किसानों की खुदकुशी के लिए ये इलाका कुख्यात रहा है. बीते कई सालों से मानसून से इस इलाके को ज्यादा कुछ नहीं मिला. यहां की सबसे बड़ी फसल (कपास) लगातार बर्बाद हुई. यहां डिप्रेशन के मरीज़ों की संख्या 6 गुना बढ़ गई है, लेकिन अगर आप पूरी बात जानेंगे तो यह बुरी खबर नहीं है.
गैर सरकारी संगठनों (NGO's) के चलाए विदर्भ स्ट्रेस एंड हेल्थ प्रोग्राम (VISHRAM) के चलते यहां अब पहले से ज्यादा लोग स्ट्रेस और डिप्रेशन के लिए डॉक्टरों की सलाह ले रहे हैं. ये अच्छी बात है क्योंकि देहाती इलाकों में सभी तरह मानसिक दिक्कतों को 'पागलपन' की श्रेणी में रख दिया जाता है और इसके लिए बहुत कम लोग डॉक्टरी इलाज कराते हैं. लेकिन टैबू अब टूट रहे हैं. खुदकुशी का आंकड़ा कुछ कम हुआ है और अब लोग अपनी परेशानियों को लेकर डॉक्टर से मिल रहे हैं.पिछले एक साल में आया बदलाव
'इंडियन एक्सप्रेस' के हवाले से खबर है कि ये पहली बार हुआ है कि विदर्भ में कोई प्रोग्राम सुसाइडल बिहेवियर को कम करने में सफल होता नज़र आ रहा है. ख़ास बात ये भी है कि इस प्रोग्राम में लोगों की मदद ज़्यादातर छोटी-छोटी ग्रुप मीटिंग्स के ज़रिये की गई. हज़ार के लगभग मीटिंग्स में लोगों ने जाना कि डिप्रेशन एक समस्या है जिसे छुपाना नहीं चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.किसानों की ख़ुदकुशी के मामलों में अमरावती का हाल विदर्भ और मराठवाड़ा के उन 14 जिलों में सबसे खराब था जहां इस तरह के सबसे ज़्यादा मामले सामने आए हैं. साल 2015 में विदर्भ में 1541 मामले सामने आए जिनमें से 1179 सिर्फ अमरावती से थे. लेकिन अब स्थिति धीरे-धीरे सुधर रही है. अमरावती का उदाहरण इसलिए खास है, कि इस मॉडल पर चल के बाकी जगह भी ऐसे किसानों की मदद की जा सकेगी जो मौसम और सरकार की मार के चलते मौत को चुन लेते हैं.
ये सारी मेहनत विदर्भ स्ट्रेस एंड हेल्थ प्रोग्राम (VISHRAM) के तहत 'प्रकृति' और 'संगत' नाम के दो एनजीओ ने की. ये इस काम में डेढ़ साल से लगे हुए थे जिसके लिए इन्हें टाटा ट्रस्ट से मदद मिली थी. ये नतीजे 'लैंसेट साइकैट्री' में प्रकाशित हुए हैं.
राष्ट्रीय स्तर पर हुए एक सरकारी सर्वे में सामने आया है कि भारत में 2 करोड़ लोग डिप्रेशन से जूझ रहे हैं और उनमें से लगभग 90 फ़ीसदी को पिछले एक साल में कोई डॉक्टरी मदद नहीं मिली है.







पिछले एक साल में आया बदलाव





