अमेरिका में दो अलग-अलग घटनाओं में भारतीय मूल के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पहला मामला अमेरिका के टेनेसी राज्य के जैक्सन शहर का है. यहां एक भारतीय मूल के कारोबारी सुरेश पटेल को एक बंदूकधारी ने उनकी बेटी के सामने गोली मारी. इस हमले में उनकी मौत हो गई. मृतक गुजरात के मेहसाणा जिले के रहने वाले थे. दूसरा मामला न्यूयॉर्क का है. यहां गुरदीप सिंह को पिज्जा डिलीवरी के दौरान गोली मार दी गई. 28 वर्षीय गुरदीप पंजाब के कपूरथला जिले के रहने वाले थे. दोनों घटनाओं के बाद भारत में उनके परिवारों में मातम है.
US में गन शूटिंग की घटनाओं में 2 भारतीयों की मौत, बेटी के सामने पिता की हत्या, आरोपी फरार
Indians Killed in America: अमेरिका में भारतीय मूल के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. दोनों अलग-अलग मामले हैं, लेकिन अब तक किसी भी केस में गिरफ्तारी नहींं हुई है. गन शूटिंग के इन मामलों से दहशत का माहौल है.

मेहसाणा जिले के आखज गांव के रहने वाले सुरेश परसोत्तमदास पटेल करीब 30 साल पहले अमेरिका गए थे. वह लंबे समय से अमेरिका में रह रहे थे. इंडिया टुडे से जुड़े मनीष मिस्त्री की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने करीब एक हफ्ते पहले ही जैक्सन सिटी में नया स्टोर शुरू किया था.
जैक्सन सिटी पुलिस के आधिकारिक बयान के मुताबिक, 20 अगस्त की रात करीब 9 बजे (अमेरिकी टाइम) एक नकाब पहना हुआ व्यक्ति उनके स्टोर में आया. आरोपी ने हथियार दिखाकर स्टोर में मौजूद लोगों से पैसे मांगे. पैसे लेने के बाद उसने कई गोलियां चलाईं. इनमें से एक गोली सुरेश पटेल को लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

इस दौरान उनकी 19 साल की बेटी भी स्टोर में मौजूद थी. बेटी के सामने ही पिता की जान चली गई. घटना का CCTV फुटेज भी आया है, जिसमें आरोपी नजर आ रहा है. जैक्सन पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ग्रे रंग की हुडी, जींस और काले जूते पहन रखे थे. उसने पेंटबॉल जैसे मास्क से अपना चेहरा ढका हुआ था. वारदात के बाद वह सफेद रंग की कार से फरार हो गया. पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है.
पिज्जा डिलीवरी के दौरान युवक का मर्डरइसके अलावा, एक और भारतीय मूल के शख्स की हत्या कर दी गई. 21 अगस्त की रात (अमेरिकी टाइम) न्यूयॉर्क में 28 साल के गुरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई. न्यूयॉर्क के रिचमंड स्ट्रीट इलाके में पिज्जा डिलीवरी के दौरान किसी हथियारबंद व्यक्ति ने उन्हें गोली मारी. परिवार का कहना है कि लूट के इरादे से यह वारदात की गई.
गुरदीप सिंह का परिवार कपूरथला जिले के बेगोवाल इलाके के गांव जाबोवाल में रहता है. इंडिया टुडे से जुड़े सुकेत की रिपोर्ट के मुताबिक, गमगीन परिवार ने बताया कि गुरदीप करीब 13 साल पहले बेहतर फ्यूचर की उम्मीद में अमेरिका गए थे.
इसके लिए परिवार ने कर्ज भी लिया था. अमेरिका पहुंचने के बाद उन्हें कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद वह लगातार मेहनत करते रहे और अपने परिवार की आर्थिक मदद कर रहे थे. गुरदीप की अभी शादी नहीं हुई थी.
यह भी पढ़ें: लंदन में भारतीय मूल के शख्स की चाकू मारकर हत्या, सात लोग गिरफ्तार, बाद में छह को छोड़ा
परिवार ने पंजाब और भारत सरकार से गुरदीप का शव जल्द भारत लाने में मदद की अपील की है. उन्होंने आरोपियों को पकड़कर कड़ी सजा दिलाने की मांग की है. फिलहाल, दोनों मामलों में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई.
वीडियो: अमेरिका में भारतीय मूल के व्यक्ति ने 71 साल के Paedophile की हत्या करने के पीछे क्या कारण बताया?











