The Lallantop

कर्नाटक विधानसभा में लगे थे ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे, फॉरेंसिक रिपोर्ट में हुई पुष्टि

राज्य सरकार को सौंपी गई रिपोर्ट में बताया गया है कि वीडियो और ऑडियो दोनों में नारों की पुष्टि की गई. ये भी जानकारी दी गई कि फुटेज में किसी भी तरह की हेराफेरी नहीं की गई थी.

Advertisement
post-main-image
कांग्रेस नेता नासिर हुसैन के समर्थकों ने उनकी जीत के बाद नारे लगाए थे. (फोटो- ट्विटर)

कर्नाटक राज्यसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद कांग्रेस नेता नासिर हुसैन पर बीजेपी ने ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाने का आरोप लगाया था. कांग्रेस ने इन आरोपों का खंडन किया था. लेकिन अब फॉरेंसिक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कर्नाटक विधानसभा में पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए गए थे (Karnataka assembly pro pakistan slogan).

Advertisement

इंडिया टुडे में छपी सगय राज की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि कर्नाटक विधानसभा में पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए गए थे. राज्य सरकार को सौंपी गई रिपोर्ट में बताया गया कि वीडियो और ऑडियो दोनों में नारों की पुष्टि की गई. ये भी जानकारी दी गई कि फुटेज में किसी भी तरह की हेराफेरी नहीं की गई थी.

रिपोर्ट के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंशुकुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए संदिग्ध की पहचान मोहम्मद शफीक नाशीपुडी के रूप में हुई है. बेंगलुरु पुलिस ने पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया. हावेरी अधीक्षक ने कहा,

Advertisement

''27 फरवरी को कर्नाटक विधानसभा में पाकिस्तान समर्थक नारे लगाने के संबंध में विधान सौधा पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया था. इस मामले में पुलिस ने मोहम्मद शफीक नाशीपुडी को हिरासत में लिया है.”

बीजेपी ने लगाए थे आरोप

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के तीन प्रत्याशियों को जीत मिली. अजय माकन, नासिर हुसैन और जीसी चंद्रशेखर ने चुनाव जीता. जिसके बाद बीजेपी विधायक और कर्नाटक विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर अशोक ने ट्वीट कर दावा किया कि नासिर हुसैन के समर्थकों ने ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए. आर अशोक ने एक वीडियो को शेयर कर लिखा,

“कर्नाटक कांग्रेस के बेशर्म कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार नासिर हुसैन की जीत का जश्न मनाने के लिए कर्नाटक विधानसभा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए. यह सीधे तौर पर सीएम सिद्धारमैया की तुष्टिकरण राजनीति का नतीजा है. राजनीति का खतरनाक खेल जिसने राष्ट्रविरोधी तत्वों और टुकड़े-टुकड़े गैंग को बढ़ावा दिया है.”

Advertisement
कांग्रेस ने दावे को खारिज़ किया था

कांग्रेस ने बीजेपी द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज़ कर दिया था. तेलंगाना प्रदेश यूथ कांग्रेस के जनरल सेक्रेट्री रामशेट्टी विष्णु ने वायरल वीडियो को शेयर करके लिखा कि असल में नारा ‘नासिर हुसैन जिंदाबाद’ लगाया जा रहा था. उन्होंने X (पहले ट्विटर) पर लिखा,

“फेक न्यूज़ अलर्ट. ‘नसीर साहब जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए हैं, ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नहीं. गाय का गोबर खाने और गाय का पेशाब पीने से न केवल आपका दिमाग कुंद हो जाएगा बल्कि यह आपको बहरा भी बना देगा!” 

कांग्रेस नेता नासिर हुसैन ने भी ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ नारे लगने के दावों को गलत बताया था. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर लिखा,

“राज्यसभा में नतीजों की घोषणा के बाद मैं, डीके शिवकुमार और सुरजेवाला एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे. जिसके बाद कुछ उत्साही समर्थकों ने नारेबाजी शुरू कर दी. मैंने 'नासिर हुसैन जिंदाबाद,' 'कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद,' 'नासिर खान जिंदाबाद,' 'नासिर साब जिंदाबाद' जैसे नारे सुने. मीडिया में जो दिखाया जा रहा है, वो मैंने नहीं सुना है. अगर मैंने सुना होता, तो मैं इस पर आपत्ति जताता, बयान की निंदा की होती और ऐसा करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की होती.”

मामला सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने IPC की धारा 153 के तहत स्वत: संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू की थी. पुलिस ने कहा था कि वो वीडियो रिकॉर्डिंग की फॉरेंसिक जांच कराएगी.

वीडियो: कर्नाटक विधानसभा चुनाव में ओवैसी किस नेता का नाम ले सोनिया गांधी पर भड़क गए?

Advertisement