The Lallantop

ईरानी राष्ट्रपति के हेलिकॉप्टर का मलबा मिला, रईसी के मौत की आशंका, अब तक पुष्टि नहीं

Iran President Ebrahim Raisi के दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर का मलबा बरामद हो गया है. ईरान के सरकारी टेलीविजन ने इस बाबत जानकारी दी है. अभी तक इब्राहिम रईसी की स्थिति पर संशय बरकरार है. आशंका जताई जा रही है कि हेलिकॉप्टर में सवार किसी भी शख्स के बचने की संभावना नहीं है.

Advertisement
post-main-image
राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी बांध का उद्घाटन करने अजरबैजान गए थे (फाइल फोटो- आजतक)

ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के हेलिकॉप्टर क्रैश (Iran President Ebrahim Raisi Helicopter Crash) पर बड़ा अपडेट सामने आ रहा है. ईरान के सरकारी टेलीविजन चैनल ने पुष्टि की है कि दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर का मलबा बरामद हो चुका है. हालांकि अभी तक इब्राहिम रईसी की स्थिति पर संशय बरकरार है. राष्ट्रपति के अलावा हेलिकॉप्टर में कुछ और वरिष्ठ अधिकारी भी सवार थे.  

Advertisement

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रपति एक बांध का उद्घाटन करने के लिए अजरबैजान गए थे. वहां से लौटते वक्त उत्तर-पश्चिमी ईरान के जोल्फा शहर के पास उनका हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया. ईरानी राज्य मीडिया IRNA के मुताबिक, ये दुर्घटना खराब मौसम के चलते हुई. 

मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि हेलिकॉप्टर में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के अलावा ईरान के विदेश मंत्री होसैन अमीरबदोल्लाहियान, पूर्वी अजरबैजान के गवर्नर मालेक रहमती, पूर्व अजरबैजान में ईरानी सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि अयातुल्ला मोहम्मद अली आले-हाशेम भी मौजूद थे. चालक समेत कुल आठ लोग थे. 

Advertisement
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घने कोहरे और बर्फीले तूफान वाले पहाड़ी इलाके मे पांच रेस्कयू टीमें पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया. कुछ देर में अन्य बचाव टीमें और कुछ पर्वतारोही भी सर्च-रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल हो गए. ईरानी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ ने सेना के सभी संसाधनों और रिवोल्यूशनरी गार्ड्स को भी ऑपरेशन में इस्तेमाल करने को कहा है.

दुर्घटनाग्रस्त हेलिकॉप्टर को ढूंढने में मदद के लिए तुर्की का ड्रोन भी ईरानी हवाई क्षेत्र में पहुंचा. इसके अलावा रूस भी मदद के लिए आगे आया.

खबर है कि राष्ट्रपति रईसी अमेरिका में निर्मित बेल 212 हेलिकॉप्टर में उड़ान भर रहे थे. मामले पर अमेरिकी सीनेट के बहुमत नेता चक शूमर ने कहा है कि ईरान के राष्ट्रपति का हेलिकॉप्टर क्रैश दुर्घटना है और खुफिया अधिकारियों से उन्हें पता चला है कि इसमें किसी का कोई हाथ नहीं है. 

Advertisement
PM मोदी ने जताई चिंता! 

भारत के PM नरेंद्र मोदी ने हेलिकॉप्टर क्रैश को लेकर चिंता जताई है. पोस्ट में लिखा,

राष्ट्रपति रईसी की हेलिकॉप्टर उड़ान के बारे में रिपोर्टों से बहुत चिंतित हूं. संकट की इस घड़ी में हम ईरानी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं. राष्ट्रपति और उनके दल की भलाई के लिए प्रार्थना करते हैं.

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने ईरानियों को आश्वस्त किया है कि राज्य के मामलों में कोई व्यवधान नहीं होगा.

ये भी पढ़ें- ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी के हेलिकॉप्टर की 'हार्ड लैंडिंग', किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा

बता दें, पहले जो जानकारी सामने आई थी उसमें हेलिकॉप्टर के 'हार्ड लैंडिंग' की बात कही गई थी. फिर समाचार एजेंसी IRNA ने रिपोर्ट दी कि हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ है.

वीडियो: दुनियादारी: भारत-ईरान चाबहार डील पर अमेरिका की धमकी, जयशंकर ने सुना दिया, बवाल होगा?

Advertisement