मशहूर एक्टर आर्नोल्ड श्वॉर्जनेगर ने अपनी ही मूर्ति के नीचे सोते हुए तस्वीर पोस्ट की और दुखी होकर लिखा कि समय कितना बदल गया है. उनकी ये बात सिर्फ बूढ़े होने के बारे में नहीं थी. वो उन्होंने इसलिए लिखा क्योंकि जब वो कैलिफॉर्निया के गवर्नर थे, तब उन्होंने एक होटल का उद्घाटन किया था, जहां उनकी मूर्ति भी लगाई गई थी. साथ ही साथ उन्हें होटल मैनेजमेंट ने वादा किया था कि होटल में उनके नाम का एक कमरा हमेशा रिज़र्व रहेगा. वो जब चाहें, यहां आकर रह सकते हैं. लेकिन जैसे ही आर्नोल्ड का बतौर गवर्नर कार्यकाल खत्म हुआ, होटल ने अपना वादा तोड़ दिया. उन्होंने उस होटल में आर्नोल्ड को होटल में जगह नहीं होने की बात कहकर कमरा देने से मना कर दिया.वो फोटो भी देख लीजिए, जो सोशल मीडिया पर हर साल रायते की तरह फैल जाती है-
इसके बाद आर्नोल्ड अपने साथ एक स्लीपिंग बैग लेकर आए और होटल के बाहर अपनी ही मूर्ति के नीचे सो गए. इससे वो ये बताना चाहते थे कि जब वो एक बड़े पद से थे, तब इन लोगों ने उनकी बहुत इज्ज़त की लेकिन जैसे ही वो पद से हटे होटल वालों ने उनसे नाता और किया हुआ वादा भी तोड़ दिया. बकौल आर्नोल्ड अपने पद, पैसे, पावर और विद्वता का कभी घमंड नहीं करना चाहिए. क्योंकि ये सब हमेशा नहीं रहेगा. जब आप लोगों की नज़र में खास होते हैं, तब सब आपके दोस्त होते हैं. लेकिन जैसे ही लोगों का काम निकल जाता है, वो आपकी फिक्र करना बंद कर देते हैं.

ये सारी बातें जो इस फोटो के साथ लिखकर यहां-वहां फैलाई जा रही है, वो फर्जी है. हुआ ये कि 16 जनवरी, 2016 को आर्नोल्ड ने अपने सोशल मीडिया पर अपनी ये फोटो शेयर की थी. साथ में ये बात लिखी कि 'समय कितना बदल गया'. इसके बाद लोगों ने अपने दिमाग में एक सिनेमा तैयार किया और वायरल होने के लिए सोशल मीडिया पर ढकेल दिया. हुआ ये था कि आर्नोल्ड ने ये फोटो मजे-मजे में शेयर कर दी थी. लेकिन इस फेक न्यूज़ की कमर इस बात से टूटती है कि आर्नोल्ड के पीछे दिख रही जिस बिल्डिंग को होटल बताया जा रहा, वो असल में अमेरिका के ओहियो शहर की राजधानी कोलंबस का कंवेंशन सेंटर है. इस बिल्डिंग के बाहर आर्नोल्ड की बड़ी सी कांसे की मूर्ति लगी है. आर्नोल्ड का ओरिजिनल पोस्ट आप नीचे देख सकते हैं.
आर्नोल्ड श्वॉर्जनेगर मशहूर बॉडी बिल्डर रह चुके हैं. आर्नोल़्ड दुनिया में बॉडी बिल्डिंग का सबसे प्रतिष्ठित अवॉर्ड मिस्टर ओलंपिया सात बार जीत चुके हैं. इसके अलावा वो पांच बार मिस्टर यूनिवर्स और एक बार मिस्टर वर्ल्ड भी रह चुके हैं. इसके बाद वो बॉडी बिल्डिंग छोड़कर हॉलीवुड में आ गए. 1969 में उनकी पहली फिल्म 'हरक्यूलिस इन न्यू यॉर्क' रिलीज़ हुई. इसके बाद आर्नोल्ड 'टर्मिनेटर सीरीज़', 'बैटमैन एंड रॉबिन', 'इरेज़र', 'कोलैटरल डैमेज', 'द एक्सपेंडेबल्स' और 'एस्केप रूप' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं. 71 साल के आर्नोल्ड श्वॉर्जनेगर आखिरी बार 2017 में रिलीज़ हुई फिल्म 'किलिंग गंतर' में नज़र आए थे.
वीडियो देखें: 'अ स्टार इज़ बॉर्न' देखकर किस हिंदी फिल्म की याद आती है?












