The Lallantop

लाइव प्रोग्राम में पीएम मोदी की उनके ही कार्यकर्ता ने छीछालेदर करवा दी

आगे का सिस्टम बहुत टाइट कर दिया गया है.

Advertisement
post-main-image
पीएम नरेंद्र मोदी से एक कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ता ने पूछा एक असहज करने वाला सवाल.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता से बात करने में बहुत विश्वास करते हैं. मन की बात तो आपने सुना ही होगा. और अब तो चुनाव करीब हैं तो ये वार्तालाप और बढ़ना ही है. मोदी जी ने इसी की तर्ज पर एक कार्यक्रम शुरू किया है - मेरा बूथ, सबसे मजबूत. इसमें जनता नहीं. बीजेपी के कार्यकर्ता सीधा पीएम मोदी से सवाल जवाब करते हैं. और ये पूरी बातचीत का दौर लाइव चलता है. इसके लिए देश भर के तमाम जिले चुने गए हैं. ऐसा ही एक कार्यक्रम कुछ दिन पहले चल रहा था तमिलनाडु और पुड्डुचेरी के कार्यकर्ताओं के साथ.
modi meme

कार्यकर्ता मारे खुशी के दे मोदी जी की तारीफ के साथ सवाल पूछ रहे थे. और मोदीजी उनका हंसते खिलखिलाते जवाब दे रहे थे. पिछले 5 सालों में कितना काम हुआ, उसके आंकड़ें गिना रहे थे. एकदम - वाह मोदी जी वाह वाला माहौल था. पर इसी बीच एक कार्यकर्ता खड़ा हुआ. पुद्दुचेरी से. नाम निर्मल कुमार जैन. और जैन साहब ने पूछ दिया सवाल. ऐसा सवाल कि इस कार्यक्रम को करवाने वालों की सिट्टी पिट्टी गुम हो गई. पहले सवाल सुनिए. निर्मल ने कहा -
सरकार हर तरीके से टैक्स वसूलने में लगी हुई है. मिडिल क्लास आईटी सेक्टर, लोन मिलने की प्रक्रिया, बैंक लेनदेन फीस और पेनल्टी में राहत की उम्मीद कर रहा था. पर ऐसा नहीं हुआ. मेरी आपसे अपील है कि आपकी पार्टी की जड़ मिडिल क्लास में है. इसका आप उसी तरह से खयाल रखें, जिस तरह से आप उनसे टैक्स लेते हैं.
मामला कुछ वैसा ही हो गया. जैसा अकसर स्कूल में बच्चों के साथ होता है. जब कम नंबर आते हैं तो माता पिता से बच्चे बोलते हैं. कोर्स से बाहर के सवाल आए थे. मास्टर साहब ने कुछ पढ़ाया ही नहीं था. पर मोदी जी तो ठहरे मेधावी स्टूडेंट. दिया जवाब निर्मल को. बोले -
शुक्रिया. क्योंकि आप एक कारोबारी हैं, इसलिए आपने कारोबारी वाली बात की है. बाकि हम आपकी बात और सुझाव पर ध्यान देंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्मल को दिया आश्वासन.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्मल को दिया आश्वासन.
अब इस सवाल के बाद क्या हुआ होगा. और क्या होगा. पूरे आयोजन मंडल की जमके क्लास लगी होगी. और इसका नतीजा दिखने भी लगा है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक अब मेरा बूथ, सबसे मजबूत कार्यक्रम में सारी सेटिंग पहले कर ली जाएगी. कौन कार्यकर्ता सवाल पूछेगा. और सबसे जरूरी. क्या सवाल पूछेगा. ये पहले से ही तय कर लिया जाएगा. ताकि बाद में कोई कुछ भी न सवाल कर ले.
इसके लिए भी बाकायदा पूरा सिस्टम तैयार कर दिया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जो कार्यकर्ता पीएम से सवाल पूछना चाहते हैं. उन्हें एक फॉर्म भरना होगा, जिसमें उन्हें खुद के बारे में बताना होगा. अपने क्षेत्र की विशेषता बतानी होगी. नाम-पता तो कंपल्सरी है भी. फिर बताना होगा अपना सवाल जो वो मोदी जी से पूछना चाहता है. एक और चीज भी है. उस आदमी को सवाल पूछते हुए भी अपना एक वीडियो बनाना होगा. और इस वीडियो को 48 घंटे पहले भेजना होगा. फिर पीएमओ और नरेंद्र मोदी ऐप से जुड़े लोग इन वीडियोज में कुछ को छांटेंगे. औऱ फिर लाइव प्रोग्राम के वक्त वही लोग सवाल पूछ सकेंगे. जो छंटे हैं.
नरेंद्र मोदी ऐप के जरिए होता है ये कार्यक्रम.
नरेंद्र मोदी ऐप के जरिए होता है ये कार्यक्रम.

ये सब इसलिए होगा कि दोबारा पीएम मोदी को किसी का क्वेश्चन हर्ट न करे. वो तनु वेड्स मनू वाला हाल न हो. जैसे पप्पी भइया के साथ हुआ था. एक कॉलेज में. जब किसी ने कोई खतरनाक सवाल पूछा और पप्पी भइया बोले -
यू आर अ गुड क्वेश्चन. बट योर क्वेश्चन हर्ट मी हेयर....
खैर जो भी होगा. इस संडे को पता ही चल जाएगा कि तैयारियां दुरुस्त रहीं कि नहीं.


लल्लनटॉप वीडियो देखें-

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement