पूरी घटना को इस तरह समझिए 27 फरवरी की सुबह वायुसेना के रडार ने पाकिस्तान एयरफोर्स के विमान तीन ग्रुप्स में भारत की तरफ आते हुए पकड़े. इसमें से उत्तर की तरफ JF 17 थे. बाकी दोनों ग्रुप्स F16 के थे. पाकिस्तान से आए कुल 24 जहाज़ों में 11 F16 थे. जवाबी कार्रवाई के लिए भारतीय वायुसेना के जेट्स भेजे गए. पाकिस्तानी जेट्स ने तब AMRAAM मिसाइल चलानी शुरू कर दीं. विंग कमांडर अभिनंदन मिग 21 बाइसन उड़ा रहे थे.

भारत की ओर आ रहा पाकिस्तानी वायुसेना का बेड़ा तीन समूहों में था. (तस्वीर: भारतीय वायुसेना/सोशल मीडिया)
क्रैश हुआ F16 पाकिस्तान अधिकृत जम्मू और कश्मीर के सब्ज़कोट एरिया में गिरा. विंग कमांडर अभिनंदन का मिग भी क्रैश हुआ. वो सुरक्षित प्लेन से बाहर आ गए. लेकिन उनका पैराशूट उड़ते हुए नियंत्रण रेखा के उस पार गिरा. नौशेरा के जंगर सेक्टर में तैनात भारतीय सेना की पोस्ट्स से दो पैराशूट नीचे आते देखे गए. दोनों पैराशूट 8-10 किलोमीटर दूर थे. इन सभी बातों का उल्लेख पाकिस्तानी सेना के रेडियो संदेशों में भी है, जिनमें कम से कम दो पायलट्स के हिरासत में लिए जाने का ज़िक्र है. इनमें से एक थे विंग कमांडर अभिनंदन. दूसरे पायलट को CMH अस्पताल ले जाया गया.

सफेद घेरे में विंग कमांडर अभिनंदन और F16 उड़ा रहे पायलट की मुठभेड़ हुई. (तस्वीर: भारतीय वायुसेना/सोशल मीडिया)
वायुसेना के इस बयान का मर्म समझने के लिए आपको एक बात पर गौर करना होगा कि पाकिस्तान का सबसे ज़्यादा ज़ोर इस बात पर है कि उस दिन नौशेरा में पाकिस्तानी जेट जब घुसे तो F16 का इस्तेमाल नहीं हुआ. क्योंकि पाकिस्तान अमरीका से हुए समझौते के तहत ये कर नहीं सकता. लेकिन पाकिस्तान ने उस दिन F16 इस्तेमाल किए थे. बाद में पाकिस्तानी सेना के प्रवक्ता आसिफ गफूर ने इशारों इशारों में ये बात कह भी दी थी कि पूरी एयरफोर्स ही उस दिन हवा में थी. तो F16 भी था.

इस नक्शे में लाल सितारा पाकिस्तानी F16 के क्रैश को दिखाता है और नीला सितारा विंग कमांडर अभिनंदन के बाइसन के क्रैश को. दोनों के पैराशूट भारतीय सेना ने आसमान से नीचे आते देखे थे. (तस्वीरः भारतीय वायुसेना/सोशल मीडिया)
इसी तरह की विरोधाभासी बातों पर पर्दा डालने के लिए पाकिस्तान का ISPR लगातार इन्फॉर्मेशन वार चला रहा था. सूचनाओं के माध्यम से युद्ध. कभी पाक अधिकृत कश्मीर में क्रैश हुए मिग की मिसाइलों की तस्वीरें ट्वीट की जातीं तो कभी सूत्रों के हवाले से कहलवाया जाता कि हमारा तो कोई जेट क्रैश नहीं हुआ, अमरीका वाले गिनकर जा चुके हैं.
भारतीय वायुसेना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद गेंद एक बार फिर पाकिस्तान के पाले में है. खासकर इसलिए, कि भारतीय वायुसेना का बयान इस बात पर खत्म हुआ कि सबूत और हैं. लेकिन सुरक्षा कारणों से फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए जा रहे.
यूपी: लगातार चुनाव हार रहे इमरान मसूद को क्यों लगता है कि इस बार वे जीत जाएंगे?











