खुले मैदानों में उमड़ी भीड़ और उस भीड़ की तरफ उड़ते हुए हेलिकॉप्टर से नेता अक्सर हाथ हिलाते नज़र आते हैं. लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान आपने नेताओं को हेलिकॉप्टर से चक्कर काटते देखे होंगे. आज की तारीख में चुनाव प्रचार अभियानों में हेलिकॉप्टर की डिमांड काफी बढ़ी है. लेकिन क्या आपको पता है कि इन हेलिकॉप्टर में बैठकर कितना खर्चा आता है? इस बिजनेस में इतना पैसा है कि हेलिकॉप्टर और विमान ऑपरेटर्स ने चुनावी सीजन को देखते हुए किराया भी बढ़ा दिया है.
लोकसभा चुनाव में नेताओं को उड़ा रहे हेलिकॉप्टर सर्विस वालों ने कितना पैसा कूटा?
हेलिकॉप्टर और विमान ऑपरेटर्स ने चुनावी सीजन को देखते हुए करीब 40 से 50 फीसदी किराया बढ़ा दिया है.

लोकसभा चुनाव 2024 के सात चरण में से छह चरणों का मतदान हो चुका है. सातवें चरण की वोटिंग 1 जून को होनी है. चुनाव में अलग-अलग दलों के नेता हेलिकॉप्टर के जरिये ही धुआंधार प्रचार करते नजर आए. एक ही दिन में कई सीटों पर उन्होंने अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई.
बिजनेस टुडे में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, चुनावी सीजन में हेलिकॉप्टर ऑपरेटर्स ने हेलिकॉप्टर का किराया 40-50 फीसदी तक बढ़ा दिया है. हेलिकॉप्टर की बुकिंग घंटों के हिसाब से होती है. सिंगल इंजन वाले BELL 407 हेलिकॉप्टर का किराया बढ़कर 1 लाख 30 हजार से डेढ़ लाख रुपये प्रति घंटा तक पहुंच गया है. इस हेलिकॉप्टर में 6-7 लोग बैठ सकते हैं.
वहीं, 7-8 लोगों की क्षमता वाले Agusta Westland AW109 और H145 एयरबस हेलिकॉप्टर्स का किराया 2 लाख 30 हजार से 3 लाख रुपए प्रति घंटा तक पहुंच गया है.
2019 के लोकसभा चुनाव में भी विमान ऑपरेटर्स ने किराए में करीब 20-30 फीसदी की बढ़ोतरी की थी. रिपोर्ट बताती है कि इस साल हेलिकॉप्टर्स की मांग काफी है और राज्य स्तर की पार्टियां भी जमकर बुकिंग करा रही हैं.
रिपोर्ट बताती है कि दो इंजन वाले 8 सीटर हेलिकॉप्टर का किराया प्रति घंटे करीब 3 लाख रुपये होता है. मान लीजिए किसी राजनीतिक दल ने एक हेलिकॉप्टर 180 घंटों के लिए किराए पर लिया है. हिसाब लगाएंगे तो इस तरह के एक हेलिकॉप्टर पर करीब साढ़े पांच करोड़ रुपए का खर्च बैठता है. एक ऑपरेटर के पास इस तरह के कई हेलिकॉप्टर होते हैं.
ये भी पढ़ें- 'कोई शादी थोड़ी की है', कांग्रेस से गठबंधन पर CM केजरीवाल का जवाब
अनुमान है कि बचे हुए सातवें चरण के मतदान तक ऑपरेटर की कमाई 350-400 करोड़ रुपये तक जा सकती है. नेताओं की पसंद वाले हेलिकॉप्टर में 15 सीटर अगस्ता वेस्टलैंड भी है, जिसका किराया 4 लाख रुपये प्रति घंटे से शुरू होता है.
भारतीय चुनाव आयोग (ECI) को 2019-20 में सौंपी गई एक रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव के दौरान BJP ने हेलिकॉप्टर या विमान पर सबसे ज्यादा खर्च किया था. पार्टी ने 2019 के चुनाव में विमानों और हेलिकॉप्टरों पर लगभग 250 करोड़ रुपए अधिक खर्च किए थे. वहीं, दूसरी बड़ी पार्टी कांग्रेस पार्टी ने इसी चुनाव में 126 करोड़ रुपए हेलिकॉप्टर और विमानों पर खर्च किए थे.
(ये स्टोरी हमारे साथ इंटर्नशिप कर रही श्वेता ठाकुर ने लिखी है.)
वीडियो: पड़ताल: क्या ट्रक-हेलीकॉप्टर के एक्सीडेंट का वायरल वीडियो अमृतसर का है?












