रांची का एक वीडियो वायरल (Ranchi Viral Video) हो रहा है. बैंड बाजे के साथ कुछ लोग नाचते गाते नजर आ रहे हैं. लेकिन दूल्हा नहीं है. एक महिला है जिसे धूम धाम के साथ घर ले जाया जा रहा है. उसका नाम साक्षी है. कुछ साल पहले ही शादी हुई थी. इसी तरह धूमधाम के साथ. बाद में पति ने धोखा दिया तो परिवार ने बेटी को वापस बुला लिया. साक्षी के पिता प्रेम गुप्ता का मानना है कि जीवनसाथी गलत निकले तो बेटी को आदर सम्मान के साथ घर लाना चाहिए.
ससुराल वाले टॉर्चर करते थे! बैंड-बाजे के साथ बेटी को वापस ले आए पिता, देखते रह गए लोग
पिता ने पोस्ट में लिखा- जीवनसाथी या परिवार गलत निकलता है तो आपको अपनी बेटी को आदर-सम्मान के साथ अपने घर वापस लाना चाहिए क्योंकि बेटियां बहुत अनमोल होती हैं.


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साक्षी गुप्ता की शादी अप्रैल 2022 में सचिन कुमार से हुई थी. सचिन झारखंड बिजली विभाग में काम करता है. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद साक्षी को पता चला कि उसका पति पहले से ही शादीशुदा है. ससुराल वाले कथित तौर पर साक्षी को प्रताड़ित भी करते थे. जब ये बात पिता प्रेम गुप्ता को पता चली तो उन्होंने कानूनी प्रक्रिया शुरू करने से पहले बेटी को घर वापस लाने का फैसला किया. वो भी ढोल नगाड़े और आतिशबाजी के साथ.
प्रेम गुप्ता ने बेटी के स्वागत वाला वीडियो शेयर करते हुए लिखा,
जब अपनी बेटी की शादी बहुत धूमधाम से की जाती है और यदि जीवनसाथी और परिवार गलत निकलता है या गलत काम करता है तो आपको अपनी बेटी को आदर और सम्मान के साथ अपने घर वापस लाना चाहिए क्योंकि बेटियां बहुत अनमोल होती हैं
साक्षी ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत में बताया,
कई लड़कियों के साथ ऐसा होता है लेकिन वो अपने घरवालों को नहीं बताती. मैं भी ऐसी ही थी. आगे चलकर वो डिप्रेशन में चली जाती हैं या सुसाइड कर लेती हैं. मैं इससे निकल गई हूं और बहुत खुश हूं. तलाकशुदा लोगों को हमारे समाज में बहुत अजीब नजर से देखा जाता है. खासकर लड़िकयों को कोई सम्मान नहीं दिया जाता है. तलाक लेकर रहना एक बोझ की तरह महसूस होता है.
अपने ग्रैंड वेलकम को लेकर साक्षी बोलीं,
इस तरह से मेरे स्वागत का आइडिया मेरी दादी और मेरे पापा का था. उन्होंने मुझे इतना सम्मान दिया कि मैं समाज में सिर ऊंचा करके रह सकती हूं.
साक्षी ने कहा कि वो खुशकिस्मत है की उसे इतने अच्छा परिवार मिला है.





















