वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (Nicolás Maduro) की अमेरिकी हिरासत से पहली तस्वीरें सामने आई हैं. रविवार को मादुरो के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर पोस्ट की गईं इन तस्वीरों में वो न्यूयॉर्क के ब्रूकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में नजर आ रहे हैं. तस्वीरों में 63 साल के मादुरो, ग्रे रंग की स्वेटशर्ट और ट्राउजर पहने हुए हैं. वो कैमरे की तरफ मुस्कुराते हुए पीस साइन बना रहे हैं.
जेल से निकली Maduro की पहली तस्वीरें, बोले- ‘वेनेजुएला फिर से उठ खड़ा होगा’
Venezuela के पूर्व राष्ट्रपति Nicolás Maduro की अमेरिकी हिरासत से पहली तस्वीरें सामने आई हैं. Brooklyn के Metropolitan Detention Center से जारी तस्वीरों में Maduro मुस्कुराते हुए peace sign करते नजर आए. उन्होंने समर्थकों के नाम संदेश में कहा कि Venezuela फिर से उठेगा.

समर्थकों के नाम लिखा संदेश
Times of India के मुताबिक, तस्वीरें 30 अगस्त को पोस्ट की गईं. लेकिन उनके टाइम स्टैंप बताते हैं कि इन्हें 25 जून को लिया गया था. मादुरो ने तस्वीरों को अपने पोते-पोतियों, बच्चों और उन लोगों के लिए छोटा सा तोहफा बताया, जो उनसे प्यार करते हैं. उन्होंने अपनी पत्नी सिलिया फ्लोरेस (Cilia Flores) के साथ मजबूत और शांत बने रहने की बात कही. उनके संदेश की सबसे चर्चित लाइन थी, “Venezuela will be reborn.” यानी वेनेजुएला फिर से उठेगा. उन्होंने समर्थकों की प्रार्थनाओं, एकजुटता और समर्थन के लिए भी आभार जताया.
तस्वीरों की तारीख 25 जून होने की वजह से एक और बात ध्यान खींचती है. इसके एक दिन पहले, 24 जून को वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो बड़े भूकंप आए थे. यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने दोनों घटनाओं की पुष्टि की थी. बाद में देश में भूकंप से हुई मौतों का आधिकारिक आंकड़ा 25 अगस्त तक बढ़कर 6,509 बताया गया.
जेल में मादुरो, बाहर बदल रही वेनेजुएला की राजनीति
मादुरो की तस्वीरें ऐसे समय आई हैं जब वॉशिंगटन और काराकास के रिश्ते तेजी से बदल रहे हैं. अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तेल को लेकर एक बड़े समझौते की घोषणा हुई है. डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) के मुताबिक, इस व्यवस्था के जरिए अमेरिका को वेनेजुएला के 65 अरब बैरल से ज्यादा के तेल भंडार पर बहुमत नियंत्रण मिलेगा. वेनेजुएला की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज (Delcy Rodríguez) ने कहा है कि ऊर्जा परियोजना 25 साल चलेगी और 17 रणनीतिक ऑयल फील्ड को विकसित किया जाएगा, जिसका शुरुआती लक्ष्य प्रतिदिन 1.5 मिलियन बैरल से ज्यादा उत्पादन है. हालांकि समझौते की कई अहम शर्तें अभी सार्वजनिक नहीं हुई हैं.
ये भी पढ़ें: वेनेजुएला का तेल अमेरिका का हुआ, ट्रंप ने ऐलान कर दिया
2027 में होगा मादुरो का ट्रायल
मादुरो और सिलिया फ्लोरेस को 3 जनवरी 2026 को काराकास में अमेरिकी सैन्य अभियान के बाद पकड़ा गया था और बाद में न्यूयॉर्क लाया गया. मादुरो पर नारको आतंकवादी साजिश और कोकीन इम्पोर्ट करने की साजिश समेत गंभीर संघीय आरोप हैं. वो आरोपों से इनकार कर चुके हैं. उनका ट्रायल 1 जून 2027 से शुरू होने वाला है. उनके वकील बैरी पोलैक (Barry Pollack) ने संकेत दिया है कि बचाव पक्ष मादुरो को एक संप्रभु राष्ट्र के प्रमुख के तौर पर प्रॉसीक्यूशन से इम्युनिटी मिलने का तर्क उठा सकता है और उनकी गिरफ्तारी की वैधता को भी चुनौती दे सकता है.
वीडियो: दुनियादारीः मादुरो जेल में, डेल्सी रोड्रिग्ज वेनेजुएला की गद्दी पर, क्या अमेरिका अपने ही गेम में फंस गया?













