The Lallantop

लेक्चरर से ASP बनी थीं दिव्या, आलीशान रिजॉर्ट, बिजनेस से घूस तक सब बर्खास्त सिपाही संभालता था

2 करोड़ की रिश्वत के मामले में अरेस्ट ASP दिव्या मित्तल का निकला करोड़ों का रिजॉर्ट और फार्म हाउस

Advertisement
post-main-image
उदयपुर स्थित दिव्या मित्तल का रिजॉर्ट (फोटो- आज तक)

राजस्थान (Rajasthan) की एंटी करप्शन यूनिट (ACB) ने अजमेर (Ajmer) में रिश्वत लेने के आरोप में एडिशनल एसपी दिव्या मित्तल को गिरफ्तार कर लिया है. ACB की एक टीम दिव्या मित्तल के उदयपुर स्थित फार्म हाउस और रिजॉर्ट ‘नेचर हिल’ में भी पहुंची. आलीशान फार्म हाउस और रिजॉर्ट देखकर अधिकारी दंग रह गए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े महेंद्र बांसरोटा के मुताबिक दिव्या मित्तल का फार्महाउस और रिजॉर्ट उदयपुर के चिकलवास इलाके में है. ACB की टीम ने इन दोनों जगहों से भारी मात्रा में शराब बरामद की है. बताया जाता है कि ये शराब उनके स्पेशल गेस्ट को दी जाती थी. दिव्या के इस रिजॉर्ट की देख-रेख राजस्थान पुलिस से बर्खास्त हो चुका एक सिपाही सुमित कुमार करता था.

divya mittal udaipur resort photos
दिव्या मित्तल का उदयपुर में स्थित आलीशान रिजॉर्ट

पुलिस को दिव्या मित्तल के रिजॉर्ट और फार्म हॉउस से बियर की 27 बोतलें बरामद हुई हैं. पुलिस ने ये भी बताया है कि रिजॉर्ट में शराब बेचने का कोई भी लाइसेंस संचालक की तरफ से नहीं लिया गया था. ये भी बताया जाता है कि रिश्वत मामले में एक व्यक्ति को इसी रिजॉर्ट में बुलाकर सुमित कुमार ने डराया-धमकाया था. फिर इस व्यक्ति ने ही दिव्या मित्तल द्वारा 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने की शिकायत ACB से की थी.

Advertisement
दिव्या पहले लेक्चरर थीं

दिव्या मित्तल का परिवार मूल रूप से हरियाणा का रहने वाला है. करीब 45 साल पहले उनके पिता हरियाणा से राजस्थान के चिड़ावा में शिफ्ट हो गए थे. चिड़ावा पहुंचने के बाद दिव्या के पिता ने एक ट्रैक्टर एजेंसी खोली. दिव्या मित्तल की शुरुआती पढ़ाई चिड़ावा में ही हुई. 

asp divya mittal photos
ASP दिव्या मित्तल

दिव्या ने साल 2007 में राजस्थान एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस (RAS) की परीक्षा पास की. लेकिन, इस परीक्षा के फाइनल रिजल्ट पर रोक लग गई. साल 2010 में रोक हटने के बाद दिव्या ने राजस्थान पुलिस सर्विस ज्वाइन की. RAS परीक्षा पास करने से पहले दिव्या ने पिलानी के साबू कॉलेज में लेक्चरर के रूप में काम किया था. दिव्या के दो भाइयों का प्राइवेट बस और माइनिंग का बिजनेस है.

किस मामले में रिश्वत मांगी?

राजस्थान की अजमेर पुलिस ने साल 2021 में 16 करोड़ रुपये से ज्यादा की नशीली दवाओं की एक खेप पकड़ी थी. इसमें से जयपुर में साढ़े पांच करोड़ ओर अजमेर से 11 करोड़ रुपये की दवाओं के साथ आरोपी पकड़े गए थे. इस मामले में आरोपियों का नाम हटाने के बदले में एसओजी की ASP दिव्या मित्तल पर रिश्वत मांगने के आरोप लगे. मामले में रिश्वत लेने की जानकारी एक शख्स ने 4 जनवरी को ACB को दी थी. जिसके बाद ACB ने कार्रवाई शुरू की. 

Advertisement

वीडियो: केजरीवाल के विधायक ने दिल्ली विधानसभा में नोट लहराते हुए क्या आरोप लगा दिए?

Advertisement