित किया था।
  • असद की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी के मामले में जांच और सुरक्षा बढ़ाई है, साथ ही फरार उसके एक साथी की तलाश जारी है, जबकि एक पुलिसकर्मी घायल अस्पताल में भर्ती है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक नाबालिग लड़के की हत्या के मुख्य आरोपी असद की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई. यह मुठभेड़ 30 और 31 मई की दरमियानी रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई. पुलिस ने बताया कि असद घटना के बाद से फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था.

Advertisement
पैसे लेने आया था असद

इंडिया टुडे से जुड़े अंशुल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार, 31 मई को डिप्टी पुलिस कमिश्नर (सिटी) धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने कुछ साथियों से मिलने थाना खोड़ा क्षेत्र में आने वाला है और वहां से कुछ पैसे लेकर फरार होने का प्लान बना रहा है. सूचना के आधार पर ACP (इंदिरापुरम) अभिषेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में थाना खोड़ा और थाना इंदिरापुरम पुलिस की जॉइंट टीम ने क्षेत्र में कॉम्बिंग अभियान चलाया और बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की.

पुलिस एनकाउंटर में मौत

DCP धवल जायसवाल ने जानकारी दी कि 30 और 31 मई की दरमियानी रात वसुंधरा थाना क्षेत्र में असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया. पुलिस ने उसे रोकने को कोशिश की और वार्निंग दी. पुलिस का दावा है कि असद रुका नहीं, और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें असद घायल हो गया. उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Advertisement
एक पुलिस कॉन्स्टेबल घायल

DCP धवल जायसवाल ने बताया कि असद के साथ मुठभेड़ में एक पुलिस कॉन्स्टेबल भी घायल हुआ, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है. असद का साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस ने घटनास्थल से असद की बाइक और फायरिंग में इस्तेमाल किया गया देसी कट्टा बरामद कर लिया है.

खोड़ा में हुई थी नाबालिग युवक की हत्या

28 मई को खोड़ा थाना क्षेत्र के खोड़ा में एक 17 साल के लड़के पर चाकू से हमला किया गया था. उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 29 मई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था. 30 मई को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी असद फरार था, जिसकी अब पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई.

वीडियो: गाजियाबाद में 17 साल के नाबालिग छात्र की हत्या

Advertisement

Advertisement