साउथ लेबनान पर हुए एक इजराइली हवाई हमले में तीन पत्रकारों की मौत हो गई. ये हमला उस वक्त हुआ, जब तीनों पत्रकार इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच चल रहे युद्ध को कवर कर रहे थे. लेबनान ने इस हमले की कड़ी निंदा की है. मारे गए पत्रकारों की पहचान अली शोएब, फातिमा फतूनी और मोहम्मद फतूनी के तौर पर हुई है. इजरायल ने पत्रकार शोएब पर हिजबुल्लाह का खुफिया एजेंट होने का आरोप लगाया है. अली शोएब जिस चैनल ‘अल-मनार’ में काम करते थे उसे हिजबुल्लाह संचालित करता है. हिजबुल्लाह लेबनान में एक शिया राजनीतिक संगठन है, जिसके पास अपनी सेना भी है.
जंग कवर कर रहे पत्रकार बने निशाना, लेबनान में इजराइली हमले में 3 रिपोर्टर्स की मौत
लेबनान पर हमला उस वक्त हुआ, जब तीनों पत्रकार Israel-Hezbollah के बीच चल रहे युद्ध को कवर कर रहे थे. Lebanon ने इस हमले की कड़ी निंदा की.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिणी लेबनान पर ये हमला शनिवार 28 मार्च को हुआ. अल-मनार टीवी ने बताया कि उनके रिपोर्टर अली शोएब साउथ लेबनान में मारे गए. शोएब लेबनान के एक जाने-माने युद्ध रिपोर्टर थे और उन्होंने लगभग तीन दशकों तक अल-मनार टीवी के लिए साउथ लेबनान से रिपोर्टिंग की थी. इजरायली सेना ने स्वीकार किया है कि उसने शोएब को निशाना बनाया था. उन पर हिजबुल्लाह का खुफिया एजेंट होने का आरोप भी लगाया लेकिन इस आरोप के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया.
इस बीच, अल-मयादीन टीवी ने बताया कि इसी हवाई हमले में रिपोर्टर फातिमा फतूनी और वीडियो जर्नलिस्ट मोहम्मद फतूनी भी मारे गए. दोनों भाई-बहन बताए जा रहे हैं. हमले से ठीक पहले फातिमा लाइव रिपोर्टिंग कर रही थीं. इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने पत्रकारों पर हमले का वीडियो भी जारी किया है.
लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने इस हमले को एक ‘बड़ा अपराध’ बताया है, जो पत्रकारों की सुरक्षा करने वाले सभी कानूनों और समझौतों का उल्लंघन करता है. वहीं, इजरायली सेना ने दावा किया कि शोएब साउथ लेबनान में इजरायली सैनिकों के ठिकानों का पता लगाने के लिए व्यवस्थित तरीके से काम कर रहे थे. हालांकि, इजरायली सेना ने अपने बयान में दो और पत्रकारों का जिक्र नहीं किया. अल-मनार टीवी ने भी इजरायली आरोपों का जवाब नहीं दिया है.
ये भी पढ़ें: गाजा में पत्रकारों की मौत: अल जज़ीरा का आरोप-'प्रेस पर हमला', IDF का पलटवार- ‘हमास के आतंकी थे’
इजरायल और हिजबुल्लाह के बीच हालिया युद्ध तब शुरू हुआ है, जब इजरायली एयर डिफेंस ने हिजबुल्लाह के ठिकानों पर हमले किए. इनमें अल-मनार टीवी का हेडक्वार्टर और अल-नूर रेडियो स्टेशन भी शामिल है. इन ताजा मौतों के साथ ही इस साल लेबनान में मारे गए पत्रकारों और मीडियाकर्मियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है.
वीडियो: इजरायल पीएम नेतन्याहू ने कैमर पर आकर ईरान और ट्रंप पर क्या कहा?


















