The Lallantop

तमिलनाडु में राजभवन पर पेट्रोल बम से हमला, गिरफ्तारी के बाद आरोपी के बारे में ये बात पता चली

कोर्ट में खड़ी मोटरसाइकिल से पेट्रोल चुराया. राजभवन के पास पहुंच कर उसने पेट्रोल को दो बोतलों में भरा. फिर उसने दोनों बोतलों में आग लगाई और राजभवन के गेट नंबर 1 की ओर फेंक दिया.

Advertisement
post-main-image
हमला करने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. (तस्वीर साभार: इंडिया टुडे)

तमिलनाडु में राजभवन के मेन गेट के बाहर एक शख्स ने पेट्रोल बम से हमला कर दिया. ये तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि का निवास है. घटना 25 अक्टूबर की शाम 3 बजे की है. हमला करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक हमले में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद तमिलनाडु में राजनीतिक बयानबाजियां शुरु हो गई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पुलिस के अनुसार हमलावर का नाम कारुक्का विनोथ है. जिस पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ने सैदापेट कोर्ट में खड़ी मोटरसाइकिल से पेट्रोल चुराया. राजभवन के पास पहुंच कर उसने पेट्रोल को दो बोतलों में भरा. फिर उसने दोनों बोतलों में आग लगाई और राजभवन के गेट नंबर 1 की ओर फेंक दिया.

ड्यूटी पर तैनात पुलिस वालों ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. बुधवार को राजभवन के आधिकारिक X (पहले ट्विटर) अकाउंट से भी हमले के बारे में बताया गया. राजभवन ने लिखा कि "कुछ उपद्रवियों ने मेन गेट से राजभवन में घुसने का प्रयास किया. हालांकि पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया. हमलावरों ने राजभवन के अंदर दो पेट्रोल बम फेंके और भाग निकले."

Advertisement

इस पोस्ट में प्रधानमंत्री और गृह मंत्री कार्यालय को भी टैग किया गया है.

ये भी पढ़ें: तमिलनाडु की पटाखा फैक्ट्रियों में धमाके, 9 महिलाओं समेत 11 लोगों की मौत

Advertisement

कौन है आरोपी?

आरोपी कारुक्का विनोथ तेनाम्पेट का रहने वाला है. विनोथ को पिछले साल चेन्नई में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. कुछ रोज पहले ही वह जेल से बाहर आया था.

पुलिस ने आईपीसी की धारा 436, 353,506(ii), विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और तमिलनाडु प्रॉपर्टी ऐक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है.

चेन्नई पुलिस के एडिशनल कमिश्नर प्रेम आनंद सिंहा ने इंडिया टुडे को बताया कि 

"आरोपी इस तरह की घटनाओं को पहले भी अंजाम देता रहा है. भाजपा कार्यालय के साथ उसने एक बार पुलिस स्टेशन के बाहर भी ऐसा ही किया था. घटना के वक्त आरोपी शराब के नशे में था. उस पर पहले से 4-5 मामले दर्ज हैं."

शुरु हुई राजनीति

घटना के बाद विपक्षी दलों ने तमिलनाडु की डीएमके सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा है. तमिलनाडु भाजपा के प्रमुख के अन्नामलाई ने कहा कि राज्य में अपराधी सड़कों पर उतर आए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर लिखा कि "संयोग से इसी आरोपी ने पिछले साल चेन्नई स्थित बीजेपी कार्यालय पर भी हमला किया था." उन्होंने डीएमके सरकार पर इन हमलों को प्रायोजित करने का आरोप भी लगाया.

अन्नाद्रमुक प्रमुख और विपक्ष के नेता एडप्पादी के पलानीस्वामी ने भी राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है. 

वीडियो: तमिलनाडु गवर्नर आरएन रवि का स्टालिन के मंत्री को बर्खास्त करने का फैसला बदल गया!

Advertisement