जिन लोगों ने Paytm के शेयर खरीदकर रखे हुए हैं, उनके लिए अच्छी खबर आई है. लगातार दूसरे दिन पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (One 97 Communications) के शेयर में उछाल देखने को मिला. 19 फरवरी को बॉम्बे स्टॉक्स एक्सजेंच (BSE) और नेशनल स्टॉक्स एक्सचेंज (NSE) पर पेटीएम के शेयर पांच-पांच प्रतिशत चढ़े. BSE में पेटीएम का शेयर चढ़कर 358.55 रुपये और NSE में 358.35 तक पहुंच गया. पेटीएम के निवेशकों के लिए कुछ ऐसी ही खबर 16 फरवरी को भी आई थी. उस दिन भी BSE और NSE पर कंपनी के शेयर पांच-पांच प्रतिशत चढ़े थे. यानी लगातार दो दिन मार्केट में पेटीएम के शेयर में उछाल देखा गया.
RBI के डंडा चलाने के बावजूद Paytm के शेयर उछलने क्यों लगे?
31 जनवरी को RBI ने Paytm की बैंकिंग सेवाओं पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था.


31 जनवरी को केंद्रीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक आदेश जारी किया था. आदेश के मुताबिक, पेटीएम पेमेंट बैंक लिमिटेड के ग्राहक खातों, वॉलेट और फास्टैग पर रोक लगा दी थी. RBI ने आदेश दिया था कि 29 फरवरी से सभी निर्देश अमल में लिए जाएंगे. हालांकि, दो दिन पहले RBI ने नया स्टेटमेंट जारी करते हुए कहा कि डेडलाइन को 29 फरवरी से बढ़ाकर 15 मार्च कर दिया गया है.
पेटीएम बैंक के लेनदेन पर लगी रोक का आदेश कंपनी के लिए बड़ा झटका था. इसके बाद से ही वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के शेयर लगातार गिर रहे थे.
1. पेटीएम बैंक की डेडलाइन बढ़ाने के साथ RBI ने ये भी साफ कर दिया था कि कंपनी की अन्य सेवाएं जारी रहेंगी. Paytm वाले QR कोड, साउंडबॉक्स और कार्ड मशीन से जुड़ी सेवाएं जारी रहेंगी. बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, RBI ने कहा है कि पेटीएम पहले की तरह ही अपनी मर्चेंट सर्विसेज जारी रख सकता है. ये कदम पेटीएम से जुड़े व्यापारियों के लिए मुश्किल न पैदा करने के लिए उठाया गया है. क्योंकि देश में इन व्यापारियों की संख्या काफी ज्यादा है. यानी अब बिना किसी दिक्कत के QR कोड, साउंडबॉक्स और कार्ड मशीन के जरिए दुकानदारों को पैसे चुकाए जा सकेंगे.
2. पेटीएम की पेरेंट कंपनी One97 कम्युनिकेशन ने अपने नोडल अकाउंट को एक्सिस बैंक में शिफ्ट कर दिया है. ये एक मास्टर अकाउंट होता है जो सभी कस्टमर्स और व्यापारियों के बीच ट्रांजेक्शन पूरा करता है.
3. ग्लोबल फाइनेंशियल कंपनी जेफरीज़ ने पेटीएम को राहत की सांस दी. जेफ़रीज़ ने पेटीएम को लेकर स्थिति साफ होने तक उसके स्टॉक्स को "अंडरपरफॉर्म" रेटिंग से "नॉट रेटेड" रेटिंग में ट्रांसफर कर दिया.
11 मार्च 2022 को RBI ने Paytm को एक नोटिस जारी किया था. कहा था कि आपका पेमेंट्स बैंक नए ग्राहक नहीं जोड़ सकता. RBI ने ये भी कहा कि आपका पेमेंट बैंक एक IT टीम से अपना सिस्टम ऑडिट कराएगा. जांच पूरी होने तक नए कस्टमर नहीं जोड़े जाएं. चूंकि Paytm एक पेमेंट गेटवे के साथ-साथ बैंकिंग प्लेटफॉर्म भी है. तो उसे RBI के सारे नोटिस और सारे आदेशों को मानना पड़ेगा.
Paytm के सिस्टम का ऑडिट हुआ तो रिपोर्ट RBI के पास गई. RBI ने दावा किया कि ऑडिट रिपोर्ट में Paytm के सिस्टम में कई खामियां दिखाई दीं और ये भी पता चला कि पेमेंट बैंक ने RBI के नियमों की अवहेलना की.
इसके बाद आरबीआई ने साल 1949 के बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट के सेक्शन-35A का इस्तेमाल किया. इस अनुच्छेद के तहत RBI बैंकिंग सेवाओं को निर्देश जारी करने का अधिकार रखता है.












