The Lallantop

खालिस्तानी आतंकी निज्जर की हत्या के संदिग्धों की गिरफ्तारी का दावा

मामले की जांच कर रही टीम ने कुछ महीने पहले कनाडा में इन संदिग्धों की पहचान की थी. इन सभी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी.

Advertisement
post-main-image
कनाडा में हुई निज्जर की हत्या. (फाइल फोटो- इंडिया टुडे)

खालिस्तानी आतंकवादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है. अपडेट कनाडाई मीडिया संस्थान CBC (कनाडाई ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन) की तरफ से है. CBC ने 3 मई को दावा किया कि कनाडा की पुलिस ने खालिस्तानी आतंकवादी निज्जर की हत्या से जुड़े कथित ‘हिट स्क्वाड’ के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement

CBC के हवाले से छपी रिपोर्ट्स  में बताया गया है कि मामले की जांच कर रही टीम ने कुछ महीने पहले कनाडा में इन संदिग्धों की पहचान की थी. इन सभी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही थी. CBC के मुताबिक रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस इस मामले में टिप्पणी करने के लिए उपलब्ध नहीं थी, लेकिन कथित गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी में पुलिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.

टाइम्स ऑफ इंडिया में सूत्रों के हवाले से छपी खबर के मुताबिक हिट स्क्वाड के सदस्यों पर आरोप है कि जिस दिन ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में गुरु नानक सिख गुरुद्वारे में निज्जर की हत्या हुई थी, उस दिन उन्होंने शूटर, ड्राइवर और जासूस के रूप में अलग-अलग भूमिकाएं निभाई थीं.

Advertisement

इन लोगों को दो राज्यों में पुलिस की कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया है. रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि पुलिस इन गिरफ्तारियों के बारे में बाकी डिटेल्स जल्द जारी कर सकती है.

18 जून 2023 को निज्जर की हत्या हुई

बता दें कि 45 वर्षीय निज्जर की 18 जून 2023 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. कुछ समय बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने वहां की संसद में आरोप लगाया कि उनकी जांच एजेंसियों को निज्जर हत्याकांड के पीछे 'भारतीय एजेंटों' का हाथ होने के सबूत मिले हैं. भारत ने इस आरोप को खारिज किया था जिसके बाद दोनों देशों के कूटनीतिक संबंधों में तल्खी आ गई थी.

वीडियो: अमित शाह ने निज्जर की हत्या पर कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो को क्या सुना दिया?

Advertisement

Advertisement