इस देश का आदमी कितनी लाज, हया, शर्म, संवेदना बचाकर रखें और किस-किसके लिए बचाकर रखे! पत्नी की लाश सिर पर ढोने के लिए? बेंगलुरु में लड़कियों पर सेक्शुअल हमले देखने के लिए? या अपने नवजात की लाश को झोले में रखने के लिए मजबूर बाप के लिए?
ये वो बाप है, जिसके झोले में हमारे सिस्टम की लाश है
बेंगलुरु की घटना के बाद भी अगर कुछ भंग होने से रह गया हो तो ये तस्वीर देखिए.

बेंगलुरु की घटना के बाद भी अगर कुछ भंग होने से रह गया हो तो ये तस्वीर देखिए. सुनहरे भारत की एक और तस्वीर.
छत्तीसगढ़ के बस्तर शहर का मामला है. वहां के महारानी मेडिकल कॉलेज में एक मजदूर की पत्नी शशिकला डिलीवरी के लिए भर्ती थी. हॉस्पिटल में उसके 9 महीने के इंतजार के साथ-साथ उसका लड़का भी खत्म हो गया. वो मरा हुआ पैदा हुआ. नर्स ने जैसे ही इसकी खबर डॉक्टर को दी, मेडिकल स्टाफ ने उन्हें तुरंत बेड खाली करने को कह दिया.
एक बाप अपनी नवजात बच्चे की लाश और अपनी प्रसूता पत्नी के साथ अस्पताल में बेसहारा छोड़ दिया गया. न स्ट्रेचर दिया गया, न एंबुलेंस अवेलबल कराई गई. मजदूर लोग हैं साहब. कलेजा कड़ा होता है. कुछ नहीं मिला तो बाप ने बेटे की लाश अपने झोले में रखकर अस्तपाल का बेड खाली कर दिया.

बाप की तस्वीर देख लीजिए जरा. पैरों पर न जाने क्या-क्या जमा हुआ है. उसकी शक्ल बता रही है कि वो सब कर सकता था, लेकिन लड़ नहीं सकता था. और वो मां, जिसने 9 महीने में न जाने कितना-कुछ बुना होगा. सब कुछ एक नाल के साथ ही कटकर चला गया. ऐसा सलूक तो श्मशान में नहीं होता है किसी के साथ.
सबसे कम उम्र की लाश, सबसे ज्यादा तकलीफ देती है. फिर भी आप देखिएगा, मन अगर खांचों में बंटा हो तो उसके बहुत हिस्से मत्था भारी कर देने वाली इस घटना के बाद भी खाली रहेंगे. आने वाली तकलीफों के लिए ये तबका तैयार है, सर. सिस्टम की नाकामी को अपना नसीब मानने के लिए तैयार हैं, सर.
ये परिवार छत्तीगढ़ के बीजापुर के लंकापल्ली इलाके का रहने वाला है. राज्य का ये इलाका नक्सल-प्रभावित है. इनके बारे में जब रेडक्रॉस सोसायटी वालों को पता चला, तो उन्होंने शशिकला के लिए दवाइओं और एंबुलेंस का बंदोबस्त किया. स्वास्थ्य विभाग को इसका पता भी चला, लेकिन नतीजा वही. ढाक के तीन पात. आदेश दिया है, जांच की जाएगी.










