The Lallantop

श्रीलंका में 350 से ज्यादा लोगों की जान लेने वाले इब्राहिम ब्रदर्स की कहानी

पुलिस ने इन भाइयों के पिता को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
post-main-image
श्रीलंका में ईस्टर पर हुए 8 सीरियल बम धमाकों में 250 से ज्यादा लोग मारे गए. (फाइल फोटो)
21 अप्रैल. ईस्टर संडे. इस दिन श्रीलंका में 8 सीरियल बम ब्लास्ट हुए. 350 से ज्यादा लोग मारे गए. इन बम धमाकों ने 10 सालों से शांत रहे श्रीलंका की शांति छीन ली. आखिर इस हमले के पीछे कौन लोग थे. न्यूज एजेंसी रॉयटर के मुताबिक इन आत्मघाती हमलों के पीछे दो भाइयों का हाथ था. वे महावेला गार्डन्स में 'वाइट हाउस' में रहते थे. तीन चर्चों और चार होटलों पर हुए हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट (आईएस) मिलिटेंट ग्रुप ने ली है.
33 वर्षीय इंसाफ इब्राहिम कॉपर फैक्ट्री का मालिक था. परिवार के सूत्रों ने न्यूज़ एजेंसी को बताया कि उसने सांगरीला होटल में विस्फोटक के साथ खुद को उड़ा लिया था. जब पुलिस उसके घर रेड डालने पहुंची, तो उसके छोटे भाई इल्हाम इब्राहिम ने भी खुद को बम से उड़ा लिया. इस ब्लास्ट में पति-पत्नी के अलावा उनके तीन मासूम बच्चे भी मारे गए.
31 वर्षीय इल्हाम इब्राहिम ने खुलेआम चरमपंथी विचारधारा का समर्थन किया था. ब्लास्ट की फाइल फोटो
31 वर्षीय इल्हाम इब्राहिम ने खुलेआम चरमपंथी विचारधारा का समर्थन किया था. ब्लास्ट की फाइल फोटो

पड़ोसी फजला ने न्यूज एजेंसी को बताया कि 'वे भले लोगों की तरह दिखते थे.' श्रीलंका की स्थानीय मीडिया में भी इन दोनों भाइयों की चर्चा है.
पिता गिरफ्तार दोनों भाइयों के पिता मोहम्मद इब्राहिम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इब्राहिम मसाला कारोबारी हैं. बिजनेस कम्युनिटी में उनका नाम इज्जत से लिया जाता है. उनके 6 बेटे और तीन बेटियां हैं. जो लोग उनको जानते हैं, उनकी तारीफ करते नहीं थकते. वह अपने इलाके में इस बात के लिए जाने जाते थे कि वह गरीबों को खाना खिलाते थे. और पैसे देकर उनकी मदद करते थे. इब्राहिम की पड़ोसी फजला का कहना है कि- 'हम सोच भी नहीं सकते कि उनके बच्चों ने ये काम किया है. इसकी वजह से पूरे मुस्लिम समुदाय को शक की निगाह से देखा जा रहा है'.
क्या कहना है पड़ोसियों का? परिवार से जुड़े सूत्रों के मुताबिक 31 वर्षीय इल्हाम इब्राहिम ने खुलेआम चरमपंथी विचारधारा का समर्थन किया था. 'नेशनल तौहीद जमात' के साथ मीटिंग कर चुका था. 'नेशनल तौहीद जमात' स्थानीय इस्लामिक ग्रुप है. सीरियल बम धमाके का शक इसी ग्रुप पर है.
इल्हाम इब्राहिम की तुलना में बड़ा करोबारी भाई इंसाफ आधुनिक और खुले विचारों का था. वह अपने स्टाफ का ख्याल रखता था. उन्हें डोनेशन देता था. वह गरीब लोगों की मदद करता था. उसके पास पैसों की कोई कमी नहीं थी. उसने जूलरी कारोबारी की बेटी के साथ शादी की थी.
इब्राहिम परिवार के घर के सामने काम करने वाले 38 साल के इंजीनियर संजीव जयसिंघे का कहना है कि 'मैं यह जानकर हैरान हूं. मैंने कभी नहीं सोचा था कि वे इस तरह के होंगे'.
इंसाफ की फैक्ट्री में काम करने वाले बांग्लादेशी वर्कर का कहना है कि- 'वह दयालु थे. वह दूसरे बॉस की तरह नहीं थे. उनके लिए काम करके मैं खुश था. वह चले गए. अब मैं क्या करूंगा'.
श्रीलंका के सुरक्षा सचिव एच.फर्नांडो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. हमले की फाइल फोटो
श्रीलंका के सुरक्षा सचिव एच.फर्नांडो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. हमले की फाइल फोटो

मसाला कंपनी का लिंक कॉपर फैक्ट्री से जोड़ा जा रहा है. पुलिस इस फैक्ट्री की जांच कर रही है. कॉपर फैक्ट्री के 9 मजदूरों को गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में पेश किया गया. उनपर रविवार को हुए हमले में इस्तेमाल किए गए बम बनाने के लिए सामग्री उपलब्ध कराने का शक है. सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक अब तक इस मामले में 70 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
इस बीच श्रीलंका के सुरक्षा सचिव एच.फर्नांडो ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरिसेना ने पुलिस प्रमुख पी. जयसुंदरा और सुरक्षा सचिव एच.फर्नांडो से इस्तीफा देने को कहा था.


18 की उम्र तक लड़कियों को डरा धमकाकर रखने की बात क्यों कह रही हैं ये महिलाएं?

Advertisement
Advertisement