जनशक्ति जनता दल (JJD) के नेता और बिहार सरकार में पूर्व मंत्री रहे तेज प्रताप यादव ने 23 जून को अपने पर्सनल असिस्टेंट (PA) के खिलाफ चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. अब पता चला है कि इस घटना से कुछ दिन पहले ही दोनों के खिलाफ घर में जबरदस्ती घुसने और धमकी देने के मामले में FIR दर्ज हुई थी.
'तेज प्रताप रात में मेरी बहन से मिलने आए, जबरन घुसे', ये आरोप लालू यादव के बेटे की मुश्किल बढ़ाएंगे!
Tej Pratap Yadav और उनके PA मोती लाल राय पर पहले घर में घुसकर धमकी देने की FIR दर्ज हुई थी. इसके कुछ दिन बाद, तेज प्रताप ने खुद अपने PA पर चोरी का आरोप लगाया है. पहली वाली FIR में बड़े आरोप लगे.


तेज प्रताप यादव ने सचिवालय पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि 22 जून को उनके हार्डिंग रोड स्थित घर से करीब 20 लाख रुपये कैश, दो तोला सोने की चेन, एक सोने की अंगूठी, चार ड्रोन, दो हार्ड डिस्क, एक आईपैड, एक मैकबुक, एक लेनेवो लैपटॉप और चार iPhone 17 Pro Max रखे थे, जो अब गायब हैं. तेज प्रताप का दावा है कि चोरी हुए 20 लाख रुपये पार्टी फंड के थे. इसके लिए उन्होंने अपने पीए मोती लाल राय को जिम्मेदार ठहराया.
एक हफ्ते पहले दर्ज हुई थी FIRइंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, एक हफ्ते पहले पटना के पाटलिपुत्र पुलिस स्टेशन में तेजप्रताप और मोती लाल के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी. यह FIR आकाश गौरव (उर्फ आकाश यादव) की 10 जून को दी गई शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी. गौरव पूर्व RJD नेता हैं और अनुष्का यादव के भाई हैं. बीते साल तेज प्रताप यादव ने अनुष्का के साथ फेसबुक पर फोटो शेयर कर दावा किया था कि वे 12 साल से रिश्ते में हैं.
गौरव ने आरोप लगाया कि तेज प्रताप और मोती लाल राय ने 6 जून को जबरन उनके घर में घुसने की कोशिश की और बाद में फोन पर उनके परिवार को धमकी दी. FIR दर्ज होने के बाद तेज प्रताप ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी किया. इसमें उन्होंने गौरव की शिकायत को ‘झूठा और मनगढ़ंत’ बताया. उन्होंने गौरव को 7 जून को भेजे गए एक कानूनी नोटिस की तस्वीरें भी शेयर कीं. इस नोटिस में आरोप लगाया गया था कि गौरव ने उन्हें अपशब्द कहे और धमकी दी थी.
10 जून की शिकायत में क्या था?शिकायत में गौरव ने आरोप लगाया कि 6 जून की रात, जब वह शहर में नहीं थे, तब तेज प्रताप और मोती लाल पटना में उनके घर पहुंचे और उनकी बहन से मिलने की जिद करने लगे. गौरव ने बताया कि उनके परिवारवालों ने कहा कि वे इतनी देर रात किसी को घर के अंदर नहीं आने देना चाहते. गौरव का आरोप है कि तेज प्रताप और मोती लाल ने जबरदस्ती अंदर घुसने की कोशिश की. जब तेज प्रताप ने कहा कि उन्हें वॉशरूम जाना है, तो परिवार वाले मान गए.
ये भी पढ़ें: तेज प्रताप यादव के घर से 20 लाख कैश, सोना, लैपटॉप, आईफोन चोरी
गौरव के मुताबिक, घर के अंदर आने के बाद तेज प्रताप ने वहां से जाने से इनकार कर दिया. गौरव ने अपनी FIR में बताया कि इसके बाद उन्हें एक फोन कॉल आया जिसमें 6 जून की घटना को ‘सीक्रेट’ रखने के लिए कहा गया. साथ ही पुलिस के पास जाने पर और भी धमकी भरे कॉल आए, जिनमें से एक कॉल करने वाले ने खुद को ‘लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा’ बताया. गौरव का दावा है कि उन्होंने सबूत के तौर पर वॉइस नोट्स, कॉल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज सुरक्षित रखे हैं.
पुलिस ने कहा कि अभी तक किसी गैंग कनेक्शन की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, FIR दर्ज कर ली गई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
वीडियो: अनुष्का यादव के भाई ने तेज प्रताप पर क्या आरोप लगाए?
















