The Lallantop

दो सौतेले भाइयों की दोस्ती बाप को पसंद नहीं थी, बाप ने अपने ही बेटे के ख़िलाफ़ ये कदम उठाया!

बेटे ने बाप के ख़िलाफ़ दिया पुलिस में बयान!

Advertisement
post-main-image
बेटे की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है (फोटो: आजतक)

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के महोबा जिले में एक पिता पर अपने बेटे को गोली मारने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि पिता ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से अपने बड़े बेटे को गोली मार दी. वहीं घटना के पीछे की जो वजह बताई जा रही है, वो और हैरान करने वाली है. जानकारी के मुताबिक आरोपी पिता का छोटा बेटा अपने सौतेले बड़े भाई के साथ रह रहा था. पिता सौतेले भाइयों को साथ नहीं रहने देना चाहता था. कहा जा रहा है कि इसी विवाद में पिता ने बड़े बेटे को गोली मार दी.

Advertisement
पुलिस हिरासत में है आरोपी पिता

ये घटना महोबा के छिकहरा गांव की है. आरोप है कि 20 अक्टूबर की सुबह शिवनारायण शर्मा ने अपने बड़े बेटे सत्यनारायण को गोली मार दी. घायल बेटे के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है. आजतक के नाह‍िद अंसारी की रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी शिवनारायण शर्मा की दो पत्नियां हैं. आरोपी की पहली पत्नी अपने मायके में रहती है, जबकि दूसरी पत्नी साथ में. पहली पत्नी से बड़ा बेटा सत्यनारायण है, जबकि दूसरी पत्नी छोटा बेटा सत्यदेव शर्मा है. आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा बेटा सत्यदेव अपने सौतेले बड़े भाई सत्यनारायण के साथ रह रहा था. दोनों की अच्छी जमती भी थी. 

आरोपी के मुताबिक उसने दोनों भाइयों को साथ रहने के लिए कई बार मना किया था, पर वो नहीं मान रहे थे.  

Advertisement
गुस्से में बेटे को गोली मारी

रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी के दोनों बेटे पिछले 1 महीने से साथ रह रहे थे. आरोपी शिवनारायण और उसकी दूसरी पत्नी को यह बात पसंद नहीं थी. कई बार दोनों को मिलने से रोका गया, लेकिन वो नहीं माने. इससे गुस्साए शिवनारायण ने बड़े बेटे को गोली मार दी.

गोली से घायल बेटे को इलाज के लिए महोबा जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज के बाद उसे झांसी मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया. महोबा की SP सुधा सिंह ने बताया कि घायल बेटे ने बयान दिया है कि उसके पिता ने विवाद के तहत उसको गोली मार दी. इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. 

वीडियो- राजस्थान में दलित लड़के प्यार करने पर बाप ने गला घोंटकर मारा

Advertisement

Advertisement