The Lallantop

रजनीकांत की अन्नाते और अक्षय कुमार की सूर्यवंशी ने अब तक कितने कमाए?

अन्नाते 4 को तो सूर्यवंशी 5 नवंबर को रिलीज हुई थी.

Advertisement
post-main-image
बाएं अन्नाते, बीच में सूर्यवंशी, दायें इटर्नल्स का पोस्टर (सोर्स: इंडिया टुडे)
दिवाली के एक दिन बाद शुक्रवार, 5 नवंबर को देशभर के सिनेमा घरों में रिलीज हुई सूर्यवंशी ने पहले दिन 26 करोड़ रुपए की कमाई की. वहीं दूसरे दिन फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 24 करोड़ रहा. जबकि दिवाली के दिन सिनेमा घरों में रिलीज हुई रजनीकांत की फिल्म अन्नाते ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. वहीं दूसरी ओर हॉलिवुड की सुपर हीरो की फौज से लैस इटर्नल्स लोगों को कुछ खास पसंद नहीं आई है. इटर्नल्स कमाई के मामले में पीछे रह गई है. 2 दिन में 50 करोड़ का आंकड़ा पार अक्षय कुमार और कटरीना कैफ स्टारर फिल्म सूर्यवंशी का पहले दिन का कलेक्शन 26.29 करोड़ रहा था. दूसरे दिन शनिवार को इस फिल्म ने 24.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. फिल्म के दो दिन का कुल कलेक्शन 50 करोड़ के पार हो गया है. दो दिन के बेहतरीन कलेक्शन के बाद वीकेंड कलेक्शन का इंतजार है. अनुमान है कि रविवार तक फिल्म का कलेक्शन 75 करोड़ के पार हो जाएगा. एक्शन से भरपूर इस फिल्म को भारत में 4000 स्क्रीन के अलावा  दुनियाभर के 66 देशों की 1300 स्क्रीन पर रिलीज किया गया है. सूर्यवंशी ने विदेशी जमीन पर भी करीब 8 करोड़ की कमाई की है. दूसरे दिन यानी शनिवार को भाई दूज का त्योहार भी था. इसलिए भी फिल्म की कमाई में गिरावट आई है. देश के कई शहरों में अभी भी थिएटरों को कोरोना नियमों का पालन करना पड़ रहा है. जिस वजह से हाउस फुल नहीं हो पाया. वहीं दूसरी ओर पंजाब के किसान 'सूर्यवंशी' का विरोध कर रहे हैं. जिस वजह से वहां के सिनेमा घरों में फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं हो पाई है. लेकिन इन सब के बावजूद फिल्म दूसरे दिन साढ़े 24 करोड़ कमाने में कामयाब रही. यानी कुल मिलकर दो दिन में 50 करोड़ की कमाई की जो बुरा नहीं है.     अन्नाते ने 3 दिन में कितना कमाए? सूर्यवंशी से एक दिन पहले रिलीज हुई रजनीकांत की अन्नाते की शानदार कमाई का सिलसिला जारी है. ट्रेड एनालिस्ट मनोबाला विजयबलन के अनुसार फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 70.19 करोड़ रुपये की कमाई की. दूसरे दिन फिल्म का कलेक्शन 42.63 करोड़ रहा जबकि तीसरे दिन फिल्म ने 33.71 करोड़ की कमाई की. रिलीज के तीन दिनों में अन्नाते का दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 146.53 करोड़ रुपये रहा है जो फिल्म को 2021 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में से एक बनाता है. अगर हम सिर्फ तमिलनाडु की बात करें तो तीन दिन में अबतक अन्नाते ने कुल 83 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है.   नहीं चल पाया 'इटर्नल्स' का जादू हॉलिवुड के मार्वल सुपरहीरो भारतीयों के बीच काफी फेमस हैं. इसके बावजूद शुक्रवार को रिलीज हुई इटर्नल्स भारतीय दर्शकों को लुभा नहीं पाई. इस फिल्म में मार्वल ने कई ताकतवर सुपरहीरो के नए किरदार गढ़े हैं. फिल्म ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर दो फिल्मों ने कड़ी टक्कर दी है. इस कारण से भी इसकी कमाई कुछ खास नहीं रही. फिल्म क्रिटिक्स ने भी इस फिल्म को खास पसंद नहीं किया है. इटर्नल्स की भारत में पहले दिन की कमाई 8.75 करोड़ वहीं दूसरे दिन की 5.50 करोड़ रही.यानी फिल्म ने दो दिन में 14 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है.

Advertisement
Advertisement