The Lallantop

शादी में नाच रहे थे लोग, फिर ऐसा क्या हुआ कि दूल्हा-दुल्हन समेत 30 मेहमान अस्पताल पहुंच गए?

दूल्हे ने बताया कि सब लोग खुश थे, लेकिन जब तक कुछ समझ में आता उनके ऊपर मलबा, धूल और लोग गिर रहे थे.

Advertisement
post-main-image
लकड़ी के तख्तों से बना स्टेज टूट गया और पूरा स्टेज फर्श पर गिर पड़ा. (प्रतीकात्मक तस्वीर - आजतक)

शादी का समारोह है. नाच-गाना चल रहा है. तभी अचानक ऐसा हादसा होता है कि शादी में मौजूद सभी लोग अस्पताल पहुंच जाते हैं. दूल्हे ने बताया कि सब लोग खुश थे. लेकिन जब तक कुछ समझ में आता, उनके ऊपर मलबा, धूल और लोग गिर रहे थे. इसके बाद आंख खुली, तो सीधे अस्पताल में.

Advertisement

मामला इटली (Italy) का है. पाओलो मुगनैनी और वेलेरिया यबारा की शादी थी. उन्होंन 150 के करीब मेहमानों को आमंत्रित किया था. ये शादी इटली के पिस्तोइया में पूर्व जियाचेरिनी कॉन्वेंट में हो रही थी. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, सब जश्न मना रहे थे, नाच-गा रहे थे. तभी अचानक से 25 फीट ऊपर लकड़ी के तख्तों से बना स्टेज टूट गया और पूरा स्टेज फर्श पर गिर पड़ा. दूल्हे पाओलो मुगनैनी ने बताया,

"किसी को कुछ समझ नहीं आया. मैं मलबे में फंस गया और कुछ कर नहीं पा रहा था. मैंने अपने दोस्त को देखा और उसे बुलाया. लेकिन उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया. उसके सिर पर चोट लगी थी और खून बह रहा था. मैंने अपनी पत्नी वेलेरिया को चिल्लाकर बुलाना चाहा, लेकिन वो कहीं दिख नहीं रही थी. मैं डर गया कि वो मलबे में दब तो नहीं गई."

Advertisement

इस दुर्घटना में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और 10 अन्य को भी चोटें आई हैं. सभी का इलाज इटली के पिस्तोइया में सैन जैकोपो अस्पताल में हो रहा है. अस्पताल से कई तस्वीरें आईं, जिसमें जोड़े को अस्पताल के बिस्तर में एक-दूसरे के बगल में हाथ डालकर लेटे हुए दिखाया गया.

ये भी पढ़ें - बहन की शादी में स्टेज पर आग लगी, भाई भागकर आया और अपने ब्लेजर से बुझा दी!

परिवार ने आयोजन स्थल के मालिक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. वहीं, आयोजन स्थल के मालिकों ने स्थानीय मीडिया से बातचीत में कहा कि ये घटना कैसे हुई, किसी को कुछ समझ ही नहीं आया. ये एक दुखद और अप्रत्याशित घटना थी. घटना के बाद आयोजन स्थल को बंद कर दिया गया है. पुलिस जांच कर रही है कि स्टेज गिरा कैसे.

Advertisement

वीडियो: सोशल लिस्ट: शादी का भयंकर गिफ्ट! खोलते-खोलते शामत आई, अंदर जो था उसका वीडियो वायरल हो गया

Advertisement