The Lallantop

ISRO लॉन्च-पैड के विज्ञापन में चीन का झंडा लगा दिया, स्टालिन सरकार घिर गई

ख़ुद प्रधानमंत्री मोदी ने भी स्टालिन सरकार पर निशाना साधा. कहा कि वो क्रेडिट चुराते हैं.

Advertisement
post-main-image
ये विज्ञापन तमिलनाडु के लोकल अख़बारों में छपा है.

तमिलनाडु सरकार की भद्द पिट रही है. उन्हें ‘भारत-विरोधी’, ‘चीन-प्रेमी’ और ‘क्रेडिट-चोर’ कहा जा रहा है. हुआ ये कि उन्होंने (Tamil Nadu Govt) ISRO के एक लॉन्च-पैड का विज्ञापन निकाला. लेकिन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की फ़ोटो के साथ जो रॉकेट लगाया, उसमें चीन (China) का झंडा लगा हुआ है. 

Advertisement
ऐसा कैसे हुआ?

अगस्त, 2023 में केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने संसद को सूचित किया था कि सरकार ने तमिलनाडु के कुलसेकरपट्टिनम में एक नए स्पेस-पोर्ट की स्थापना को मंज़ूरी दे दी है. स्पेसपोर्ट से अंतरिक्ष यान (सैटलाइट्स) लॉन्च किए जाते हैं, उनकी देख-रेख की जाती है. आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में स्पेस-पोर्ट है, लेकिन यहां से छोटे सैटेलाइट्स को लॉन्च करने में बहुत ख़र्चा होता है. तो इस नए पोर्ट का मक़सद ये कि यहां से ISRO के छोटे सैटलाइट्स (SSLV) लॉन्च किए जाएं. नया स्पेसपोर्ट 2,000 एकड़ में बनना है और उम्मीद है कि इससे स्पेस की दुनिया में हम एक सीढ़ी और ऊपर चढ़ेंगे.

इसी स्पेस-पोर्ट का विज्ञापन तमिलनाडु के लोकल अख़बारों में छपा. कथित तौर पर राज्य मत्स्य पालन मंत्री अनीता राधाकृष्णन ने इस विज्ञापन पर मुहर लगाई. इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी फ़ोटो है और राज्य के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की भी. लेकिन इसमें जो रॉकेट बना है, उसमें चीन का झंडा लगा हुआ था. बस… राज्य में विपक्षी दल भाजपा को मिल गया मौक़ा.

Advertisement

ये भी पढ़ें - ISRO के INSAT-3DS को अंतरिक्ष में ले गया 'नॉटी बॉय' क्या है? 

खु़द प्रधानमंत्री मोदी ने DMK पर निशाना साधा. आरोप लगाए कि तमिलनाडु सरकार, केंद्र सरकार की परियोजनाओं पर अपनी मुहर लगाकर उनका क्रेडिट छीनना चाहती है. तिरुनेलवेली में हो रही एक रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,

"DMK एक ऐसी पार्टी है, जो कोई काम नहीं करती. लेकिन झूठा श्रेय लेने के लिए आगे आ जाती है. कौन नहीं जानता कि ये लोग हमारी योजनाओं पर अपना स्टीकर लगाते हैं? अब तो हद ही हो गई. इन्होंने तमिलनाडु में इसरो लॉन्च-पैड का श्रेय लेने के लिए चीन का स्टीकर चिपका दिया है.

ये लोग आपके टैक्स से हो रही भारत की प्रगति देख नहीं सकते. विज्ञापन देते हैं और उसमें भारत के अंतरिक्ष की तस्वीर तक शामिल नहीं करते."

Advertisement

तमिलनाडु के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अन्नामलाई ने भी विज्ञापन की निंदा की और पार्टी पर देश की संप्रभुता का अनादर करने का आरोप लगाया. उन्होंने सोशल मीडिया (एक्स) पर लिखा कि ये विज्ञापन दिखाता है कि DMK चीन के प्रति कितनी प्रतिबद्ध है. DMK को भ्रष्टाचारी पार्टी और क्रेडिट लेने को बेताब पार्टी बताते हुए कहा कि वो अपने पिछले कुकर्मों को दफ़नाने की कोशिश कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें - ISRO का XPoSat सैटेलाइट लॉन्च, कैसे इंडिया ने नासा को दे दी टक्कर?

के अन्नामलाई ने इतिहास भी खंगाल दिया. 60 साल पहले की एक घटना याद दिलाई, जब इसरो के पहले लॉन्च पैड तमिलनाडु में बनना था, लेकिन नहीं बन सका. उन्होंने लिखा,

"जब इसरो के पहले लॉन्च पैड की परिकल्पना की गई थी, तो ISRO की पहली पसंद तमिलनाडु था. मगर डीएमके का रवैया निराशाजनक था. तब बैठक में CM थिरु अन्नादुरई के प्रतिनिधि नशे की हालत में पहुंचे और हमारे देश के अंतरिक्ष प्रोग्राम घोर लापरवाही का परिचय दिया.

द्रमुक में ज़्यादा बदलाव नहीं आया है. उनकी हालत और ख़राब ही हुई है!"

पार्टी के लिए ये वाकई असमंजस की स्थिति है. चूक बताने की बजाय वरिष्ठ डीएमके नेता के कनिमोझी ने विज्ञापन को डिफ़ेंड किया है. उन्होंने कहा कि किसी ने भी चीन को दुश्मन देश घोषित नहीं किया है. यहां तक कि प्रधानमंत्री भी चीनी प्रीमियर का स्वागत करते हैं. साथ में ये भी तर्क दिया कि कई केंद्र सरकार के विज्ञापनों में भी राष्ट्रीय ध्वज मौजूद नहीं था.

वीडियो: आसान भाषा में: ISRO के एलन मस्क से हाथ मिलाने के बाद अंतरिक्ष में क्या होने वाला है?

Advertisement