Ranbir Kapoor की Ramayana को हिंदी और इंग्लिश समेत दुनियाभर की 45 भाषाओं में डब किया जाएगा. मगर रिलीज़ से पहले मेकर्स ने दर्शकों को बड़ा झटका दिया है. रिपोर्ट है कि वो इस मूवी के इंग्लिश वर्जन को हिंदी से लगभग 30 मिनट छोटा रखने वाले हैं.
विदेशी ऑडियंस को तगड़ा झटका! पूरी 'रामायण' नहीं देख पाएंगे
इंग्लिश के अलावा 'रामायण' के चाइनीज़ वर्जन में भी भारी कटौती होगी.

'रामायण' को ओवरसीज़ मार्केट में डिस्ट्रीब्यूट करने का जिम्मा सोनी पिक्चर्स को मिला है. विदेशी ऑडियंस को टार्गेट करने के लिए मेकर्स ने कुछ दिन पहले फिल्म के अलग-अलग ट्रेलर रिलीज़ किए थे. लेकिन वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, नमित मल्होत्रा ने फिल्म का इंग्लिश वर्जन छोटा रखने का फैसला किया है. इस दौरान फिल्म के गानों और कुछ सीन्स में भारी कटौती होगी. अगर ओवरसीज़ में इस फिल्म को इंग्लिश के अलावा भारतीय भाषाओं में रिलीज़ किया जाता है, तब भी ठीक है. वरना ये विदेश में रह रहे उन इंडियंस के लिए बहुत बड़ा झटका होगा, जिन्हें ये फिल्म मजबूरन इंग्लिश में देखनी पड़ेगी.
यूं तो मेकर्स ने इस फैसले के पीछे कुछ ठोस वजह नहीं बताई है. पर अनुमान है कि वो फॉरेन मार्केट की सुविधा के लिए ऐसा कर रहे हैं. दरअसल, अमेरिका समेत वेस्ट के कई देशों में फिल्म के बीच इंटरवल का कॉन्सेप्ट नहीं होता. वहां लोग ये मानते हैं कि बीच में ब्रेक देने से मूवी का फ़्लो खराब होता है. यही कारण है कि हॉलीवुड की फिल्में सामान्य तौर पर दो-ढाई घंटे के आसपास की होती हैं. इस रनटाइम की फिल्में लोग एक सिटिंग में देख सकते हैं. लेकिन ‘रामायण’ बड़ी फिल्म है. इसका लेंथ तीन घंटे से ज्यादा हो सकती है. विदेशी ऑडियंस का इतनी लंबी फिल्म को एक बार में देखना मुश्किल है. शायद यही कारण है कि मेकर्स ने इसके इंग्लिश वर्जन को आधा घंटा कम करने का फैसला किया है. लेकिन अभी ये केवल शुरुआती अनुमान है.
वैसे, 'रामायण' के सिर्फ इंग्लिश ही नहीं बल्कि चाइनीज़ वर्जन पर भी कैंची चलने वाली है. मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म की ओरिजिनल लेंथ 199 मिनट यानी 3 घंटे 19 मिनट की होगी. लेकिन चाइना में इससे 33 मिनट घटा दिया जाएगा. इससे 'रामायण' का रनटाइम 2 घंटे 46 मिनट के आसपास का होगा. इस कटौती के पीछे वहां की सेंसरशिप है.
दरअसल, चाइना में फिल्मों को रिलीज़ से पहले सख्त सेंसर नियमों से गुजरना पड़ता है. वहां के कानून ऐसे कॉन्टेन्ट की अनुमति नहीं देते, जो सरकार की धार्मिक नीतियों के खिलाफ हो या अंधविश्वास और चमत्कार जैसी बातों को बढ़ावा देता हो. इसलिए 'रामायण' जैसी धार्मिक फिल्म को वहां बड़ी सेंसरशिप से गुजरना पड़ेगा. हालांकि ऐसा इंग्लिश और चाइनीज़ के अलावा बाकी वर्जन्स में भी होता है या नहीं, ये समय आने पर ही पता चल पाएगा.
वीडियो: 'रामायण' की इंडिया रिलीज़ पर मिलने वाला है बड़ा सरप्राइज़?









