The Lallantop

पेंटागन ट्रंप को ईरान जंग की सच्चाई नहीं बता रहा... जेडी वांस की कही बातें कमरे से बाहर आईं

JD Vance के कुछ भरोसेमंद लोगों का मानना ​​है कि युद्ध मंत्री यानी वॉर सेक्रेटरी पीट हेगसेथ (Pete Hegseth) ने अमेरिका के हालात को इतना ज्यादा पॉजिटिव दिखाया है कि वह गुमराह करने वाला लगता है. उपराष्ट्रपति ने चिंता जताई कि Pentagon ने Donald Trump को युद्ध के नतीजे बढ़ा-चढ़ाकर बताए.

Advertisement
post-main-image
अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (बाएं) और उपराष्ट्रपति जेडी वांस (दाएं). (AP)

ईरान की एयरफोर्स और नेवी खत्म हो गई. ईरानी नेवी के जहाजों और नावों को समुद्र की गहराई में भेज दिया गया. ईरान के आसमान पर हमारा राज है. 28 फरवरी को जंग शुरू होने के बाद से अमेरिका लगातार ये दावे कर रहा है. अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वांस को कथित तौर पर डर है कि ये दावे पूरी तरह सच नहीं हैं. चिंता है कि पेंटागन राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को गुमराह कर रहा है. टारगेट पर युद्ध मंत्री यानी वॉर सेक्रेटरी पीट हेगसेथ और जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन हैं. लेकिन लिहाज के साथ.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अमेरिकी मीडिया आउटलेट ‘द अटलांटिक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, जेडी वांस को शक है कि पीट हेगसेथ और डैन केन ने ईरान युद्ध में अमेरिकी मिलिट्री की कामयाबी को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया है. बंद दरवाजों के पीछे हुई मीटिंग में जेडी वांस ने अपनी चिंताए जाहिर की हैं, लेकिन हेगसेथ या केन पर सीधे आरोप नहीं लगाए.

ट्रंप प्रशासन के दो अधिकारियों के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया कि उपराष्ट्रपति जेडी वांस ने पेंटागन के दावों की असलियत पूछी है. उन्होंने ट्रंप के साथ बातचीत में अमेरिका के मिसाइल स्टॉक को लेकर भी चिंता जाहिर की. हथियारों की कमी की वजह से संभावित युद्धों में अमेरिका को गंभीर नतीजों का सामना करना पड़ सकता है. ताइवान को चीन, साउथ कोरिया को नॉर्थ कोरिया और यूरोप को रूस से बचाने के लिए अमेरिका को इसी जखीरे से ही मदद करनी होगी.

Advertisement

पीट हेगसेथ और डैन केन सबके सामने कह चुके हैं कि अमेरिका के पास हथियारों का जबरदस्त स्टॉक है. दोनों ने आठ हफ्तों तक चली जंग में ईरान को बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचाने का भी दावा किया. जेडी वांस के एडवाइजर्स ने बताया कि उपराष्ट्रपति ने युद्ध में अमेरिका के हालात पर चिंता तो जताई, लेकिन पीट हेगसेथ और डैन केन पर डोनाल्ड ट्रंप को गुमराह करने का सीधा आरोप नहीं लगाया.

pete hegseth dan caine
वॉर सेक्रेटरी पीट हेगसेथ (बाएं) और जॉइंट चीफ ऑफ स्टाफ के चेयरमैन जनरल डैन केन (दाएं). (Reuters)

जेडी वांस पर्सनल ना होने की कोशिश कर रहे हैं. वे ट्रंप सरकार में कोई फूट भी नहीं डालना चाहते. जेडी वांस के कुछ भरोसेमंद लोगों का मानना ​​है कि पीट हेगसेथ ने अमेरिका के हालात को इतना ज्यादा पॉजिटिव दिखाया है कि वह गुमराह करने वाला लगता है.

यह भी पढ़ें: बस दो शर्तें और होर्मुज का संकट खत्म, ईरान का नया प्रस्ताव अमेरिका मानेगा?

Advertisement

पब्लिक में तो जेडी वांस कह चुके हैं कि पेंटागन चीफ पीट हेगसेथ ने बढ़िया काम किया है. डॉनल्ड ट्रंप खुद पीट हेगसेथ और डैन केन की तारीफ कर चुके हैं. लेकिन, वाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि जेडी वांस "हमारे स्ट्रेटेजिक प्लान के बारे में बहुत सारे सवाल पूछते हैं, जैसा कि राष्ट्रपति की नेशनल सिक्योरिटी टीम के सभी सदस्य करते हैं."

इसमें भी पीट हेगसेथ की एक बात पर गौर किया गया. कुछ एडवाइजर्स ने बताया कि सुबह 8 बजे हेगसेथ की प्रेस ब्रीफिंग होती है. यह वही टाइम है जब डॉनल्ड ट्रंप फॉक्स न्यूज चैनल देखते हैं. डॉनल्ड ट्रंप के एक पूर्व अधिकारी ने कहा,

"पीट के टीवी एक्सपीरियंस ने उन्हें यह जानने में बहुत माहिर बना दिया है कि ट्रंप से कैसे बात करनी है, ट्रंप कैसे सोचते हैं."

जेडी वांस भी हर कदम फूंक-फूंककर रख रहे हैं. उन्हें अमेरिकी मिलिट्री की सफलता का सच सामने लाने की चिंता है, साथ ही वाइट हाउस के नेताओं और अधिकारियों के साथ तालमेल भी बनाए रखना है. निगाह 2028 में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने पर भी है.

यह भी पढ़ें: कुर्सी खतरे में तो नहीं... ईरान में बुरे फंसे ट्रंप ने अब खुफिया एजेंसियों को इस काम पर लगाया

जेडी वांस ट्रंप सरकार की वो शख्सियत हैं, जो शुरुआत से ईरान युद्ध के खिलाफ थे. ईरान के साथ पहले दौर की 'पीस टॉक' के लिए वांस के नेतृत्व में ही अमेरिकी डेलीगेशन पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद गया था. यह बातचीत नाकाम रही.

वीडियो: अमेरिकी विदेश मंत्री ने होर्मुज को 'इकोनॉमिक न्यूक्लियर हथियार' क्यों बता द‍िया?

Advertisement