वेल्स की राजकुमारी केट मिडलटन कैंसर से पीड़ित हैं. इसके लिए वो कीमोथेरेपी ले रही हैं. ये जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी करके दी है. वीडियो में उन्होंने बताया है कि पिछले दो महीने उनके पूरे परिवार के लिए काफ़ी कठिन रहे. उन्होंने लोगों से गोपनीयता का सम्मान करने की भी अपील की है. हालांकि उन्हें कौन-सा कैंसर है, ये अभी साफ नहीं हो पाया है.
कैंसर से लड़ रही हैं वेल्स की राजकुमारी केट मिडलटन, वीडियो संदेश जारी कर अपना हाल बताया
Kate Middleton को कैंसर हुआ है, उनकी कीमोथेरेपी शुरू हो गई है, उन्होंने एक वीडियो जारी कर पूरी जानकारी साझा की है.

केंसिंग्टन पैलेस द्वारा जारी इस वीडियो में उन्होंने कहा,
"ये दो महीने अविश्वसनीय रूप से हमारे पूरे परिवार के लिए मुश्किल रहे. लेकिन मेरे पास एक शानदार मेडिकल टीम है, जिसने मेरी बहुत देखभाल की है. सर्जरी से उबरने के दौरान आपके समर्थन और अद्भुत शुभकामना मैसेजों के लिए मैं व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद करना चाहती हूं."
उन्होंने अपने वीडियो में कैंसर के बारे में पता चलने को 'बड़ा सदमा' बताया और कहा, ‘मैं ठीक हूं और हर दिन मजबूत हो रही हूं.’ केट ने बताया कि जब उनके पेट की सर्जरी हुई थी, तब कैंसर का पता नहीं चला था. वीडियो में उन्होंने आगे बताया,
"ऑपरेशन के बाद हुए मेडिकल टेस्ट में कैंसर के बारे में पता चला. इसलिए मेरी मेडिकल टीम ने मुझे कीमोथेरेपी कोर्स करने की सलाह दी. अब मैं उस उपचार के शुरुआती चरण में हूं. विलियम और मैं अपने परिवार के लिए इसे निजी तौर पर मैनेज करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं."
इससे पहले जनवरी में केट के पेट की सर्जरी हुई थी. इसके बाद से वो सार्वजनिक तौर पर नहीं दिखी थीं. इससे सोशल मीडिया पर उनकी हेल्थ को लेकर कई तरह की अफवाहें चलने लगी थीं.
अमेरिकी न्यूज़ एजेंसी CNN ने शाही परिवार के सूत्रों के हवाले से कुछ जानकारी दी. इसमें बताया गया है कि केट मिडलटन जानकारी देने के लिए ईस्टर की छुट्टियों का इंतजार कर रही थीं. प्रिंसेस केट ने फरवरी के अंत में ही कीमोथेरेपी शुरू कर दी थी.
ये भी पढ़ें - प्रिंस चार्ल्स की फ़ोटो कॉपी, जिसको पीटने दौड़ गए शेन वॉर्न
ऋषि सुनक क्या बोले?ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने भी राजकुमारी के प्रति सहानुभूति जताई है. उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि सभी देशवासियों को आपसे प्यार है. पूरा देश इस मुश्किल घड़ी में आपके साथ है. ऋषि सुनक ने आगे लिखा,
“केट ने अद्भुत बहादुरी दिखाई है. हाल के हफ्तों में उनकी गहन जांच की गई है. हालांकि, दुनिया भर में मीडिया के कुछ वर्गों और सोशल मीडिया पर उनके साथ गलत व्यवहार किया गया है.”
इससे पहले किंग चार्ल्स को भी प्रोस्टेट कैंसर होने के बारे में पता चला था. इसके बाद से वो सार्वजनिक कार्यक्रमों में भाग नहीं ले रहे हैं. 75 साल के चार्ल्स ने कैंसर के इलाज के लिए सार्वजनिक कर्तव्यों से अपना नाम वापस ले लिया है. हालांकि वो तस्वीरों में अक्सर सरकारी अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठकें करते हुए दिखाई देते हैं. उन्हें चर्च जाते हुए भी कई बार देखा गया है.
वीडियो: ब्रिटिश राजा के सम्मान में बना था राजपथ, अब कर्तव्य पथ के नाम से जाना जाएगा









