
बैटिंग करते हुए कीरन पोलार्ड (AP)
लेकिन आईपीएल 2019 में पोलार्ड ने मामला पलट के रख दिया है. उनकी बात हो रही है किंग्स इलेवन पंजाब के ख़िलाफ़ उनके ताबड़तोड़ 83 रनों की बदौलत जो कि उन्होंने बनाए 31 गेंदों में. लेकिन देखा जाए कि पोलार्ड लगातार 3 मैचों से कमाल की बैटिंग कर रहे हैं. सबसे पहले चेन्नई का मैच जो कि खेल गया वानखेड़े स्टेडियम में. यहां आख़िरी के ओवर्स में हार्दिक पंड्या ने ज़बरदस्त बैटिंग की और 8 गेंद में 25 रन बनाते हुए फाइनल स्कोर को 170 तक ले गए. इसी दौरान पोलार्ड ने 7 गेंदों में 17 रन बनाए. पंड्या और पोलार्ड के बीच 45 रनों की पार्टनरशिप हुई थी वो भी मात्र 12 गेंदों में. इसी पार्टनरशिप ने ही मुंबई का बेड़ा पार लगाया था. इस मैच में पोलार्ड ने दो तगड़े कैच भी पकड़े थे. इसके बाद हैदराबाद के ख़िलाफ़ एक बकवास बैटिंग परफॉरमेंस के बीच सिर्फ़ एक पोलार्ड ही थे जिन्होंने दिमाग से खेलते हुए वो रन्स बनाए जो हैदराबाद और मुंबई के बीच का अंतर बने. पोलार्ड ने हैदराबाद के ख़िलाफ़ 26 गेंदों में 46 रन बनाए. वो काफ़ी नीचे बैटिंग करने के लिए आये थे और अपनी बैटिंग से टीम के स्कोर को 136 तक पहुंचाया. इसके बाद का सारा काम मुंबई के बॉलर्स ने किया और एक बेहद छोटे टार्गेट को निपटा दिया.

कीरन पोलार्ड ने शानदार 83 रन बनाए (AP)
यहां से उनका सामना हुआ पंजाब से जिसके केएल राहुल ने मुंबई के ख़िलाफ़ अपने आईपीएल करियर की पहली सेंचुरी मारी. लेकिन पोलार्ड के 31 गेंदों में 267 के स्ट्राइक रेट से मारे 83 रन केएल राहुल की सेंचुरी पर भारी पड़े और पंजाब का काम तमाम हुआ. इस तरह से मुंबई को सबसे बड़ा फ़ायदा ये हुआ कि बॉटम 4 से वो सीधे तीसरे नंबर पर पहुंच गई. इस वक़्त मुंबई इंडियन्स एकमात्र वो टीम है जिसने अपने पिछले तीनों मैच जीते हुए हैं. मुंबई इंडियन्स जहां अपनी स्लो स्टार्ट के लिए जानी जाती है वहीं हर कोई ये भी जानता है कि ये टीम आधे मैच अपने मोमेंटम के दम पर जीतती है. एक दफ़ा मुंबई रोल करना शुरू करती है तो एक ताकतवर अंधड़ की तरह वो अपने साथ सब कुछ उड़ा ले जाती है. मुंबई इंडियन्स के साथ अचानक वही होता दिखाई दे रहा है. वो एक ऐसे मौके पर खड़े हैं जहां उन्हें मलिंगा को टीम से बाहर रखने में कोई गुरेज़ नहीं होगा. बॉलिंग से लेकर बैटिंग में उन्हें एक अच्छा बैलेंस मिल चुका है. वो ये भी समझ गए हैं कि युवराज सिंह को टीम से बाहर रखने में ही उनकी भलाई है. इस सब के साथ पोलार्ड का फॉर्म में आना, उनके बल्ले से टकराकर गेंदों का हवा में मीलों ऊपर उठ जाना उन्हें खूब सुहा रहा होगा. मुंबई अभी तक अपने 6 मैचों में 4 जीत चुकी है और होते करते वो टूर्नामेंट की सबसे ताकतवर टीम बन चुकी है.
लल्लनटॉप वीडियो देखिए-










