आज ट्रेन में हिंदी और अंग्रेजी का सफर करने वालों के लिए बड़ा दिन है. सबसे तेज ट्रेन गतिमान एक्सप्रेस चलने जा रही है. निजामुद्दीन स्टेशन से 10 बजे ग्रीन सिग्नल देंगे रेलमंत्री सुरेश प्रभु. इंडिया में सबसे तेज स्पीड वाली ट्रेन होगी ये, दिल्ली से आगरा के बीच की दूरी है 195 किलोमीटर. जो ये तय करेगी 100 मिनट में. माने एक मिनट में दो किलोमीटर जाएगी. निजामुद्दीन से यह ट्रेन सुबह 8:10 बजे रवाना होगी और 9:50 बजे आगरा पहुंचेगी. वापसी में यह आगरा से शाम 5:50 बजे चलेगी और 7:30 बजे निजामुद्दीन पहुंचेगी. निकलने से पहले देख लेना, शुक्रवार को नहीं चलेगी ये ट्रेन.
काम के फैक्ट्स
1. दो एक्जीक्यूटिव एसी चेयर कार और आठ एसी चेयर कोच होंगे. मतलब फइल के बइठो गर्मी में. 2. एसी चेयरकार का किराया 750 और एक्जीक्यूटिव चेयरकार का जस्ट डबल. यानी 1500 रुपए. माने जेब खनिहाने के लिए तैयार रहो. 3. प्लेन वाली फीलिंग तो तब आएगी जब एयरहोस्टेस की तरह ट्रेन होस्टेस गुलाब देकर मुस्कियाते हुए स्वागत करेंगी. 4. वाईफाई मिलेगा ट्रेन में. वो भी फ्री. ऐसा वो कह रहे हैं. स्मार्टफोन, लैपटॉप और टैबलेट पर भिड़े रहने के लिए. 5. खाने का जुगाड़ अच्छा रहेगा. साउथ इंडियन खाने के साथ भूने मेवे, चिकन और अंडा रोल भी भकोसेने को मिलेगा.
सुपरफास्ट ट्रेन कित्ती फास्ट
160 किलोमीटर प्रतिघंटा से तेज रफ्तार होगी. 5400 हॉर्स पावर का इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव इंजन लगा है इस ट्रेन में. कुल 12 कोच हैं. दिल्ली से आगरा के बीच की 195 किलोमीटर की दूरी ये 100 मिनट में तय करेगी. इसकी जगह इन ट्रेन्स को दौड़ाया जाए तो इत्ता फर्क पड़ेगा जापान की मैग्लेव यही दूरी तय करेगी 19 मिनट में फ्रांस की ग्रांड विटे जाएगी 20.5 मिनट में चीन की मैग्लेव 27 मिनट ले लेगी इटली की AGV इटालो 32 मिनट में पहुंचाएगी जापान की बुलेट ट्रेन शिंकासेन 37 मिनट में यूरोप की यूरोस्टार हाईस्पीड जाएगी 39 मिनट में अमेरिका की एम्ट्रेक एसिला 48 मिनट में जाकर गिरा देगी. लेकिन हमको रहना है इंडिया में. तो शेखचिल्ली के सपनों से बाहर आओ और जो गाड़ी मिल रही है उसका टिकट कटा के निकल्लो.