इस लखनऊ के लड़के और पाकिस्तानी लड़की की शादी करवाने के लिए सरकार का थैंक यू
ऐसी अच्छी खबरें आती रहें तो बेहतर.
Advertisement

फोटो - thelallantop
हम उस दौर में जी रहे हैं जहां इंडिया और पाकिस्तान की क्रिकेट टीमें आपस में क्रिकेट मैच नहीं खेल पा रही हैं क्यूंकि सरहद पर बहुत तनाव है. ये वो दौर है जहां एक के बदले दस सर लाने की बात कही जाती है. ये वो समय है जब प्रधानमंत्री अपनी रैली में पाकिस्तान के द्वारा अपनी सुपारी लिए जाने की बात कहता है. लेकिन फिर एक खबर आती है और दिल गार्डन गार्डन हो जाता है. सारे बादल छंट जाते हैं. ऐसा लगता है कि अभी भी कुछ गड़बड़ाया नहीं है. हम एक दिन न्यूक्लियर आग में भुने नहीं मिलेंगे. अभी भी काफ़ी कुछ ऐसा है जो बहुत बहुत अच्छा है. लखनऊ में एक मज़ेदार बात हुई है. एक लड़का, लखनऊ का और एक लड़की पाकिस्तान की, इन्होने आपस में शादी कर ली. लखनऊ में. इनकी शादी करने में मदद की सुषमा स्वराज ने. ये एयरलिफ्ट की अक्षय कुमार जैसी हैं. फॉरेन में फंसे मसलों की संकटमोचन हो गई हैं और गजब का प्यार पाती हैं. 27 साल का नकी अली खान और 24 साल की सबाहत फ़ातिमा की शादी 19 जनवरी को पुराने लखनऊ में संपन्न हुई. शनिवार को दावत-ए-वलीमा रखा गया. इन दोनों की शादी की कहानी बहुत मज़ेदार है. इनकी शादी 2 साल पहले ही तय हो गई थी. लेकिन वीज़ा नहीं मिल पा रहा था. वजह थी इंडिया-पाकिस्तान का लफड़ा. इसके बाद दोनों ने सुषमा स्वराज को कांटेक्ट करना शुरू किया. उन्हें ट्वीट वगैरह भी किया. सुषमा स्वराज ने तुरंत इनकी मदद की. मदद तुरंत तो की लेकिन प्रॉसेस में टाइम लग गया. इसी वजह से 2 साल लग गए. नकी और सबाहत की फैमिली आपस में जुड़े हुए हैं. नकी की नानी और सबाहत की दादी आपस में बहनें थीं. दोनों परिवार लखनऊ में ही रहते थे. फिर देश का विभाजन हुआ और सबाहत का परिवार पाकिस्तान चला गया. बताया ये भी जा रहा है कि इतवार को सबाहत और नकी ने टाइगर जिंदा है देखी जिसमें टाइगर इंडियन है और उसकी पत्नी पाकिस्तानी.
Advertisement











