The Lallantop

एक्टर अनिल रस्तोगी ने पीएम मोदी को इग्नोर किया? हाथ न मिलाने की घटना पर खुद सब बताया

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री, पद्म भूषण, और पद्म विभूषण पुरस्कार सौंपे. पद्मश्री सम्मान लेने के ठीक पहले, 83 साल के अनिल, लगभग 76 साल के प्रधानमंत्री मोदी का बढ़ाया हुआ हाथ नहीं देख पाए. इसी मोमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से घूमने लगा.

Advertisement
post-main-image
एक्टर अनिल रस्तोगी ने वायरल वीडियो पर जवाब दिया है (PHOTO-X)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • 83 वर्षीय अभिनेता अनिल कुमार रस्तोगी को 24 जून को राष्ट्रपति भवन में आयोजित Civil Investiture Ceremony – II में पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
  • समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अनिल रस्तोगी को हाथ बढ़ाया था, जिसे उम्र और भावुकता के कारण अनिल ने पहले नहीं देखा था, जिससे सोशल मीडिया पर विवाद उत्पन्न हुआ।
  • इस घटना की सफाई देते हुए अनिल ने बताया कि उन्होंने मोदी का हाथ बाद में देखा और इसका मतलब उनके प्रति सम्मान की कमी नहीं है, जिससे सार्वजनिक चर्चा और प्रतिक्रियाएँ जारी हैं।

भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में एक शानदार एक्टर हैं. नाम है अनिल कुमार रस्तोगी. 24 जून को राष्ट्रपति भवन में पद्म पुरस्कार दिए जा रहे थे. इसी दौरान एक वीडियो सामने आया जिसकी खूब चर्चा हो रही है. वीडियो में एक्टर अनिल रस्तोगी राष्ट्रपति भवन में हाथ जोड़े, चेहरे पर मुस्कान लिए, आगे बढ़ रहे हैं. सामने देश की टॉप पॉलिटिकल लीडरशिप बैठी है जो मुस्कराते हुए हाथ जोड़कर उनका स्वागत कर रही है. इतने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जोड़े हुए हाथ, एक्टर अनिल की ओर बढ़ाते हैं. मगर अनिल इस अभिवादन को नहीं देखते, और आगे बढ़ जाते हैं. फिर अनिल रस्तोगी पलटते हैं, और वो भी PM मोदी का हाथ-जोड़कर अभिवादन करते हैं. जिसके बाद मोदी उन्हें देखते रहते हैं. फिर बाद में वो आगे बढ़ते हैं और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से अपना पद्मश्री सम्मान स्वीकार करते हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ये वीडियो उस वक्त का है, जब राष्ट्रपति भवन में Civil Investiture Ceremony – II ऑर्गेनाइज हुई थी. इस सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पद्मश्री, पद्म भूषण, और पद्म विभूषण पुरस्कार सौंपे. 24 जून को ये कार्यक्रम हुआ था. जिसमें एक्टर अनिल रस्तोगी को भी सम्मानित किया गया. मगर पद्मश्री सम्मान लेने के ठीक पहले, 83 साल के अनिल, लगभग 76 साल के प्रधानमंत्री मोदी का बढ़ाया हुआ हाथ नहीं देख पाए. इसी मोमेंट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से घूमने लगा. तरह-तरह के दावे किए जाने लगे. जैसे, एक्टर अनिल ने जानबूझकर प्रधानमंत्री मोदी को नजरअंदाज कर दिया.

अनिल रस्तोगी ने क्या बताया?

अनिल कुमार रस्तोगी ने खुद इस पूरे विवाद पर सफाई दी है. पहले उन्होंने TMC के पूर्व सांसद ‘साकेत गोखले’ की एक पोस्ट के नीचे रिप्लाई किया. अनिल रस्तोगी ने कहा, 

Advertisement

‘जो लोग इसका मज़ाक बना रहे हैं, उनसे मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि मेरी उम्र 80 साल से ज्यादा है. मेरी उम्र की वजह से मुझसे ये चूक हो गई. मैं हमारे प्रधानमंत्री का बेहद सम्मान करता हूं और मेरा मानना है कि फिलहाल देश चलाने के लिए वही सबसे बेहतर चॉइस हैं हमारे पास.’

