आज की तारीख में विधायक बनने के बाद यही शक्तिमान वाली शक्ति आ जाती है और उनसे जुड़े लोग शक्तिमान से भी ज़्यादा पावरफुल हो जाते हैं. आपको ये बात थोड़ी कटाक्ष वाली लग रही होगी. लेकिन ये कटु सत्य है. अब झांसी वाली घटना को ही देख लीजिए. वहां बिल्कुल ऐसा ही हुआ है. झांसी के गरोठा से विधायक हैं जवाहर लाल राजपूत. इनके बेटे हैं राहुल राजपूत. चुनाव का माहौल है. आचार संहिता लगी है. लेकिन जनाब बिना नंबर प्लेट के गाड़ी चला रहे थे. पुलिस ने रोका तो गाली गलौच पर उतर आए. हिंदुस्तान टाइम्स ने एक पुलिस वाले के हवाले से लिखा है कि मामला सिर्फ गाली तक सीमित नहीं रहा बल्कि विधायक-पुत्र ने पुलिस वाले को थप्पड़ भी मार दिया.

गाड़ी के कागज़ात मांगने पर विधायक के बेटे पर मारपीट करने के आरोप लगे. (तसवीर- वीडियो ग्रैब)
पुलिस ने बस उनसे गाड़ी के कागज़ात मांगे और नंबर नहीं लगे होने की वजह पूछी. लेकिन राहुल राजपूत कागज़ात दिखाने की जगह पुलिस को गंदी-गंदी गाली देने लगे. सोशल मीडिया पर राहुल का जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें वो गाली देते हुए साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं. वीडियो में इतनी गाली है कि हम उसे यहां नहीं लगा सकते और ना ही आपको दिखा सकते हैं. लंबी बहसबाजी के बाद पुलिस विधायक के बेटे को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गई.
मामले की खबर विधायक साहब को लगी. फिर विधायक साहब पूरे लाव-लश्कर के साथ थाने पहुंच गए. थाने पहुंचे विधायक साहब के साथ लोग नारेबाजी करने लग गए. काफी देर तक शोर-शराबा हुआ. फिर मौके पर ज़िलाधिकारी और एसएसपी पहुंचे जिन्होंने मामले को शांत करवाया.

मामले की खबर लगने के बाद विधायक अपने समर्थकों के बाद थाने पहुंच गए.
अब इस मामले में अपडेट ये है कि विधायक के बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. साथ ही विधायक के साथ जो लोग थाने पहुंचकर हल्ला मचा रहे थे उनमें से भी कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है. कुल मिलाकर ‘पपा विधायक हैं हमारे’ करना विधायक के बेटे के लिए महंगा पड़ गया.












