The Lallantop

ये 28 गैंगस्टर्स विदेश में छिपे, गृह मंत्रालय ने लिस्ट जारी कर नजरें टेढ़ी कर ली हैं!

लिस्ट के बाद क्या एक्शन, देखने वाला होगा...

Advertisement
post-main-image
सतिंदरजीत सिंह उर्फ़ गोल्डी बराड़ का नाम लिस्ट में सबसे ऊपर (फोटो- आजतक)

पिछले कुछ दिनों से ‘गैंगस्टर’ शब्द सोशल मीडिया पर कीवर्ड बना हुआ है. कारण कई हैं. पहला अतीक अहमद जो हाल में उमेश पाल हत्याकांड की वजह से चर्चा में रहा. दूसरा लॉरेंस बिश्नोई जिसने जेल से इंटरव्यू देकर सबको चौंका दिया. मगर फिलहाल बात उन गैंगस्टर्स की जो देश के बाहर से ऑपरेट कर रहे हैं. इनके नामों की लिस्ट गृह मंत्रालय (MHA releases list of Gangsters) ने जारी की है. ये गैंगस्टर्स अमेरिका, यूएई, मलेशिया, कनाडा जैसे देशों में रहकर अपना गैंग चला रहे हैं. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

हिंदुस्तान टाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक गृह मंत्रालय की लिस्ट में 28 वांटेड गैंगस्टर्स के नाम शामिल हैं. इन गैंगस्टर्स के खिलाफ हत्या, जबरन लूट जैसे कई मामले दर्ज हैं. मंत्रालय द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में सतिंदरजीत सिंह उर्फ़ गोल्डी बराड़ का नाम सबसे ऊपर है. मंत्रालय को ऐसा संदेह है कि बराड़ अमेरिका में हो सकता है. बराड़ को लॉरेंस बिश्नोई के साथ पिछले साल पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मास्टरमाइंड बताया गया था.

रिपोर्ट के मुताबिक NIA सूत्रों ने बताया कि बराड़ के लखबीर सिंह उर्फ लांडा से सीधे संबंध हैं. लखबीर सिंह लांडा बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) का संचालक है. लांडा मोहाली और तरनतारन में आरपीजी हमलों का आरोपी है.

Advertisement

अमेरिका में छिपे होने की लिस्ट में गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई उर्फ़ भानु का नाम भी शामिल है. NIA ने अनमोल के खिलाफ कई मामलों में चार्जशीट भी दायर की है. उस पर आतंक फैलाने और फेमस सामाजिक, धार्मिक नेताओं, फिल्म स्टार्स, गायकों और व्यापारियों की हत्या करने के आरोप लगे हैं. NIA सूत्रों के मुताबिक अनमोल बिश्नोई के कुछ लिंक पाकिस्तान से भी हैं. इसके अलावा वो कनाडा, नेपाल जैसे देशों में खालिस्तान समर्थकों के साथ संपर्क में भी है.

मूसेवाला हत्याकांड के अन्य आरोपी भी शामिल

गृह मंत्रालय की गैंगस्टर लिस्ट में मूसेवाला हत्याकांड में आरोपी सचिन थापन, गुरजंट सिंह उर्फ जनता, रोमी हांगकांग व अन्य नाम भी शामिल हैं. लिस्ट के नामों में गैंगस्टर गौरव पटियाल उर्फ़ लकी पटियाल भी शामिल है. लकी पटियाल के घर NIA ने पिछले साल छापा मारा था. उस पर हथियारों की तस्करी, नार्को टेररिज्म, जबरन वसूली, अपहरण व अन्य आपराधिक मामलों के तहत कार्रवाई की गई थी.

गृह मंत्रालय की जारी लिस्ट में जिन गैंगस्टर्स के नाम शामिल हैं, उनमें से कुछ नाम इस प्रकार हैं-

Advertisement

-हरजोत सिंह गिल- अमेरिका
-दरमनजीत सिंह उर्फ दारमन कहलों- अमेरिका
-सतवीर सिंह वारिंग उर्फ सैम- कनाडा
-चरनजीत सिंह उर्फ रिंकू बिहला- कनाडा
-रोहित गोदारा- यूरोप
-जगजीत सिंह उर्फ गांधी- मलेशिया
-हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा- पाकिस्तान
-राजेश कुमार उर्फ सोनू खत्री- ब्राजील
-सुप्रीत सिंह उर्फ हैरी चट्ठा- जर्मनी

लिस्ट में कुल 28 नाम हैं. देखने वाला होगा कि गृह मंत्रालय आगे इन गैंगस्टर्स पर शिकंजा कसने के लिए क्या कार्रवाई करता है.

वीडियो: फरार अमृतपाल सिंह ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो जारी किया, 14 अप्रैल को कुछ बड़ा करने का ऐलान

Advertisement