The Lallantop

कलंक का कलेक्शन इतना कि करण जौहर गा रहे होंगे - तबाह हो गए!

किस वजह से फिल्म का मंडे का कलेक्शन चौंकाने वाला है.

Advertisement
post-main-image
वरुण धवन, आलिया भट्ट, संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य रॉय कपूर स्टारर इस फिल्म को अभिषेक वर्मन ने डायरेक्ट किया है.
भारी तामझाम के साथ रिलीज़ हुई करण जौहर की मल्टी-स्टारर 'कलंक' पिट गई है. कलंक ने सोमवार तक मात्र 69.53 करोड़ रुपए कमाए हैं. वो भी तब जब फिल्म शुक्रवार के बदले बुधवार को रिलीज़ हुई थी. ऐसे में उसके पास बुधवार को महावीर जयंती और शुक्रवार को गुड फ्राइडे की छुट्टी जैसा लंबा और कमाऊ वीकेंड मिला था. लेकिन फिल्म न तो क्रिटिक्स को इंप्रेस कर पाई न जनता को. 'कलंक' की शुरुआत बड़े धाकड़ तरीके से हुई थी. ये साल 2019 की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म बन गई थी. 21.60 करोड़ रुपए से खुली इस फिल्म की कमाई हर गुज़रते दिन के साथ कम होती गई. संडे को थोड़ा उछाल देखने को मिला था लेकिन वो फिल्म को सफल बनाने के लिए नाकाफी था. 'कलंक' का इंडिया में प्रतिदिन कलेक्शन आप नीचे देखेंगे.
बुधवार- 21.60 करोड़ रुपए गुरुवार- 11.45 करोड़ रुपए शुक्रवार- 11.60 करोड़ रुपए शनिवार- 09.75 करोड़ रुपए रविवार- 11.63 करोड़ रुपए सोमवार- 03.50 करोड़ रुपए
टोटल- 69.53 करोड़ रुपए
वहीं विदेशों में फिल्म के ठीक परफॉर्म करने की बात कही जा रही है. दुनियाभर से फिल्म ने रविवार तक 33.68 करोड़ रुपए कमा लिए थे. जिस लेवल पर कलंक को बिल्ड किया गया था, इससे उम्मीदें बहुत थीं, जो अब धुलती नज़र आ रही हैं. इस फिल्म के लिए करण जौहर ने सफलता की गारंटी माने जाने वाले तकरीबन हर हथकंडे का इस्तेमाल किया. बजट से लेकर स्टार और खूबसूरती लेकिन उनका ध्यान कॉन्टेंट पर नहीं गया, जिसकी वजह से फिल्म मुंह के बल गिरती नज़र आ रही है. तिस पर खुराफाती वेबसाइट तमिलरॉकर्स ने फिल्म को लीक भी कर दिया. लोगों ने सिनेमाघर जाने के बदले इसे डाउनलोड करके देखना ही बेहतर समझा, इस चक्कर में भी फिल्म का भारी नुकसान हुआ है.
फिल्म 'कलंक' के एक सीन में आलिया और वरुण.
फिल्म 'कलंक' के एक सीन में आलिया और वरुण.

वरुण धवन, आलिया भट्ट, संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य रॉय कपूर. ये किसी भी फिल्ममेकर के लिए ड्रीम कास्ट है. लेकिन आप सिर्फ कास्ट के बूते फिल्म नहीं खींच सकते. ये हम पिछले दिनों 'ट्यूबलाइट', 'रेस 3', 'फैन', 'ज़ीरो' और 'ठग्स ऑफ हिन्दोस्तां' में देख चुके हैं. लेकिन उसमें काम करने वाले एक्टर्स सुपरस्टार हैं. एक फिल्म से उन पर कोई असर नहीं पड़ेगा. लेकिन 'कलंक' में काम करने वाले एक्टर्स के लिए खासकर सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य रॉय कपूर के लिए ये बड़ा झटका हो सकता है.
फिल्म 'कलंक' में आदित्य और सोनाक्षी ने पति-पत्नी का रोल किया था.
फिल्म 'कलंक' में आदित्य और सोनाक्षी ने पति-पत्नी का रोल किया था.

'कलंक' सोनाक्षी सिन्हा की पिछली पांच फिल्मों में चौथी फ्लॉप फिल्म है. 2017 में आई 'इत्तेफाक' उनकी पिछले तीन सालों में रिलीज़ हुई एकमात्र हिट फिल्म है. वहीं आदित्य रॉय कपूर का करियर इस फिल्म से बहुत सी उम्मीदें लिए बैठा था. अपने दस साल लंबे करियर में आदित्य ने टोटल नौ फिल्मों में काम किया है (कैमियो को छोड़कर). इसमें से सिर्फ दो फिल्में 'आशिकी 2' और 'ये जवानी है दीवानी' सफल रही हैं. 'कलंक' को वरुण के करियर की पहली और आलिया के करियर की दूसरी फ्लॉप फिल्म होने का भी गौरव प्राप्त हो गया है.
इस शुक्रवार को दुनियाभर में बहु-प्रतिक्षित 'एवेंजर्स: एंडगेम' रिलीज़ हो रही है. उस फिल्म को लेकर जो क्रेज़ इंडिया में देखने को मिल रहा है, उस हिसाब से ऐसा लगता नहीं है कि आने वाले समय में 'कलंक' के लिए कुछ बचेगा. 'कलंक' के पास सिर्फ साख बची है, जिसे बचा पाने के लिए उसके पास समय तक नहीं है.

Advertisement
इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement