The Lallantop

स्पेन में घुसने की कोशिश कर रहे मोरक्को के 57 लोगों की मौत, 60 हजार लोग बॉर्डर पहुंचे थे

Spain के Ceuta शहर में घुसने की कोशिश कर रहे Morocco के 57 प्रवासियों की मौत हो गई. मोरक्को से आए करीब 60,000 लोगों ने स्यूटा में घुसने की कोशिश की. क्या है पूरा मामला? लोग स्यूटा में घुसने की कोशिश क्यों कर रहे हैं?

Advertisement
post-main-image
हजारों लोगों ने मोरक्को से समुद्र और जमीन के रास्ते स्यूटा में घुसने की कोशिश की. (फोटो: X)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • स्पेन के स्वायत्त शहर स्यूटा में 31 जुलाई तक 57 मोरक्को के अवैध प्रवासी घुसने के प्रयास में सीमा पर भगदड़ व डूबने से मारे गए।
  • मोरक्को में बेरोजगारी व आर्थिक तंगी के कारण सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलने से हजारों लोग स्यूटा में घुसने की कोशिश में लगे।
  • स्पेन और मोरक्को सरकारें सुरक्षा बढ़ाकर सीमांकन कर रही हैं, मोरक्को ने सैनिकों से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कार्रवाई की।

अफ्रीका स्थित स्पेन के स्वायत्त शहर स्यूटा में अवैध रूप से घुसने की कोशिश कर रहे मोरक्को के 57 प्रवासियों की मौत हो चुकी है. बीते कुछ दिनों में करीब 60,000 लोगों ने मोरक्को से समुद्र और जमीन के रास्ते स्यूटा में घुसने की कोशिश की. इसी दौरान भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई. ज्यादातर लोगों की जान समुद्र में डूबने या सीमा पर मची भगदड़ के दौरान कुचलने से गई.

Advertisement

स्पेन सरकार का कहना है कि ज्यादातर लोगों को वापस मोरक्को भेज दिया गया है या वे खुद लौट गए हैं. स्पेनिश अखबार El Pais के मुताबिक, 30 जुलाई की रात करीब 8 बजे सुरक्षा बलों ने सबसे पहले नौ शव बरामद किए.

ये लोग एल ताराजल इलाके के पास समुद्र के रास्ते तैरकर स्यूटा पहुंचने की कोशिश कर रहे थे. रात बीतने के साथ मौतों का आंकड़ा लगातार बढ़ता गया. शुक्रवार, 31 जुलाई शाम तक यह संख्या 57 पहुंच गई. मौतों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है. इसे स्पेन की सीमा पर हाल के सालों की सबसे बड़ी त्रासदियों में गिना जा रहा है.

Advertisement
स्यूटा क्यों अहम है?

स्यूटा स्पेन का एक छोटा ऑटोनॉमस शहर है, लेकिन यह यूरोप में नहीं बल्कि उत्तरी अफ्रीका के तट पर बसा हुआ है. यह जमीन की तरफ से अफ्रीकी देश मोरक्को से घिरा हुआ है और दूसरी तरफ भूमध्य सागर है. यानी प्रवासियों के लिए स्यूटा ‘यूरोप का एंट्री गेट’ है‌. जैसे ही कोई प्रवासी मोरक्को की सीमा पार करके स्यूटा के अंदर कदम रखता है, वह यूरोप पहुंच जाता है. 

spain morocco border migrant tragedy
(फोटो AI/ChatGPT)

जो लोग बेहतर जिंदगी, रोजगार या दूसरे कारणों से यूरोप जाना चाहते हैं, वे अक्सर इसी रास्ते से स्पेन में घुसने की कोशिश करते हैं. इस बार भी मोरक्को से हजारों लोगों ने एक साथ स्पेन में घुसने की कोशिश की. इनमें ज्यादातर युवा थे. साथ ही महिलाएं, बच्चे और पूरे परिवार भी शामिल थे. इनमें से कई लोग सीमा के पास बसे मोरक्को के शहर फ्निदेक से आए थे.

हादसे के समय हजारों लोग एक साथ सीमा की तरफ बढ़े. कई लोग समुद्र में उतर गए. कुछ ने सीमा पर बने ब्रेकवाटर को पार करने की कोशिश की. इसी दौरान भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. कई लोग डूब गए और कई लोग पत्थरों और भीड़ के बीच दब गए.

Advertisement
57 प्रवासियों की मौत

रॉयटर्स के मुताबिक, गुरुवार सुबह से करीब 50,000 लोगों ने सीमा पार करने की कोशिश की. स्यूटा में स्पेन सरकार के प्रतिनिधि ने दावा किया कि स्पेन की तरफ से 57 शव बरामद किए गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि मोरक्को की तरफ मरने वालों की संख्या इससे ज्यादा हो सकती है. उनके मुताबिक भी कुछ लोगों की डूबने की वजह से मौत हो गई, तो कुछ लोग ब्रेकवाटर पर चढ़ने की कोशिश में कुचल गए.

अचानक लोग क्यों पहुंचे स्यूटा?

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, हाल ही में स्पेन की सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम कानूनी फैसला सुनाया था. इसके तहत, समुद्र के रास्ते स्यूटा या मेलिला आने वाले प्रवासियों को बिना उचित कानूनी प्रक्रिया के तुरंत वापस मोरक्को नहीं धकेला जा सकता. 

इसके बाद मानव तस्करी करने वाले गैंग्स ने सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म्स पर इस फैसले को गलत तरीके से पेश किया. उन्होंने स्थानीय युवाओं के बीच यह अफवाह फैला दी कि स्पेन का बॉर्डर खुल गया है और अब जो भी तैरकर जाएगा, उसे वहां पक्की एंट्री मिल जाएगी और तुरंत वापस नहीं भेजा जाएगा.

BBC की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने मानव तस्करी गिरोहों को ही इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने इस घटना को ‘स्पेन की क्षेत्रीय अखंडता का उल्लंघन’ बताया. स्पेनिश पीएम ने बताया कि मोरक्को को साथ लेकर दोनों देश इस मामले से निपट रहे हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, मोरक्को इस समय गंभीर बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक तंगी से जूझ रहा है. जैसे ही यूरोप में घुसने का यह ‘कथित आसान रास्ता’ सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मोरक्को के लोगों को लगा कि अपनी बदहाली से निकलने का यह उनके पास आखिरी और सुनहरा मौका है. वे बिना तैयारी के ही समुद्र में कूद पड़े.

स्पेन सरकार ने क्या बताया?

स्पेन के गृह मंत्रालय ने बताया कि 31 जुलाई की शाम तक करीब 48,300 लोग वापस लौट चुके थे या उन्हें लौटा दिया गया था. मंत्रालय का कहना है कि बड़ी संख्या में लोगों ने खुद की मर्जी से भी वापसी की. वहीं स्यूटा के स्थानीय प्रशासन प्रमुख जुआन जीसस विवाज ने कहा कि पिछले कुछ दिनों में करीब 60,000 लोगों ने सीमा पार करने की कोशिश की.

ये भी पढ़ें: रोहिंग्या मुसलमान कौन हैं और इन्हें लेकर भारत में इतना बवाल क्यों मचता है?

घटना के बाद मोरक्को की सेना ने सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी. सैनिकों ने लाठियों और आंसू गैस का इस्तेमाल कर भीड़ को आगे बढ़ने से रोका, ताकि और लोग स्यूटा में एंट्री न कर सकें. स्पेन और मोरक्को दोनों की सुरक्षा एजेंसियां हालात पर नजर बनाए हुए हैं. अधिकारियों को आशंका है कि सीमा के दूसरी ओर मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.

वीडियो: स्पेन में समंदर के रास्ते हजारों लोग क्यों आ रहे हैं?

Advertisement