सोशल मीडिया बहुत फास्ट चीज है. इस प्लेटफॉर्म पर फैलने-फैलाने का काम यूं होता है कि बड़े से बड़ा रायतेबाज भी शरमा जाए. महाभारत में यक्ष युधिष्ठिर से प्रश्न करते हैं- हवा से भी तेज क्या है? युधिष्ठिर कहते हैं, मन. कलियुग में जवाब बदल चुका है. यहां सबसे तेजी से अफवाह रफ्तार पकड़ती है. मन की गति से भी तेज.व्हाट्सएप पर एक फोटू वायरल हो रहा है. आजतक चैनल का स्क्रीनशॉट धड़ल्ले से शेयर हो रहा है. इसके अनुसार, मोदी अपने संबोधन में कह रहे हैं कि आज रात से पूरे भारत में शराब बंद हो जाएगी. असल कहानी ये है कि ये स्क्रीनशॉट फर्जी है और फ़ोटोशॉप से बदला हुआ है. जो फॉण्ट इस बदले हुए फोटू में यूज किया गया है, न्यूज़ चैनल ये फॉण्ट इस्तेमाल नहीं करते.
ऐसा नहीं है कि शराब बंद होना बुरा है लेकिन झूठ बोल के रामराज्य अवतरित करा देना कहां लिखा है मितरों. मतलब क्या लगता है तुमको? ऐसा करके कोई बड़ा अच्छा काम कर रहे हो. पिक्स्लर से तो हिंदी लिखी है तुमने. अलग ही पता चल रही है. छिछड़ी-छिछड़ी. पहले तो चलो ऐसी बातें मजाक में ठीक लगती थीं, माने पीएम भाषण देने को हुए और तुमने मजाक कर दिया कि आज से दारू बंद पर. उन बेचारों का सोचो जिन्हें इस खबर से हार्ट अटैक आ सकता है. और लोग इतने दुष्ट हैं कि इसको सचमुच की न्यूज बताकर चांपे पड़े हैं, ये कौन सी होशियारी हुई मितरों? ये स्टोरी अभिषेक ने की है.











