बुधवार यानी 17 अप्रैल को बोर्ड ने वर्ल्ड कप के लिए 15 प्लेयरों के नाम जारी किए और उसमे जोफ्रा आर्चर का नाम नहीं है. मगर साथ बोर्ड ने एक खेल ये कर दिया कि आयरलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ हो रहे वनडे और
टी20 मैचों के लिए 17 खिलाड़ियों की जो लिस्ट जारी की उसमें जोफ्रा आर्चर का नाम शामिल है. ये सीरीज 19 मई को खत्म होनी है. और हर देश को अपने फाइनल 15 खिलाड़ियों की लिस्ट आईसीसी को 23 मई तक भेजनी है. यानी उसके बाद टीम में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा. ईसीबी ने जोफ्रा आर्चर और क्रिस जॉर्डन को इन दो सीरीज में खुद को साबित करने का मौका दिया है. अगर जोफ्रा इसमें कुछ कमाल कर पाए तो ईसीबी को जोफ्रा के खिलाफ उठ रही आवाजों का जवाब देने में सहूलियत होगी.
मगर जब इंग्लैंड के लिए एक भी मैच नहीं खेले जोफ्रा आर्चर का सलेक्शन 2019 वर्ल्ड कप टीम में पक्का माना जा रहा था, अब कई खिलाड़ियों ने टीम में जोफ्रा को लिए जाने पर विरोध जताया है. इसमें सबसे आगे हैं क्रिस वोक्स जिन्होंने कहा कि जोफ्रा आर्चर का टीम में आना नैतिक रूप से सही नहीं होगा. वोक्स ने आगे कहा कि जिस भी इंग्लिश खिलाड़ी की जगह जोफ्रा आंएगे, वो उसके लिए सही नहीं होगा. वोक्स ने कहा कि मैं निजी तौर पर नहीं चाहूंगा कि मेरा कोई भी टीम मेट बाहर जाए. हम लोगों ने कई सालों से साथ क्रिकेट खेला है और इंग्लैंड को कई सीरीज जितवाई हैं. वोक्स के अलावा इंग्लैंड के ही बॉलर डेविड विल्ली ने कहा था कि ये बड़ी अजीब बात है कि कोई वर्ल्ड कप से ठीक पहले आए टीम सलेक्शन के लिए मौजूद हो और देश के लिए खेलने लग जाए. अभी एक हफ्ता पहले टीम के ही खिलाड़ी मार्क वुड ने कहा था कि आर्चर के टीम में आने से टीम का संतुलन बिगड़ जाएगा. अब इंग्लैंड की इस टीम में जोफ्रा आर्चर का इतना विरोध हो रहा है तो बोर्ड के सामने समस्या ये है कि जोफ्रा को कैसे शामिल करें. ऐसे में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ ये मैच आर्चर के लिए जगह बनाने में मदद कर सकते हैं. साथ ही आईपीएल की राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर के साथ इंग्लैंड टीम के वाइस कैप्टन जोस बटलर और बेन स्टोक्स भी खेल रहे हैं जो इंग्लैंड की वर्ल्ड कप टीम में भी हैं और ये दोनों आर्चर के लिए टीम में वो स्वीकार्यता पैदा कर सकते हैं जो बोर्ड नहीं करवा पा रहा है. लल्लनटॉप वीडियो भी देखें-














