'सूर्यवंशी' की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार और रोहित शेट्टी.
कोरोनावायरस के इस मुश्किल वक्त में लोगों की मदद करने वाले कोरोना वॉरियर्स की मदद को आए हैं फिल्ममेकर रोहित शेट्टी. रोहित ने पिछले दिनों FWICE (Federation of Western India Cine Employees) को 51 लाख रुपए का डोनेशन दिया था. उन पैसों को फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले दिहाड़ी मजदूरों के ऊपर खर्च किया जाना था. अब रोहित शेट्टी ने एक और जबरदस्त स्टेप लिया है. उन्होंने मुंबई पुलिस के लिए शहर में 8 होटलों का इंतज़ाम करवाया है. रोहित को इसके लिए थैंक यू बोलते हुए मुंबई पुलिस ने एक ट्वीट किया. इसमें उन्होंने लिखा-
''रोहित शेट्टी ने शहर भर में कुल 8 होटलों का इंतज़ाम करवाया है. ताकि हमारे ऑन ड्यूटी कोविड वॉरियर्स आराम कर सकें, नहा-धो सकें, और नास्ता-खाना कर सकें. कोरोना से लड़कर मुंबई को सेफ रखने में हमारी मदद करने के लिए उठाए उनके इस कदम के लिए हम उनका धन्यवाद करते हैं.''
रोहित शेट्टी वो पहले सेलेब्रिटी नहीं हैं, जिन्होंने इस तरह की व्यवस्था की है. इससे पहले रोहित की ही फिल्म 'सिंबा' में काम कर चुके एक्टर सोनू सूद ने भी मुंबई में अपना होटल हेल्थकेयर वर्कर्स यानी डॉक्टर, नर्स और पैरा-मेडिकल स्टाफ के रहने के लिए खोल दिया था. इन दोनों लोगों के अलावा शाहरुख खान और उनकी पत्नी गौरी खान ने अपना चार मंज़िला ऑफिस स्पेस बीएमसी (बृह्णमुंबई मुनिसिपल कॉरपोरेशन) के हवाले कर दिया था. ताकि मुंबई में लोगों को क्वॉरंटीन करने में जगह की दिक्कत न हो. उन्होंने अपना वो ऑफिस महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के रहने के लिए खोल दिया था.
रोहित ने अपने करियर में 'सिंघम' से लेकर 'सिंबा' और अब 'सूर्यवंशी' जैसी पुलिसिया फिल्में बनाईं हैं. या एक तरह से यूं कहें कि पुलिस बेस्ड फिल्मों से ही उनका करियर खड़ा हुआ है. ऐसे में रोहित के लिए ये सही मौका है, उन लोगों को कुछ देने का, जिनसे आपने इतना कुछ लिया है. और रोहित शेट्टी ये कर भी रहे हैं. हालांकि रोहित के इस कदम को कुछ लोग इन-डायरेक्ट रूप से फिल्म प्रमोशन भी कहेंगे लेकिन कहने वालों को कौन ही रोक पाया है. जिस दिन पीएम मोदी ने देशभर में लॉकडाउन का ऐलान किया था, उससे ठीक दो दिन पहले यानी 22 मार्च को रोहित शेट्टी की 'सूर्यवंशी' रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड थी. लेकिन कोरोनावायरस की वजह से देशभर के थिएटर्स बंद होने की स्थिति में फिल्म को अनिश्चितकाल के लिए पोस्टपोन कर दिया गया. इस फिल्म में अक्षय कुमार और कटरीना कैफ लीड रोल्स में नज़र आएंगे. वहीं अजय देवगन और रणवीर सिंह का फिल्म में गेस्ट अपीयरेंस होगा.
वीडियो देखें: सलमान के बाद अब डेली वर्कर्स की मदद को आगे आए रोहित शेट्टी