The Lallantop

नोबेल वाले पीछे-पीछे दौड़ रहे हैं, डिलन आगे-आगे भाग रहे हैं

डिलन अभी पहुंच से बाहर है, कृपया थोड़ी देर बाद कोशिश करें.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop

नोबेल वालों ने बॉब डिलन को नोबेल देने की घोषणा की, तब सोचा न होगा कि आइस-पाइस खेलना पड़ेगा. नोबेल समिति ने बॉब डिलन तक पहुंचने की बहुत कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे और अब हारकर मेल-वेल करना बंद कर दिया है. जिस दिन नोबेल मिला, उस दिन भी बॉब गाने गा रहे थे. नोबेल मिलने के दिन और नोबेल मिलने की खबर आने के बाद डिलन का लास वेगस में कंसर्ट था. वहां भी डिलन ने नोबेल जीतने पर खुशी या गम कुछ भी नहीं जताया, बल्कि ज़िक्र तक नहीं किया.

Advertisement

डिलन के इस तरीका-ए-कार को कुछ लोग हठबुद्धि मानते हैं, तो कुछ का कहना है कि बॉब अपने रास्ते पर चलता जाता है, उसे किसी से कोई फर्क नहीं पड़ता. उस कंसर्ट को भी ‘व्हाई ट्राई टू चेंज मी नाऊ’ (तुम मुझे अब क्यों बदलना चाहो) गाने के साथ खत्म किया था.

नोबेल देने वाली स्वीडिश अकेडमी की स्थाई सचिव ने वहां के सरकारी रेडियो को बताया, ‘अब हम कुछ नहीं कर रहे हैं. मैंने बॉब के सबसे नज़दीकी सहयोगी को मेल भेजे हैं और दोस्ताना जवाब मिले हैं. फिलहाल के लिए इतना काफी है.’ वैसे नोबेल समिति का इस आइस-पाइस पर क्या कहना है?

Advertisement

डिलन बाबू तेरा नोबेल तो ले जा

अकेडमी की स्थाई सचिव ने कहा, ‘मुझे कोई चिंता नहीं है. अगर वो नहीं आना चाहें तो न आएं पर हर सूरत में ज़ोरदार जश्न होगा और पुरस्कार के हकदार डिलन ही हैं.’ हर साल 10 दिसंबर को स्टॉकहॉम में वहां के राजा नोबेल पुरस्कार देते हैं और नोबेल विजेताओं को दावत-ए-नोबेल में अपने विचार सुनाने के लिए आमंत्रित किया जाता है.

अगर डिलन न आएं तो भी पुरस्कार उनका ही रहेगा. हां, लेने से ही मना कर दिया तो अलग बात है. हालांकि डिलन के आधिकारिक ट्विटर खाते से 2 ट्वीट आए हैं. पहले में बॉब डिलन को नोबेल मिलने की घोषणा ज्यों की त्यों है और दूसरे में इस अवसर पर ओबामा का बधाई ट्वीट रिट्वीट हुआ है. अगर यहां से कुछ ‘सुराग’ निकालें तो बॉब को सब पता है, बस नोबेल वालों से बात करने का टाइम नहीं है.

Advertisement

यह पहली बार है कि जब किसी गायक (लोकगायक पढ़िए) को साहित्य का नोबेल दिया गया है. सिर्फ काग़ज़ी साहित्य को साहित्य मानने वालों ने इस फैसले की कड़ी निंदा की थी. कहीं ऐसा तो नहीं है कि उनकी कड़ी निंदा से बॉब का मन हो गया हो कि भैय्या तुम ले लो नोबेल.

अगर ऐसा होता है, तो पहली बार नहीं होगा, जब किसी साहित्यकार ने नोबेल ठुकरा दिया हो. ‘डॉक्टर ज़िवागो’ के लेखक बोरिस पास्तरनाक और ज्यां पॉल सार्त्र ने नोबेल लेने से इनकार कर दिया था. असल में कुछ लेखक इतने बड़े होते हैं कि नोबेल को पुरस्कार में वो मिलते हैं.

लेव तॉलस्तॉय नोबेल पुरस्कार को कभी नहीं मिले. कहा ये जाता है कि वो रूस के थे इसलिए पश्चिमी देशों को इस महान लेखक को नोबेल देने में एतराज़ था. हमारे यहां भी कालजयी उपन्यास ‘राग दरबारी’ के लेखक श्रीलाल शुक्ल को जब मिलना चाहिए था, ज्ञानपीठ नहीं मिला. आखिर में जब श्रीलाल शुक्ल इस दुनिया से जाने वाले थे, तब ज्ञानपीठ पुरस्कार की इज्जत बढ़ाने के लिए श्रीलाल जी को अस्पताल जाकर आनन-फानन में पुरस्कार दिया गया.

तो कई बार लेखक पुरस्कारों को मिलते हैं. पर क्या डिलन नोबेल को मिलेंगे? इसका पहला जवाब ये कि डिलन अभी अपने टूर पर हैं, जो 23 नवंबर को खत्म हो रहा है. उसके बाद शायद नोबेल वालों को डिलन का कुछ समय मिल पाए. और दूसरा जवाब डिलन का ही एक गाना है – द आंसर, माई फ्रेंड, इज ब्लोइंग इन द विंड (जवाब हवाओं में बह रहा है, दोस्त, फिज़ाओं में बह रहा है).


                                                                                  ये स्टोरी हेमंत ने की है.


Advertisement