सिंगर बादशाह ने कबूला, अपने गाने 'पागल' पर 72 लाख व्यूज़ के लिए 74 लाख रुपए चुकाए
क्राइम ब्रांच के सामने बादशाह ने कबूली है ये बात. इस मामले में चार लोग गिरफ्तार हुए हैं.
Advertisement

अपने गाने 'पागल' के एक सीन मं बादशाह.
पिछले साल मुंबई पुलिस ने एक ऐसे रैकेट का भांडाफोड़ किया था, जो सेलेब्रिटीज़ और इंफ्लूएंसर्स के सोशल मीडिया फॉलोवर्स बढ़ाने का काम करता था. इस मामले में सिंगर-रैपर बादशाह का भी नाम सामने आया था. 11 जुलाई को सोनी म्यूज़िक के यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ किए जाने के अगले 24 घंटे में 'पागल' गाने को 75 मिलियन यानी 07 करोड़ 50 लाख बार यूट्यूब पर देखा गया है. इससे 'पागल' 24 घंटे के अंदर दुनिया में सबसे ज़्यादा बार देखा गया गाना बन गया. इसके बाद बादशाह पर ये आरोप लगे कि उन्होंने अपने गाने 'पागल' के लिए व्यूज़ खरीदे हैं. अब इस मामले में 446 पन्नों की चार्जशीट फाइल की गई. इसमें बताया गया है कि बादशाह ने 74 लाख रुपए देकर अपने गाने के लिए 72 लाख व्यूज़ खरीदे. इस चार्जशीट में 11 पंच, 25 गवाहों और पांच आरोपियों के नाम शामिल हैं. पांच आरोपियों में से चार की गिरफ्तारी हो चुकी है. जबकि बादशाह और एक्ट्रेस कोयना मित्रा इस मामले में गवाह हैं. इस मामले की शुरुआत तब हुई, जब सिंगर भूमि त्रिवेदी ने मुंबई पुलिस में कंप्लेंट दर्ज करवाई. भूमि की कंप्लेंट थी कि कोई अनजान व्यक्ति इंस्टाग्राम पर उनकी फेक आईडी बनाकर लोगों से संपर्क कर रहा है. शुरुआती जांच के बाद ये मामला क्राइम इंटेलीजेंस यूनिट के पास ट्रांसफर कर दिया गया. तब उस टीम को सचिन वाज़े लीड कर रहे थे. मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक सचिन को दिए बयान में बादशाह ने बताया कि उनका गाना सोनी म्यूज़िक इंडिया के चैनल पर एयर होना था. उन्होंने गाना रिकॉर्ड करके सोनी म्यूज़िक को दे दिया. उन्होंने वाजे को दिए अपने स्टेटमेंट में कबूला कि उन्होंने गाने के प्रमोशन का काम देख रही Qyuki Digital Media Pvt. Ltd. को 74,26,370 रुपए दिए थे. जिसमें 18 परसेंट जीएसटी भी शामिल था. बादशाह ने ये कदम सोनी म्यूज़िक के पवनेश पंजु के साथ बातचीत के बाद उठाया था. बादशाह का वो गाना आप यहां सुन सकते हैं- मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक Qyuki Digital Media Pvt. Ltd. के CFO महेंद्र पटेल ने क्राइम ब्रांच के सामने अपना बयान दर्ज करवाया. इसमें उन्होंने बताया उन्हें गाने के प्रमोशन के लिए सोनी म्यूज़िक के जय मेहता ने अप्रोच किया था. महेंद्र इसमें जोड़ते हैं कि उनकी कंपनी ने बादशाह का 'पागल' गाना प्रमोट किया. इसके बदले में उन्हें बादशाह से 74,26,370 रुपए मिले. इस मामले के आरोपी और एथिकल हैकर प्रेमेंद्र शर्मा ने मिड-डे को बताया कि उन्होंने 7-8 लोगों के फॉलोअर्स बढ़वाए हैं. प्रेमेंद्र के अलावा इस मामले के अन्य आरोपियों के नाम हैं- अभिषेक दावड़े, काशिफ मंसूर और विजय बंठिया. इन सब लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. मगर ताबिश अली मीर नाम का एक आरोपी अब भी फरार है. मंसूर ने मिड-डे से बात करते हुए बताया कि जिन लोगों ने अपने फॉलोअर्स बढ़वाए उनके खिलाफ किसी तरह का कोई एक्शन नहीं लिया गया. जिन सेलेब्रिटीज़ ने ये स्वीकार भी किया कि उन्होंने गलत तरीके से अपने फॉलोअर्स बढ़वाए हैं, उनके साथ भी कुछ नहीं हुआ. मंसूर का कहना है कि वो लोग सिर्फ कमिशन की बेसिस पर काम करते हैं.
Advertisement













