The Lallantop

एसिड में लाश गलाता था हत्यारा, 16 साल बाद पिज्जा बनाते हुए पकड़ा गया

जेल से भागकर होटल में शेफ बन गया था.

Advertisement
post-main-image
डबल मर्डर केस का दोषी एडगार्डो ग्रेको 16 साल बाद पकड़ा गया (फोटो-इंडिया टुडे)

अपने दो प्रतिद्वंदियों को मछली के गोदाम में पीट-पीटकर मारा, लाश किसी को न मिले इसलिए एसिड डालकर गला दिया. सजा से बचने के लिए देश छोड़कर भागा और 16 साल तक पुलिस को चकमा देता रहा. अब आखिरकार, ये 63 साल का अपराधी पकड़ा गया है. वो भी पिज़्ज़ा बनाते हुए. कहानी किसी फिल्म या वेबसीरीज़ की लग रही होगी, लेकिन है ये एक सच्ची घटना है. इंटरनेशनल पुलिस ने एडगार्डो ग्रेको नाम के एक अपराधी को पकड़ा है. जो इटली में दो लोगों के मर्डर केस में दोषी साबित होने के बाद जेल से फरार हो गया था. अब जाकर इंटरनेशनल पुलिस ने उसे फ्रांस से गिरफ्तार (Italian Mafia Killer Arrested after 16 years) किया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रेको फ्रांस के एक रेस्टोरेंट में शेफ बन चुका था. 2006 में उसने स्टेफ़ानो और ग्यूसेप बार्टोलोमियो नाम के दो भाइयों की हत्या की थी. ग्रेको ने उन्हें गोदाम में लोहे की रॉड से पीटकर मार डाला था. उनकी लाश किसी को नहीं मिल पाई क्योंकि ऐसा दावा है कि शव को तेजाब में डालकर गला दिया गया था. अदालत ने इस मामले में ग्रेको को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी. लेकिन, कुछ समय बाद ही वो जेल से भाग गया था.

नाम बदला और शेफ बन गया

2014 में पुलिस को पता चला कि वो नाम बदलकर रह रहा है. अब वो एडगार्डो ग्रेको नहीं शेफ ‘पाओलो दिमित्रियो’ बन चुका था. रिपोर्ट्स हैं कि आठ सालों में वो अलग-अलग रेस्टोरेंट में काम कर चुका था. फ्रांस के सेंट-इटियेन शहर में खुद का रेस्टोरेंट कैफे रॉसिनी भी खोल लिया. वहां वो बतौर शेफ पिज्जा बनाने का काम करता था. अखबारों-टीवी पर अपने रेस्टोरेंट की रेसिपी के एड तक देने लगा था. हालांकि, अब अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन ने उसे अरेस्ट कर लिया है. 

Advertisement

NDTV के मुताबिक, इंटरपोल के महासचिव जुर्गन स्टॉक ने कहा-

इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि भगोड़े दूसरे देश में सेटल होने की कितनी कोशिश करते हैं. वो जीवन भर न्याय से बच नहीं सकते. दुनिया भर के अधिकारी हमेशा ये सुनिश्चित करते रहेंगे कि न्याय हो.

और भी अपराधों से जुड़े हैं तार…?

ग्रेको पर एक अन्य व्यक्ति एमिलियानो मोसियारो की हत्या की कोशिश का आरोप भी है. उसका 'नड्रांगहेटा' गैंग से भी कुछ लिंक है. ये दुनिया के सबसे शक्तिशाली संगठित अपराध सिंडिकेट में से एक माना जाता है. दुनिया भर में कोकीन और हथियारों की तस्करी करने वाले इस गैंग को कुछ हफ्ते पहले ही यूरोपीय अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था.

Advertisement

ये भी पढ़ें- 30 साल तक छुपा हुआ था ये माफिया, अस्पताल में ऐसे पकड़ाया, दुनिया देखती रह गई!

पिछले महीने ही 30 साल से फरार चल रहे इटली के मोस्ट वांटेड माफिया माटेओ मेस्सिना डेनारो को भी पुलिस ने पकड़ा था. 60 साल के डेनारो को सिसिली की राजधानी पलेर्मो के एक अस्पताल से गिरफ्तार किया गया. वो वहां कैंसर का इलाज करा रहा था. गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में करीब 100 पुलिसवाले शामिल थे. डेनारो 1993 से फरार था. उसके क्राइम रिकॉर्ड की लिस्ट काफी लंबी है.

वीडियो: पड़ताल: वायरल वीडियो में दावा, इटली के अरबपति ने कूद कर जान दी?

Advertisement