The Lallantop

मणिपुर पर पीएम मोदी बोले, 'नॉर्थ-ईस्ट जिगर का टुकड़ा, कांग्रेस की वजह से हालात खराब'

PM मोदी ने कहा, ‘देश भरोसा रखे, मणिपुर में शांति का सूरज जरूर उगेगा.’

Advertisement
post-main-image
पीएम ने कहा कि गृह मंत्री ने पत्र लिखकर मणिपुर पर चर्चा करने की बात कही थी, लेकिन विपक्ष का इरादा चर्चा का नहीं था. (फोटो- PTI)

विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 अगस्त को संसद को संबोधित किया. दो घंटे से ज्यादा चले अपने भाषण में पीएम मोदी मणिपुर के मुद्दे पर भी बोले. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री ने पत्र लिखकर मणिपुर पर चर्चा करने की बात कही थी, लेकिन विपक्ष का इरादा चर्चा का नहीं था. कहा कि विपक्ष के पेट में दर्द था, लेकिन सिर फोड़ रहे थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मणिपुर पर प्रधानमंत्री के भाषण में क्या खास रहा जानिए.

- पीएम मोदी बोले कि मणिपुर में एक अदालत का फैसला आया. उनके पक्ष-विपक्ष में परिस्थिति बनी और हिंसा का दौर शुरू हुआ. कई लोगों ने अपनों को खोया, महिलाओं के साथ अपराध हुआ. दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार काम कर रही है. देश भरोसा रखे, मणिपुर में शांति का सूरज जरूर उगेगा. मणिपुर के लोगों से भी कहना चाहता हूं कि देश आपके साथ है. हम आपके साथ हैं.

Advertisement

 

विपक्षी दलों के इस बयान पर कि, पीएम मोदी नॉर्थ ईस्ट को देश का हिस्सा नहीं मानते हैं, मोदी ने पलटवार किया. उन्होंने तीन घटनाओं का जिक्र कर कांग्रेस पर हमला किया.

Advertisement

- पीएम मोदी ने कहा कि पांच मार्च 1966 को कांग्रेस ने मिजोरम में असहाय नागरिकों पर अपनी वायुसेना से हमला करवाया था. क्या मिजोरम के लोग भारत के नागरिक नहीं थे? निर्दोष नागरिकों पर कांग्रेस ने हमला करवाया था. आज भी पांच मार्च को पूरा मिजोरम शोक मनाता है. कांग्रेस ने इस सच को छुपाया, कभी घाव भरने की कोशिश नहीं की. इस वक्त इंदिरा गांधी पीएम थीं. अकाल तख्त पर हमला सबको याद है. लेकिन ऐसे हमले पहले ही शुरू हो गए थे.

- पीएम ने 1962 की घटना का जिक्र किया. कहा कि वो खौफनाक प्रसारण याद है. देश पर चीन का हमला हो रहा था. लोगों को मदद की आस थी. ऐसी विकट घड़ी में पंडित नेहरू ने कहा था कि ‘My heart goes out to the people of Assam’. नेहरू ने वहां के लोगों को भाग्य पर जीने के लिए छोड़ दिया था.

- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो लोग अपने आप को लोहिया का वारिस कहते हैं. उनको बता दें कि लोहिया ने नेहरू पर आरोप लगाते हुए कहा था कि नेहरू जानबूझकर नॉर्थ ईस्ट का विकास नहींं कर रहे. उस जगह को हर तरह के विकास से वंचित रखा गया है.

- मोदी ने आगे कहा कि जहां पर एक-दो लोकसभा सीट होती थीं, उनकी तरफ कांग्रेस का ध्यान नहीं रहा. लेकिन हमारे लिए नॉर्थ ईस्ट जिगर का टुकड़ा है. नॉर्थ ईस्ट और मणिपुर की स्थिति की वजह कांग्रेस है.

राहुल को कहा 'फेल प्रोजेक्ट'

मोदी ने संसद में भाषण देते हुए कहा कि कल यहां दिल से बात करने की बात कही गई. उनके दिमाग के हाल को देश ने देखा था. अब उनके दिल का हाल भी देख लिया. उन्होंने आगे कहा,

“इनका मोदी प्रेम भी जबरदस्त है. इनके सपने में भी मोदी आता है. अगर मोदी भाषण करते वक्त पानी पिए तो सीना तान कर कहेंगे कि देखिए मोदी को पानी पिला दिया. अगर कड़ी धूप में जनता दर्शन को जाऊं तो कहेंगे देखिए मोदी को पसीना ला दिया.”

मोदी ने कहा कि कांग्रेस बरसों से एक ही ‘फेल प्रोजेक्ट’ को बार-बार लॉन्च करती है. लेकिन वो फेल हो जाता है. इसका नतीजा ये हुआ कि जनता के प्रति उनकी नफरत सातवें आसमान पर है. उनके पीआर वाले प्रचार करते हैं मोहब्बत की दुकान का. लेकिन देश की जनता कह रही है कि ये लूट की दुकान और बाजार है. इसमें नफरत, घोटाले और तुष्टिकरण है. इस दुकान ने इमरजेंसी, बंटवारा, सिखों पर अत्याचार बेचा, इतिहास बेचा है.

वीडियो: क्यों वायरल हुआ राहुल गांधी का स्कूटर सवार के लिए गाड़ी से उतरना?

Advertisement