The Lallantop

पुलिस की गाड़ी से बीजेपी कार्यकर्ताओं को खाना बांटा गया, ड्राइवर लाइन हाज़िर

राम माधव रैली को संबोधित कर रहे थे, बाहर पुलिस की गाड़ी से खाना बंट रहा था.

Advertisement
post-main-image
अनंतनाग में पुलिस की गाड़ी से बीजेपी की रैली में खाने के पैकेट्स बांटे गए. (तस्वीर- वीडियो ग्रैब)
सोशल मीडिया पर जम्मू कश्मीर के अनंतनाग का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वीडियो में एक वैन है जिससे लोगों को खाना बांटा जा रहा है. गौर से देखने पर पता चलता है कि जिन्हें खाना दिया जा रहा होता है वहां आस-पास बीजेपी का झंडा लगा होता है. सोशल मीडिया के दावों के मुताबिक ये वीडियो जम्मू कश्मीर के अनंतनाग का है. 27 अप्रैल के दिन अनंतनाग में बीजेपी की रैली थी. रैली को राम माधव संबोधित कर रहे थे. इस रैली में आए लोगों और बीजेपी कार्यकर्ताओं को खाने के पैकेट के साथ पानी की बोतलें बांटी गई. दावे किए जा रहे हैं कि फूड पैकेट्स बांटने के लिए पुलिस की गाड़ी का इस्तेमाल किया गया. वायरल वीडियो में भी दिख रहा है जिस गाड़ी का इस्तेमाल खाना बांटने के लिए किया गया उसपर ‘पुलिस’ लिखा हुआ था. इस वीडियो के सामने आने के बाद जम्मू कश्मीर पुलिस ने जांच के आदेश दे दिए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस ने भी इस घटना पर बयान दिया:
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें अनंतनाग में एक राजनीतिक दल की रैली में खाने का सामान बांटने के लिए पुलिस की गाड़ी का इस्तेमाल किया गया. जिस गाड़ी का इस्तेमाल किया गया उस गाड़ी की तैनाती  सिक्योरिटी फोर्सेज़ के ट्रांसपोर्टेशन के लिए की गई थी. वीडियो सामने आने के बाद गाड़ी को वापस ले लिया गया है और चालक को भी लाइन हाज़िर किया गया है. इस मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
वीडियो सामने आने के बाद जम्मू कश्मीर में भी कई नेताओं ने ट्वीट कर सवाल उठाए हैं. जम्मू और कश्मीर की 6 लोकसभा सीटों के लिए पांच चरणों में चुनाव हो रहे हैं. अनंतनाग लोकसभा सीट पर सुरक्षा की वजह से तीन चरणों में वोटिंग होगी. वहीं 11 अप्रैल को 2 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है.

Advertisement
Advertisement