पाकिस्तान के कराची शहर का ल्यारी इलाका एक बार फिर फायरिंग से दहल उठा. इस हमले में गैंगस्टर उजैर बलोच का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है. स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हमलावर वारदात के बाद मौके से फरार हो गए. फिलहाल हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है और न ही फायरिंग के पीछे का मकसद पता चला है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
उजैर बलोच के भाई को सरेआम गोलियों से भूना, ल्यारी में फिर लौट रहा खूनी गैंगवार?
Karachi के ल्यारी में हुई फायरिंग से गैंगस्टर Uzair Baloch का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है. हमलावर मौके से फरार हो गए. अब तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है. पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है.

पाकिस्तानी टीवी चैनल जियो न्यूज के मुताबिक, यह फायरिंग 30 जुलाई की शाम ल्यारी के मिर्जा आदम खान रोड पर हुई. अज्ञात बंदूकधारियों की गोलाबारी में कम से कम तीन लोग घायल हो गए. डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (साउथ) ने बताया कि घायलों में से एक जुबैर बलोच है, जो गैंगस्टर उजैर बलोच का भाई है. पुलिस ने कहा कि उसकी पहचान की आधिकारिक पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है.
जुबैर बलोच की हालत गंभीरतीनों घायलों को इलाज के लिए कराची के सिविल अस्पताल ले जाया गया. अधिकारियों ने बताया कि जुबैर बलोच की हालत गंभीर है. दो अन्य घायलों की हालत के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं ताकि घटनाक्रम का पता लगाया जा सके. साथ ही हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा सके. अब तक किसी भी समूह ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है.
कराची का ल्यारी इलाका कभी खतरनाक गैंगवार और खूनी झड़पों के लिए बदनाम था. बाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई ने यहां के गैंगस्टरों को पूरी तरह खत्म कर दिया. इसके बाद इलाके में काफी समय तक शांति बनी रही. लेकिन अब उजैर बलोच के भाई पर हुए हमले ने सबको डरा दिया है. इस घटना से पुरानी दुश्मनी और गैंगवार के दोबारा शुरू होने का खतरा बढ़ गया है.
ये भी पढ़ें: कौन है गैंगस्टर उज़ैर बलोच, जिसका नाम कुलभूषण जाधव के साथ आया है
कौन है उजैर बलोच?उजैर जान बलोच पाकिस्तान ल्यारी इलाके का एक कुख्यात गैंगस्टर है. वह प्रतिबंधित संगठन 'पीपुल्स अमन कमेटी' (PAC) का प्रमुख रह चुका है. यह संगठन लंबे समय से कराची में हिंसक लड़ाई, जबरन वसूली, टारगेटेड किलिंग और दूसरे संगठित अपराधों से जुड़ा रहा है.
उजैर को 2016 में पाकिस्तान-ईरान सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था. अभी वह पाकिस्तानी सेना की जेल में 12 साल की सजा काट रहा है. इस साल रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर’ की वजह से उजैर बलोच का नाम खूब चर्चा में आया.
वीडियो: पाकिस्तान ने धुरंधर के खिलाफ बनाई फिल्म 'मेरा लयारी', फ्लॉप हो गई