anil rastogi modi video
साकेत गोखले की पोस्ट पर अनिल रस्तोगी ने रिप्लाई किया है (PHOTO- Screengrab from X)

अनिल रस्तोगी के इस रिप्लाई के बावजूद सोशल मीडिया पर ये वीडियो लगातार शेयर किया जाता रहा है. जिसके कुछ घंटों बाद, 24 जून की रात अनिल रस्तोगी ने एक बयान जारी किया. एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने लिखा कि हर चीज पॉलिटिक्स नहीं होती. अनिल रस्तोगी ने अपने बयान में कहा,

‘पद्म पुरस्कार समारोह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिखाया जा रहा है कि मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हाथ नहीं मिलाया. दुर्भाग्य की बात है कि पूरे समारोह में जो कुछ भी हुआ, उसमें से कुछ लोगों ने सिर्फ इसी बात पर ध्यान दिया कि एक 83 साल का बुज़ुर्ग, यानी मैं, मोदी जी की तरफ़ से बढ़ाया गया हाथ नहीं देख पाया और आगे बढ़ गया.’

Advertisement

इसके बाद वो कहते हैं कि उन्हें इस बात का इल्म ही नहीं था कि वहां हो क्या रहा है. अनिल ने कहा कि उन्हें सेरेमनी का टेलीकास्ट देखने पर ये बात पता चली. उन्होंने आगे लिखा,

‘मुझे तो इस बारे में तब पता चला, जब मैंने बाद में उसका टेलीकास्ट देखा. मैं भारत के सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में से एक पुरस्कार लेने गया था. मेरे लिए ये बहुत बड़ी उपलब्धि थी. मैं बेचैन और भावुक भी था. इसी वजह से मोदी जी का बढ़ाया हुआ हाथ मैंने मिस कर दिया. इसका ये मतलब कतई नहीं है कि मेरे मन में उनके लिए कम इज्जत है.’

इसके बाद कैप्शन में “Not Everything is about Politics” लिखने वाले अनिल रस्तोगी ने कुछ राजनीतिक बातें भी कहीं. उन्होंने कहा कि वो हमेशा से BJP के सपोर्टर रहे हैं और नरेंद्र मोदी के लिए उनके मन में बहुत आदर है. उनके मुताबिक वो मानते हैं कि भारत का नेतृत्व करने के लिए एक्टिव पॉलिटिक्स में मौजूद सभी नेताओं में से सबसे ज्यादा तजुर्बा और काबिलियत नरेंद्र मोदी के पास ही है.

दिग्गज एक्टरों में शुमार हैं अनिल कुमार रस्तोगी

अनिल रस्तोगी का नाम, PM मोदी की अगुआई वाली सरकार ने पद्मश्री सम्मान के लिए 25 जनवरी को घोषित किया था. तब से अनिल इस अवॉर्ड को लेकर उत्सुक थे. हालांकि इस विवाद के बाद से वो चिंतित हो गए हैं. 83 साल के अनिल कुमार रस्तोगी भारतीय थियेटर और सिनेमा का जाना-माना नाम हैं. उन्होंने अपने करियर में 99 नाटकों में एक्टिंग की है और देश-दुनिया में करीब 1,000 स्टेज परफॉर्मेंस दी हैं.

(यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा, विजय अमृतराज और सविता पूनिया को मिले पद्म पुरस्कार)

फिल्मों की बात करें, तो वो 75 से ज़्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं. इनमें इशकज़ादे, मुल्क, रेड और थप्पड़ जैसी फिल्में शामिल हैं. इसके अलावा अनिल 14 वेब-सीरीज और टेलीविजन के करीब 500 एपिसोड्स में भी एक्टिंग कर चुके हैं. हालांकि इस बार वो अपने किसी शो, सीरीज या फिल्म के लिए नहीं, एक छोटी सी वीडियो के चलते चर्चा में हैं.

वीडियो: पंजाब सीएम भगवंत मान के वायरल वीडियो पर नया विवाद, किसकी गिरफ्तारी हुई?

Advertisement