The Lallantop

श्रीलंका की जेल में कैदियों ने 5 अधिकारियों समेत 25 की हत्या कर दी, सेना बुलानी पड़ गई

श्रीलंका के नेगोम्बो जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प में 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक घायल हैं. हालात बेकाबू होने के बाद पुलिस ने सेना से मदद मांगी है और कैदियों को दूसरी जेलों में शिफ्ट किया जा रहा है.

Advertisement
post-main-image
श्रीलंका की जेल में हिंसा. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • श्रीलंका के नेगोम्बो की जेल में कैदियों के दो ग्रुप के बीच हुई हिंसक झड़प में 25 लोगों की मौत हो गई और 100 से ज्यादा घायल हुए, जिसमें जेल अधिकारी भी शामिल हैं।
  • यह संघर्ष 6 जुलाई को कैदियों के बीच किसी विवाद के कारण हुआ, जिसमें कुछ कैदियों ने जेल अधिकारियों से हथियार छीन कर फायरिंग की और मेन गेट तोड़कर भागने का प्रयास किया।
  • पुलिस घटना को नियंत्रित करने में असमर्थ होने पर सेना से सहायता मांग चुकी है और जेल से कैदियों के ट्रांसफर की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

श्रीलंका की एक जेल में कैदियों के दो ग्रुप आपस में लड़ गए. लड़ाई इतनी भीषण थी कि इसमें 25 लोगों की मौत हो गई. 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. हालात ऐसे बेकाबू हैं कि पुलिस से मामला संभल नहीं रहा. सेना से मदद मांगी गई है. सेना के एक अधिकारी ने कहा कि फिलहाल आर्मी को स्टैंडबाय पर रखा गया है. जरूरत पड़ते ही वह मोर्चा संभालेगी. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ये घटना श्रीलंका के तटीय शहर नेगोम्बो की जेल में हुई है, जो राजधानी कोलंबो से 35 किलोमीटर दूर है. इस जेल में 2400 से ज्यादा कैदी बंद हैं और यह श्रीलंका की सबसे भीड़भाड़ वाली जेलों में से एक है. यहां हुए दंगे के पीड़ितों में सिर्फ कैदी नहीं हैं. बल्कि जेल अधिकारी भी शामिल हैं.

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, 6 जुलाई को जेल के अंदर कैदियों के दो ग्रुप में किसी बात को लेकर झड़प हुई. इस दौरान कुछ कैदियों ने जेल के कर्मचारियों से बंदूकें छीन लीं और फायरिंग कर दी. इससे मामला जानलेवा हो गया. श्रीलंका के प्रमुख समाचार चैनल अदा डेराना के मुताबिक, जेल के एक अधिकारी गजनायके ने बताया कि कैदियों के दो गुटों के बीच झड़प को रोकने गए अधिकारियों पर भी हमले किए गए. उन्हें जेल के मेन गेट की ओर खदेड़ दिया गया. 

Advertisement

गजनायके ने बताया कि दंगा करने वाले कैदियों ने जेल का मेन गेट तोड़कर भागने की भी कोशिश की. इसके बाद सुरक्षा अधिकारियों ने बल प्रयोग किया. गजनायके ने पुष्टि की कि घटना में जेल अधिकारियों और कैदियों दोनों की जानें गई हैं. घटना में मरने वाले लोगों के आंकड़े उन्होंने नहीं बताए. 

यह भी पढ़ेंः 'गांजा' ने दिलवाई 7 साल की सजा, अब भांग ने पूरी की पूरी खत्म करवा दी

डेराना चैनल ने नेगोम्बो जनरल अस्पताल की निदेशक डॉ. पुष्पा गमलथ के हवाले से बताया कि इस हिंसक झड़प में कम से कम 25 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. इनमें पांच जेल अधिकारी हैं और 20 कैदी. 100 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं. उन्हें नेगोम्बो जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को कोलंबो के नेशनल हॉस्पिटल में ट्रांसफर कर दिया गया है.

Advertisement

फिलहाल, पुलिस जेल खाली कराने की कोशिश कर रही है. अधिकारी मृतकों और घायलों की गिनती करने में जुटे हैं. साथ ही जेल से कैदियों के दूसरी जेलों में ट्रांसफर का काम भी शुरू किया जा रहा है. सेना के प्रवक्ता ब्रिगेडियर वारुणा गामेज ने रॉयटर्स को बताया कि पुलिस की मदद के लिए सेना से कहा गया है, लेकिन फिलहाल वो स्टैंडबाय पर है.

वीडियो: राम मंदिर चंदा चोरी के आरोपी के घर पंहुचा लल्लनटॉप, आरोपी के पिता क्या बोले?

Advertisement