The Lallantop

पत्नी को भरण पोषण के 55 हजार देने थे, 7 बोरों में सिक्के भरकर लाया शख्स, कोर्ट ने सबक सिखाया

7 बोरों में 55 हजार देखकर अधिकारी हैरान, जज हैरान, जिसे मिलने थे वो सबसे ज्यादा हैरान-परेशान

Advertisement
post-main-image
इतने सिक्के देख पत्नी बोली ये भी एक प्रताड़ना ही है | फोटो: आजतक

कहानी है जयपुर की. एक व्यक्ति यहां के एडीजे कोर्ट में 55 हजार रुपए लेकर पहुंच गया. रकम 7 बोरों में भरकर कोर्ट में ले जाकर रख दी. जज ने देखा तो पूछा ये क्या है? बंदा बोला पैसे हैं पूरे 55 हजार रुपए! फिर बोला पैसे सिक्कों में हैं. अधिकारी हैरान, जज हैरान, जिसे मिलने थे ये पैसे वो सबसे ज्यादा हैरान-परेशान. फिर कोर्ट ने क्या कहा? ये बताने से पहले हम आपको बताएंगे कि कोर्ट पहुंचा ये मामला क्या था?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आजतक से जुड़े विशाल शर्मा की एक रिपोर्ट के मुताबिक ये कहानी शुरू हुई 12 साल पहले. तब जयपुर के दशरथ कुमावत की शादी सीमा कुमावत से हुई थी. लेकिन, पिछले पांच साल से दोनों के बीच विवाद चल रहा है. सीमा ने अपने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज करा रखा है. इस केस में काफी समय से कोर्ट में ट्रायल चल रहा है. पति दशरथ कुमावत पर 2.25 लाख रुपये के भरण-पोषण का भत्ता बकाया चल रहा है.

पिछले दिनों बकाया राशि नहीं देने पर जयपुर की हरमाड़ा थाना पुलिस ने दशरथ को अरेस्ट कर लिया. कोर्ट में पेश किया. जहां से उसे बकाया राशि की पहली किश्त के भुगतान के आदेश के साथ जेल भेज दिया गया. दशरथ कुमावत के जेल में होने के कारण उसके परिजन बकाया राशि की पहली क़िस्त के तौर पर 55 हजार रुपए लेकर कोर्ट पहुंचे. ये रकम सिक्कों में थी. 7 बोरे भरकर, वजन करीब 280 किलो. सभी बोरों में 1, 2, 5 और 10 रुपये के सिक्के भरे थे.

Advertisement
सिक्के देख पत्नी ने क्या कहा?

आजतक के मुताबिक 55 हजार रुपये की राशि सिक्कों में देने पर पत्नी सीमा कुमावत के वकील राम प्रकाश कुमावत का कहना है कि ऐसा उनकी मुवक्किल को प्रताड़ित करने के लिए किया जा रहा है. ये अमानवीयता है. वहीं पति की ओर से पेश हुए वकील रमन गुप्ता ने कहा कि उनके मुवक्किल ने 55 हजार रुपये सिक्कों में दिए जोकि एक वैध भारतीय मुद्रा है, इसलिए इस राशि को स्वीकार किया जाना चाहिए.

कोर्ट ने सबक सिखाया!

एडीजे कोर्ट के जज ने जब इतने सिक्के देखे तो पहले वो हैरान रह गए. फिर कहा कि इस राशि को गिनने में तो 10 दिन लग जाएंगे. सवाल उठा कि इतने सारे सिक्कों की गिनती कैसे और कब हो? इसके लिए कोर्ट ने पति दशरथ को ही आदेश दिया. कोर्ट ने पति से कहा कि वो इन सभी सिक्कों की 1-1 हजार रुपये की थैलियां बनाकर गिनती करवाए. सिक्कों की गिनती के लिए 26 जून की तारीख तय की गई है.

वीडियो: श्याम रंगीला ने जयपुर में पीएम का स्पूफ वीडियो बनाया, वन विभाग ने जुर्माना लगा दिया

Advertisement

Advertisement